Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Sawan 2024: कौन हैं देवों के देव महादेव और कैसे बनें सप्तऋषियों के आराध्य गुरु?

शिव एक अघोरी हैं वह भयंकरता से परे हैं। शिव हर चीज और सबको अपनाते हैं। ऐसा वे किसी सहानुभूति करुणा या भावना के चलते नहीं करते। वे सहज रूप से ऐसा करते हैं क्योंकि वे जीवन की तरह हैं। जीवन सहज ही हरेक को गले लगाता व अपनाता है। समस्या सिर्फ आपके साथ है कि आप किसे अपनाएं व किसे छोड़ें इस प्रश्न में उलझे हैं।

By Pravin KumarEdited By: Pravin KumarUpdated: Mon, 22 Jul 2024 12:41 PM (IST)
Hero Image
Sawan 2024: सावन और भगवान शिव का संबंध

सद्गुरु (ईशा फाउंडेशन के प्रणेता आध्यात्मिक गुरु)। महादेव, महायोगी, गृहस्थ, तपस्वी, अघोरी, नर्तक...। अगर किसी एक व्यक्ति में इस सृष्टि की सारी विशेषताओं का जटिल समिश्रण मिलता है तो वह शिव हैं। यदि आपने शिव को स्वीकार कर लिया तो आप जीवन से परे जा सकते हैं। आमतौर पर पूरी दुनिया में लोग जिसे भी दैवीय या दिव्य मानते हैं, उसका वर्णन हमेशा अच्छे रूप में ही करते हैं, लेकिन यदि आप शिव पुराण पढ़ें तो आपको उसमें कहीं भी शिव का उल्लेख मात्र अच्छे या मात्र बुरे के तौर पर नहीं मिलेगा।

उनका उल्लेख सुंदरमूर्ति के तौर पर हुआ है, जिसका मतलब वह ‘सबसे सुंदर’ हैं। लेकिन इसी के साथ उसमें यह भी उल्लेख है कि शिव से ज्यादा भयावह भी कोई और नहीं हो सकता। क्योंकि वहां उन्हें एक अघोरी के रूप में भी दर्शाया गया है। यदि आपने शिव को स्वीकार कर लिया तो आप जीवन से परे जा सकते हैं। इंसान के जीवन का सबसे बड़ा संघर्ष यह चुनने का प्रयास है कि क्या सुंदर है और क्या असुंदर, क्या अच्छा है और क्या बुरा? लेकिन यदि आप हर वस्तु के इस संगम वाले व्यक्तित्व को केवल स्वीकार कर लेते हैं तो फिर आपको कोई समस्या नहीं रहेगी।

यह भी पढ़ें: ईश्वर प्राप्ति के लिए इन बातों को जीवन में जरूर करें आत्मसात


वे सबसे सुंदर हैं तो सबसे भद्दे और बदसूरत भी। यदि वे सबसे बड़े योगी व तपस्वी हैं तो सबसे बड़े गृहस्थ भी। वे सबसे अनुशासित भी हैं, सबसे बड़े नशेड़ी भी। वे महान नर्तक हैं तो पूर्णत: स्थिर भी। इस दुनिया में देवता, दानव, राक्षस सहित हर तरह के प्राणी उनकी उपासना करते हैं। शिव की कहानियों में शिव का सार निहित है। उनके लिए कुछ भी घिनौना व अरुचिकर नहीं है। शिव ने मृत शरीर पर बैठकर अघोरियों की तरह साधना की है।

घोर का मतलब है-भयंकर और अघोरी का मतलब है कि ‘जो भयंकरता से परे हो’। शिव एक अघोरी हैं, वह भयंकरता से परे हैं। शिव हर चीज और सबको अपनाते हैं। ऐसा वे किसी सहानुभूति, करुणा या भावना के चलते नहीं करते। वे सहज रूप से ऐसा करते हैं, क्योंकि वे जीवन की तरह हैं। जीवन सहज ही हरेक को गले लगाता व अपनाता है। समस्या सिर्फ आपके साथ है कि आप किसे अपनाएं व किसे छोड़ें, इस प्रश्न में उलझे हैं। यह समस्या मानसिक है, जीवन की नहीं।

यदि आपका शत्रु आपके बगल में बैठा है तो आपके भीतर मौजूद जीवन को उससे भी कोई दिक्कत नहीं होगी। अस्तित्व के स्तर पर देखा जाए तो कोई समस्या नहीं है। भारत में आध्यात्मिक प्रकृति की बात करें तो हर किसी का एक ही लक्ष्य रहा है-मुक्ति। आज भी हर व्यक्ति मुक्ति शब्द का अर्थ जानता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि देश में आध्यात्मिक विकास और मानवीय चेतना को आकार देने का काम शिव ने किया है।

आदियोगी शिव ने ही इस संभावना को जन्म दिया कि मानव जाति अपने मौजूदा अस्तित्व की सीमाओं से भी आगे जा सकती है। संसारिकता में रहना है, लेकिन इसी का होकर नहीं रह जाना है। अपने शरीर और दिमाग को हर संभव इस्तेमाल करना है, लेकिन उसके कष्टों को भोगने की आवश्यकता नहीं है। कहने का अर्थ यह है कि जीने का एक और भी तरीका है। शिव ही थे, जिन्होंने मानव मन में योग का बीज बोया। योग विद्या के मुताबिक 15 हजार वर्ष से भी पहले शिव ने सिद्धि प्राप्त की और हिमालय पर एक प्रचंड और भाव विभोर कर देने वाला नृत्य किया।

वे कुछ देर परमानंद में पागलों की तरह नृत्य करते, फिर शांत होकर पूरी तरह से निश्चल हो जाते। उनके इस अनोखे अनुभव के बारे में कोई कुछ नहीं जानता था। अंतत: लोगों की दिलचस्पी बढ़ी और वे इसे जानने को उत्सुक होकर धीरे-धीरे उनके पास पहुंचने लगे। लेकिन उनके हाथ कुछ नहीं लगा क्योंकि आदि योगी तो इन लोगों की मौजूदगी से पूरी तरह बेखबर थे। उन्हें यह पता ही नहीं चला कि उनके इर्दगिर्द क्या हो रहा है! उन लोगों ने वहीं कुछ देर इंतजार किया और फिर थक हारकर वापस लौट आए। लेकिन उन लोगों में से सात लोग (सप्तऋषि) ऐसे थे, जो थोड़े हठी किस्म के थे।

यह भी पढ़ें: शबरी के हृदय में भगवान की लीलाओं का होता है साक्षात्कार

उन्होंने ठान लिया कि वे शिव से जानकर ही रहेंगे। अंत में उन्होंने शिव से प्रार्थना की, उन्हें इस रहस्य के बारे में बताएं। शिव ने उनकी बात नहीं मानी और कहने लगे, ’यदि तुम अपनी इस स्थिति में लाखों वर्ष भी बिता दोगे तो भी इस रहस्य को नहीं जान पाआगे। इसके लिए अधिक तैयारी की आवश्यकता है। यह मनोरंजन नहीं है।’ ये सात लोग कहां पीछे हटने वाले थे। शिव की बात को उन्होंने चुनौती की तरह लिया और तैयारी शुरू कर दी। दिन, सप्ताह, महीने, साल गुजरते गए और ये लोग तैयारियां करते रहे, लेकिन शिव थे कि उन्हें नजरअंदाज करते जा रहे थे।

84 वर्षों की लंबी साधना के बाद आदियोगी शिव ने इन सात तपस्वियों को देखा तो पाया कि साधना करते-करते वे इतने पक चुके थे कि ज्ञान प्राप्त करने के लिए तैयार थे। शिव ने इन सातों का गुरु बनने का निर्णय लिया। इस तरह शिव ने स्वयं को आदिगुरु में रूपांतरित कर लिया। केदारनाथ से थोड़ा ऊपर जाने पर एक झील है, जिसे कांति सरोवर कहते हैं। इस झील के किनारे शिव दक्षिण दिशा की ओर मुड़कर बैठ गए और अपनी कृपा लोगों पर बरसानी शुरू कर दी। इस तरह योग विज्ञान का संचार होना शुरू हुआ।