Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Indian Railway: पर्यावरण संरक्षण में मिसाल बनेगा आगरा कैंट रेलवे स्टेशन, जल्द बदलेगा Green Station में

Indian Railway कैंट स्टेशन को ग्रीन स्टेशन बनाने की चल रही कवायद। 2021 में कैंट स्टेशन को बनाया जाएगा माडल स्टेशन। स्टेशन पर कूड़ा प्रबंधन के लिए स्टेशन पर 36 लाख रुपये की लागत से बायो गैस प्लांट लगाया गया है।

By Tanu GuptaEdited By: Updated: Tue, 05 Jan 2021 04:32 PM (IST)
Hero Image
जल्द बदलेगी आगरा कैंट स्टेशन की सूरत।

आगरा, जागरण संवाददाता। पर्यावरण संरक्षण के लिए आगरा कैंट रेलवे स्टेशन मिसाल बनेगा। स्टेशन को ग्रीन स्टेशन का दर्जा दिलाने की कवायद चल रही हैं। इसके लिए आगरा रेल मंडल काम भी कर रहा है। स्टेशन पर पर्यावरण सरंक्षण के लिए कई इंतजाम किए गए हैं। वर्ष 2021 में कैंट स्टेशन को पर्यावरण संरक्षण के रूप में माडल स्टेशन बनाया जाएगा।

पर्यावरण संरक्षण के लिए रेलवे लगातार काम कर रहा है। इसके चलते ही आगरा कैंट रेलवे स्टेशन को पर्यावरण संरक्षण की मिसाल के रूप में तैयार किया जा रहा है। आगरा रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आशुतोष सिंह ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए कैंट स्टेशन को ग्रीन स्टेशन के मापदंड के अनुसार तैयार किया जा रहा है। इसमें कूड़ा प्रबंधन के लिए स्टेशन पर 36 लाख रुपये की लागत से बायो गैस प्लांट लगाया गया है। इस प्लांट से स्टेशन से निकलने वाले कूड़े का इस्तेमाल किया जा रहा है। जल संरक्षण के लिए कोच डिपो में ट्रेनों की धुलाई के लिए आटोमैटिक वाशिंग प्लांट लगाया गया है। इस प्लांट से हर दिन सैकड़ों लीटर पानी की बचत की जा रही है। इसके अलावा स्टेशन पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट भी लगाया जा रहा है। इस प्लांट से एक लाख लीटर सीवेज काे ट्रीट कर दोबारा इस्तेमाल के लायक बनाया जाएगा। इस पानी का बागवानी और सफाई में प्रयोग किया जाएगा। स्टेशन पर हरियाली के लिए भी काम किया जा रहा है। स्टेशन के बाहर पिछले दिनों फाउंटेन लगाया गया है। इस फाउंटेन के आसपास ग्रीन पैच बनाया गया है। स्टेशन के पास एक पार्क भी बनाया गया है। चारों तरफ हरियाली ही हरियाली दिखाई देती है। रेलवे ट्रैक किनारे भी पौधे लगाए गए हैं। इसके अलावा प्लास्टिक की बोतलों को रिसाइकिल करने के लिए स्टेशन पर बोतल क्रसिंग मशीन भी लगी हुई है। गीला और सूखा अलग-अलग इकट्ठा करने के लिए कूडे़दान लगे हैं।

सोलर एनर्जी को दिया जा रहा बढ़ावा

सौर ऊर्जा के प्रयोग में भी आगरा रेल मंडल ने तेजी से कदम बढ़ाए हैं। आगरा रेल मंडल में अलग-अलग स्टेशन पर11508 मेगा वाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए गए हैं। इसमें सबसे ज्यादा आगरा कैंट स्टेशन पर 775 किलोवाट का प्लांट लगा है। इसके अलावा डीआरएम कार्यालय में 10 किलोवाट, रेलवे हास्पीटल 55 किलोवाट का प्लांट लगा है।

ये हैं ग्रीन स्टेशन के मापदंड

स्टेशन पर प्रापर वेंटिलेशन, कूड़ा प्रबंधन प्रणाली, ऊर्जा बचत के लिए डे-लाइट मैनेजमेंट, परिसर में पार्क, निर्माण व नवीनीकरण के लिए पर्यावरण अनुकूल उत्पादों का अधिकतम प्रयोग, जल व ऊर्जा दक्षता के अलावा हरित पहल, दिव्यांगजनों के उपयोग के लिए अनुकूल डिजायन, बेहतर पार्किंग व्यवस्था, पैदल यात्रियों और गाड़ियों के आवागमन के लिए बेहतर प्रबंधन आदि। 

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें