Move to Jagran APP

Agra News: आगरा का जानलेवा नाला; मॉर्निंग वॉक के लिए गए थे बुजुर्ग कारोबारी, 24 घंटे बाद नाले में पड़ा मिला शव

शाहगंज के गोविंद नगर स्थित साकेत हॉस्पीटल के सामने नाले में मिला बुजुर्ग कारोबारी का शव। गोविंद नगर के रहने वाले थे अशोक जैन। शाहगंज थाने में दर्ज थी गुमशुदगी। स्वजन उन्हें मंगलवार से तलाश कर रहे थे। स्वजन ने बताया कि अशाेक जैन हर दिन टहलने जाते थे। मंगलवार को वे नहीं लौटे इसके बाद उनकी तलाश कर रहे थे।

By Jagran NewsEdited By: Abhishek SaxenaUpdated: Wed, 20 Dec 2023 10:43 AM (IST)
Hero Image
Agra News: मार्निग वाक काे गए वृद्ध कारोबारी का शव 24 घंटे बाद नाले में पड़ा मिला
जागरण संवाददाता, आगरा। शाहगंज में मंगलवार मॉर्निंग वॉक को गए बुजुर्ग कारोबारी का शव 24 घंटे बाद गोविंद नगर में साकेत हॉस्पीटल के सामने नाले में मिला। गोविंद नगर के रहने वाले 72 वर्षीय अशोक जैन मंगलवार सुबह घर से रोज की तरह टहलने निकले थे। इसके बाद से लापता थे।

स्वजन ने खोजबीन के बाद सुराग नहीं लगने पर शाहगंज थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बुधवार सुबह राहगीरों ने वृद्ध का शव नाले में पड़ा देख इसकी सूचना पुलिस को दी। अशोक जैन के स्वजन ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की।

सुबह जाते थे टहलने

स्वजन ने पुलिस को बताया अशोक जैन रोज सुबह टहलने जाते थे। मंगलवार सुबह भी वह टहलने निकले थे। कई घंटे बाद भी जब नहीं लौटे ताे उनकी खोजबीन शुरू की। परिचितों और रिश्तेदारों के यहां पता किया लेकिन अशोक जैन का सुराग नहीं लगा। इस पर शाहगंज थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। स्वजन अपने स्तर से उनकी तलाश में जुटे थे। वह पहले कारोबार करते थे। अब उनके बच्चे कारोबार संभालते हैं।

बुधवार सुबह लोगों ने नाले में शव पड़ा देख इसकी जानकारी पुलिस को दी। तलाश में जुटे स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अशोक जैन के शव की पहचान की।

ये भी पढ़ेंः यूपी के इस मंदिर में बालक के रूप में रखा जाता है ठाकुरजी का ध्यान, ठंड से बचाने के लिए उपाए शुरू, राधारानी ने धारण किए गर्म वस्त्र

प्रभारी निरीक्षक शाहगंज आलोक सिंह ने बताया कि स्वजन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। पंचनामा की कार्रवाई कर शव स्वजन को सौंप दिया।

पूर्व में बच्चे की नाले में गिरकर हो चुकी है मृत्यु

खुले नाले को लेकर नगर निगम पर सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि नाले में पहले भी हादसे हो चुके हैं। चार वर्ष पहले भी एक बच्चे की नाले में गिरकर मृत्यु हो गई थी। 

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।