Move to Jagran APP

Agra Weather Update: गर्म हवाओं के थपेड़ों ने किया परेशान, चार दिन हीट वेब का अलर्ट, चौथा गर्म शहर रहा आगरा

Agra Ka Mausam लू भरी तपिश ने प्रदेश में दिया चौथा स्थान। 16 जून तक चलेगी लू फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ।सुबह से शाम तक गर्मी के प्रकोप ने किया परेशान। दोपहर में सड़कों पर रहने लगा सन्नाटा। छांव की तलाश में रहते हैं लोग।

By Jagran NewsEdited By: Abhishek SaxenaUpdated: Tue, 13 Jun 2023 07:30 AM (IST)
Hero Image
लू भरी तपिश ने प्रदेश में दिया चौथा स्थान।
आगरा, जागरण संवाददाता। लू झेलने के लिए शहरवासी फिर से तैयार हो जाएं। मौसम विभाग ने चार दिन तक हीट वेव यानी लू चलने की संभावना व्यक्त की है। इससे अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि होगी। अधिकतम 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पहुंचने का संभावना है। सोमवार को प्रदेश में आगरा गर्मी में चौथे स्थान पर रहा।

चिलचिलाती धूप कर रही परेशान

हफ्ते की शुरुआत ही तेज धूप और चिलचिलाती गर्मी के साथ हुई। सोमवार सुबह से ही सूरज के तेवर तीखे थे।सात बजे से ही पसीना टपकना शुरू हो गया था। लोगों ने सुबह की सैर का समय भी बदल दिया है। अब सात की बजाय सुबह छह बजे तक लोग सैर कर अपने घर वापस लौट जाते हैं। सुबह 11 बजे से लू चलने लगी, जिसने परेशान को और बढ़ा दिया। पूरा दिन चली लू ने शरीर की पूरी शक्ति खींच ली। सुबह कोचिंग के लिए निकले बच्चे और कार्यालयों के लिए निकले लोग खुद को सूरज की तपिश सेबचाने के लिए पूरी तरह ढक कर निकले। नींबू पानी, गन्ने के रस, जूस आदि की ठेलों पर लोगों की भीड़ बना रही।

गर्मी का सितम अभी सहना होगा

मौसम विभाग की मानें तो अभी गर्मी का सितम ऐसा ही रहेगा। 16 जून तक लू चलेगी। 16 जून के बाद फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। मौसम विज्ञानी डा. दानिश के अनुसार अधिकतम 45.6 डिग्री सेल्सियस के साथ पहले, दूसरे पर 45.1 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रयागराज, तीसरे पर 44.1 डिग्री सेल्सियस के साथ कानपुर, चौथे पर 43.8 डिग्री सेल्सियस के साथ आगरा और पांचवे स्थान पर 43.5 डिग्री सेल्सियस के साथ बस्ती रहा। 

धूप में आने लगे चक्कर, हीट स्ट्रोक से उल्टी दस्त

धूप में निकलने पर चक्कर आ रहे हैं। गला सूख रहा है और पैरों में जलन और दर्द हो रहा है। इसके साथ ही बच्चों से लेकर बुजुर्गों को उल्टी दस्त और पेट दर्द की समस्या हो रही है। सरकारी और निजी अस्पताल में उल्टी दस्त के मरीज बढ़ गए हैं। तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। ऐसे में शरीर का तापमान नियंत्रित करने वाला सिस्टम हाइपोथैलमस गड़बड़ाने लगा है। धूप में ज्यादा देर तक रहने से हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ रहा है।

धूप में खेल रहे बच्चे

एसएन मेडिकल कालेज के बाल रोग विभाग के अध्यक्ष डा. नीरज यादव ने बताया कि स्कूलों की छुटटी चल रही है, बच्चे धूप में खेल रहे हैं। इससे हीट स्ट्रोक के कारण उल्टी दस्त की समस्या हो रही है।

  • फास्ट फूड के साथ बाजार का खाना खाने और दूषित पानी से भी उल्टी दस्त की समस्या बढ़ रही है।
  • वार्ड में भर्ती 70 प्रतिशत मरीज उल्टी दस्त और डीहाइड्रेशन से पीड़ित हैं।
ये करें

  • धूप में बाहर निकलने से बचें धूप में जाना पड़े तो छाता लेकर जाएं
  • खाली पेट ना रहें, पानी का सेवन अधिक करें
  • शिकंजी, छाछ का सेवन करें चाय काफी कम पीएं
  • ज्यादा चिकनाई युक्त भोजन ना लें
आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।