Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Sawan Putrada Ekadashi 2023: पुत्रदा एकादशी पर राशि अनुसार करें ये उपाय, सभी संकटों से मिलेगी निजात

Sawan Putrada Ekadashi 2023 मेष राशि के जातक पुत्रदा एकादशी पर जगत के पालनहार भगवान विष्णु को हलवे का भोग लगाएं। साथ ही भगवान नारायण को तुलसी दल अर्पित करें। हालांकि एकादशी तिथि पर तुलसी दल तोड़ना वर्जित है। इसके लिए एक दिन पूर्व ही तुलसी दल तोड़ लें। इस उपाय को करने से धन संबंधी परेशानी दूर होती है।

By Pravin KumarEdited By: Pravin KumarUpdated: Fri, 25 Aug 2023 12:38 PM (IST)
Hero Image
Sawan Putrada Ekadashi 2023: पुत्रदा एकादशी पर राशि अनुसार करें ये उपाय, सभी संकटों से मिलेगी निजात

नई दिल्ली, अध्यात्म डेस्क । Sawan Putrada Ekadashi Vrat 2023: हिन्दू पंचांग के अनुसार, 27 अगस्त को पुत्रदा एकादशी है। यह पर्व हर वर्ष सावन महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस व्रत को करने से पुत्र रत्न की प्राप्ति होती है। इसके लिए सावन माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी को पुत्रदा एकादशी कहा जाता है। इस दिन साधक विशेषकर विवाहित महिलाएं पुत्र रत्न की प्राप्ति हेतु व्रत रखती हैं। साथ ही विधि विधान से भगवान श्रीहरि विष्णु की पूजा-उपासना करती हैं। अगर आप भी अपने जीवन में व्याप्त सभी प्रकार के दुख और संकट से निजात पाना चाहते हैं, तो पुत्रदा एकादशी पर राशि अनुसार ये उपाय जरूर करें। आइए जानते हैं-

राशि अनुसार करें ये उपाय

- मेष राशि के जातक पुत्रदा एकादशी पर भगवान विष्णु को हलवे का भोग लगाएं। साथ ही भगवान नारायण को तुलसी दल अर्पित करें। हालांकि, एकादशी तिथि पर तुलसी दल तोड़ना वर्जित है। इसके लिए एक दिन पूर्व ही तुलसी दल तोड़ लें। इस उपाय को करने से धन संबंधी परेशानी दूर होती है।

- वृषभ राशि के जातक पुत्रदा एकादशी पर विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें। साथ ही भगवान विष्णु को खीर अर्पित करें। ऐसा करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

- मिथुन राशि के जातक पुत्रदा एकादशी पर गौ माता की सेवा करें। साथ ही गौ माता को चारा खिलाएं। आप चाहे तो गौशाला में आर्थिक दान भी कर सकते हैं। इस उपाय को करने से भगवान विष्णु का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

- कर्क राशि के जातक भगवान विष्णु को प्रसन्न करने के लिए कच्चे दूध से भगवान विष्णु का अभिषेक करें। इस उपाय को करने से आय और सौभाग्य में वृद्धि होती है।

- सिंह राशि के जातक जगत के पालनहार की कृपा पाने के लिए एकादशी तिथि पर पूजा वाले पान के पत्ते पर लाल चंदन या कुमकुम से 'श्री' लिखकर अर्पित करें। ऐसा करने से करियर और कारोबार में मनमुताबिक सफलता मिलती है।

- कन्या राशि के जातक पुत्रदा एकादशी तिथि पर आंवले के रस से जगत के पालनहार भगवान विष्णु का अभिषेक करें। इस उपाय को करने से मनचाही मुराद पूरी होती है।

- तुला राशि के जातक भगवान विष्णु की कृपा दृष्टि पाने के लिए एकादशी तिथि पर ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्र का कम से कम 11 माला जाप करें। शारीरिक रूप से सक्षम हैं, तो 21 माला जप करें। मंत्र जाप से जीवन में व्याप्त सभी प्रकार के दुख और संकट दूर हो जाते हैं।

- वृश्चिक राशि के जातक पुत्रदा एकादशी तिथि पर पूजा के समय ‘ॐ श्रीं ह्रीं क्लीं ग्लौं देवकीसुत गोविन्द वासुदेव जगत्पते देहि में तनयं कृष्ण त्वामहं शरणं गतः’ मंत्र का जाप करें। इस मंत्र के जाप से पुत्र रत्न की प्राप्ति होती है।

- धनु राशि के जातक पुत्रदा एकादशी तिथि पर गुलाब जल मिले चंदन से भगवान विष्णु का तिलक करें। इसके पश्चात, विधि विधान से भगवान विष्णु की पूजा करें। इस उपाय को करने से विशेष कार्य में सिद्धि प्राप्त होती है।

- मकर राशि के जातक पुत्रदा एकादशी पर पीपल की जड़ में दूध, जल और फल और फूल अर्पित करें। इस उपाय को करने से शनि दोष से मुक्ति मिलती है।

- कुंभ राशि के जातक एकादशी तिथि पर काले तिल, जूते, कंबल आदि चीजों का दान करें। इस उपाय को करने से आर्थिक तंगी दूर होती है।

- मीन राशि के जातक केसर मिश्रित दूध से भगवान विष्णु का अभिषेक करें। साथ ही हल्दी की गांठ और बेसन के लड्डु अर्पित करें। इस उपाय को करने से सभी प्रकार के शारीरिक कष्ट दूर होते हैं।

डिसक्लेमर- 'इस लेख में निहित किसी भी जानकारी/सामग्री/गणना की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है, इसके उपयोगकर्ता इसे महज सूचना समझकर ही लें। इसके अतिरिक्त, इसके किसी भी उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता की ही रहेगी।'