Agra News: ताजमहल में नमाज पढ़ने का वीडियाे वायरल, मची खलबली, एसएसआइ और सीआइएसएफ जुटे जांच में
Agra News केवल शुक्रवार को ही ताजमहल में पढ़ी जा सकती है नमाज। रविवार का बताया जा रहा है इंटरनेट मीडिया में प्रचारित वीडियो। अखिल भारत हिंदू महासभा ने कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्रदर्शन करने की घोषणा भी की है।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजमहल में एक बार फिर पर्यटकों द्वारा नमाज पढ़े जाने का मामला सामने आया है। उद्यान में नमाज पढ़ते पर्यटक का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रचारित हो रहा है। पर्यटक के नजदीक एक महिला भी बैठी हुई है। पूर्व में भी ऐसे मामले सामने आते रहे हैं। विभागीय अधिकारी वीडियो की जांच की बात कह रहे हैं। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के एक्ट के अनुसार किसी भी स्मारक में परंपरागत और प्रचलित गतिविधि के अलावा अन्य कोई काम नहीं हो सकता है। ताजमहल में केवल शुक्रवार या ईद पर ही नमाज हो सकती है।
ताजमहल में नमाज पढ़ते पुरुष एवं महिला। वीडियाे से लिया गया चित्र।
शुक्रवार को साप्ताहिक बंदी के बावजूद दोपहर दो घंटे के लिए ताजमहल को केवल स्थानीय नमाजियों के लिए खोला जाता है। इसके बावजूद यहां आए-दिन पर्यटकों द्वारा नमाज पढ़ने के मामले सामने आते रहते हैं। इंटरनेट मीडिया में प्रचारित हो रहे वीडियो में ताजमहल के उद्यान में सफेद कुर्ता-पाजामा पहना हुआ व्यक्ति नमाज पढ़ता नजर आ रहा है। उसके नजदीक ही एक महिला भी बैठी हुई है। वीडियो प्रचारित होने के बाद एएसआइ और सीआइएसएफ में हलचल मची हुई है। अखिल भारत हिंदू महासभा ने कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्रदर्शन करने की घोषणा भी की है।
अधीक्षण पुरातत्वविद् डा. राजकुमार पटेल ने बताया कि रविवार को ताजमहल देखने 30 हजार से अधिक पर्यटक आए थे। वीडियो की जांच कराई जा रही है। यह रविवार का ही है या पुराना, यह कहना मुश्किल है।
मई में पकड़े थे चार पर्यटक
मई में ताजमहल के अंदर नमाज पढ़ने पर हैदराबाद के चार पर्यटकों को पकड़ा गया था। सीआइएसएफ ने उन्हें ताजगंज पुलिस को सौंपा था। उनके खिलाफ कार्रवाई की गई थी। पिछले माह भी स्मारक में नमाज पढ़े जाने का मामला सामने आया था।