Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'हमारा गठबंधन मोदी को...' राहुल की अधूरी बात को अखिलेश ने किया पूरा, बताया- यात्रा के नाम में क्यों जोड़ा 'न्याय' शब्द

अखिलेश अपनी कार छोड़कर राहुल की खुली जीप पर सवार हो गए। यह देख कार्यकर्ता जोश से नारे लगाने लगे। यहां से राहुल प्रियंका और अखिलेश करीब डेढ़ किलोमीटर तक खुली जीप में यात्रा के साथ चले। दोनों की ‘बाडी लैंग्वेज’ से लेकर भीड़ को रिझाने का तौर-तरीका एक जैसा नजर आ रहा था। दोनों में बढ़ती नजदीकियां बहुत कुछ कह गईं।

By Jagran News Edited By: Aysha Sheikh Updated: Mon, 26 Feb 2024 01:01 PM (IST)
Hero Image
'हमारा गठबंधन मोदी को...' राहुल की अधूरी बात को अखिलेश ने किया पूरा

जागरण संवाददाता, आगरा। मिलकर बिछुड़ना और फिर मिलना। विधानसभा चुनाव में ‘यूपी को यह साथ पसंद है’ टैगलाइन के साथ दिखाई दी राहुल और अखिलेश की जोड़ी लोकसभा चुनाव से पहले यहां एक मंच पर दिखाई दी तो समर्थकों का उत्साह दोगुना हो गया। भारत जोड़ो न्याय यात्रा में पहली बार शामिल हुए अखिलेश का राहुल ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

वहीं अखिलेश ने भी राहुल की लाइन को आगे बढ़ाया- 'हम और राहुल नफरत को मिटाने का संदेश लेकर निकले हैं।’ दोनों ही नेता अपने भाषणों में एक दूसरे की बात को आगे बढ़ाते नजर आए। ऐसे लगा, मानो दोनों की स्क्रिप्ट एक ही व्यक्ति ने लिखी हो। राहुल के आगरा पहुंचने से एक घंटा पहले ही अखिलेश आगरा पहुंच गए। हाथरस की ओर से न्याय यात्रा के पहुंचते ही राहुल और अखिलेश गर्मजोशी से मिले।

राहुल की खुली जीप पर सवार हुए अखिलेश

अखिलेश अपनी कार छोड़कर राहुल की खुली जीप पर सवार हो गए। यह देख कार्यकर्ता जोश से नारे लगाने लगे। यहां से राहुल, प्रियंका और अखिलेश करीब डेढ़ किलोमीटर तक खुली जीप में यात्रा के साथ चले। दोनों की ‘बाडी लैंग्वेज’ से लेकर भीड़ को रिझाने का तौर-तरीका एक जैसा नजर आ रहा था। दोनों में बढ़ती नजदीकियां बहुत कुछ कह गईं। दोनों नेताओं का अंदाज एक था, मगर लिबास अलग।

अखिलेश का लिबास जहां पूरी तरह उत्तर प्रदेश और ग्रामीण इलाके का नेता स्थापित करने में मददगार नजर आया तो राहुल टी-शर्ट में थे। अखिलेश सफेद कुर्ता-पायजामा और सिर पर लाल टोपी पहने थे। राहुल, अखिलेश और प्रियंका गांधी वाड्रा ने डा. बीआर आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा कि देश में अन्याय का दौर चल रहा है। इसलिए अपनी यात्रा के साथ न्याय जोड़ा है।

अब तो अखिलेश भी हमारे साथ हैं। हमारा गठबंधन केंद्र से नरेन्द्र मोदी की सरकार को उखाड़ फेकेंगा। अखिलेश ने कहा, हम और राहुल नफरत को मिटाने का संदेश लेकर निकले हैं। वर्तमान में देश संकट में है। अखिलेश ने भाजपा हटाओ, देश को बचाओ और संकट मिटाओ का नारा दिया। यमुना किनारा से माल रोड पर यह यात्रा से अलग हो गए। यहां से यात्रा सैंया के तेहरा गांव के लिए रवाना हुई।

जिनके साथ अन्याय हुआ, उनके लिए निकालें न्याय यात्रा : प्रमोद

संभल : कांग्रेस में जिन नेताओं के साथ अन्याय हुआ है, उनके लिए भी राहुल गांधी न्याय यात्रा निकालें। कांग्रेस से निष्कासित कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि पार्टी की कमान प्रियंका वाड्रा को सौंपी जाए। कांग्रेस के पास कोई भी समझदार नेता नहीं है।

राहुल से जरूर कहना चाहूंगा कि वह एक न्याय यात्रा कांग्रेस के उन वरिष्ठ नेताओं के लिए अवश्य निकालें, जिनके साथ पार्टी में बड़ा अन्याय हुआ है। इनमें से कुछ इंदिरा गांधी के साथ रहे हैं तो कुछ राजीव और सोनिया गांधी के साथ। उन्होंने दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, पी. चिदंबरम, भूपेंद्र हुड्डा, आनंद शर्मा, सलमान खुर्शीद का नाम भी लिया।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर