Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Green Field Expressway: यूपी में बनने वाला है 65KM लंबा 4 लेन एक्सप्रेसवे, 1 घंटे में पहुंच जाएंगे आगरा से अलीगढ़

आगरा-अलीगढ़ ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण मार्च 2025 से शुरू होगा। 65 किमी लंबे चार लेन के एक्सप्रेसवे निर्माण पर 3200 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। एक्सप्रेसवे बनने से आगरा से अलीगढ़ पहुंचने में समय ढाई घंटे से घटकर एक घंटे रह जाएगा। बता दें कि आगरा-अलीगढ़ के बीच बनने वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की घोषणा डेढ़ वर्ष पूर्व की गई थी।

By Jagran News Edited By: Aysha Sheikh Updated: Fri, 04 Oct 2024 02:54 PM (IST)
Hero Image
मार्च से शुरू होगा आगरा-अलीगढ़ ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण - प्रतीकात्मक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, आगरा। आगरा-अलीगढ़ ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे का निर्माण मार्च 2025 से शुरू होगा। 65 किमी लंबे चार लेन के एक्सप्रेसवे निर्माण पर 3200 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। गुरुवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर 1796 करोड़ रुपये की मंजूरी की जानकारी दी। एक्सप्रेसवे बनने से आगरा से अलीगढ़ पहुंचने में समय ढाई घंटे से घटकर एक घंटे रह जाएगा।

आगरा-अलीगढ़ के बीच बनने वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की घोषणा डेढ़ वर्ष पूर्व की गई थी। यमुना एक्सप्रेसवे स्थित खंदौली टोल प्लाजा से जुड़ते हुए असरोई हाथरस होकर अलीगढ़ के नेशनल हाईवे-91 से जोड़ा जाएगा। इसके लिए 390 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण शुरू हो गया है। आगरा में एक्सप्रेसवे खंदौली, रामनगर, मुलूपुर और पैंतीखेड़ा से होकर गुजरेगा, इसके लिए चार गांवों की 29 हेक्टयर भूमि ली जा रही है।

दो पैकेज में बनेगा ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) आगरा खंड के परियोजना निदेशक संजय वर्मा ने बताया कि ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे दो पैकेज में बनेगा। अलीगढ़ स्थित नेशनल हाईवे-91 से लेकर असरोई हाथरस तक 28 किमी लंबा होगा। पहले पैकेज का टेंडर खुल गया है। सप्ताहभर में वित्तीय बिड खुलेगी।

दूसरा पैकेज असरोई से लेकर यमुना एक्सप्रेसवे खंदौली टोल प्लाजा तक 37 किमी लंबा होगा। गुरुवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने एक्स पर 1796 करोड़ रुपये के दूसरे पैकेज की लागत के साथ स्वीकृति की जानकारी दी। मंत्री ने लिखा है कि एक्सप्रेस वे बनने से आगरा, हाथरस और अलीगढ़ जिले की बाहरी सीमा से होकर गुजरेगा। इससे नई दिल्ली, आगरा, ग्रेटर नोएडा आने-जाने वाले यातायात को कम करेगा।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें