Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP Politics: लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ अपने विधायकों से मिले; पूछा ये सवाल...

UP News मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने के लिए आगरा के आठ विधायक पहुंचे थे। लेकिन फतेहपुर सीकरी से चौधरी बाबूलाल नहीं गए। थानों में दलालों की सक्रियता होने की बात एक विधायक ने की। वहीं लोकसभा चुनाव में हार के कारणाें पर एक विधायक ने कहा कि विपक्ष ने संविधान खत्म करने का गलत भम्र फैला दिया। वहीं बिजली चोरी पर एक्शन भी हार की वजह बना।

By Jagran News Edited By: Abhishek Saxena Updated: Sat, 13 Jul 2024 10:43 AM (IST)
Hero Image
अपने आवास पर आगरा मंडल के विधायकों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ । सौजन्य: भाजपा

जागरण संवाददाता, आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शुक्रवार को आगरा मंडल के विधायक उनके आवास पर मिले। मुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनाव की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने उन विधायकों से सीधे सवाल किए, जिनके क्षेत्र में विधान सभा चुनाव की अपेक्षा वोट कम मिले।

मुख्यमंत्री ने समीक्षा के बाद जब विधायकों से उनकी बात पूछी तो विधायकों ने खुलकर शिकायत की। आगरा के एक विधायक ने तहसील और थानों में सक्रिय दलालों का मुद्दा उठाया। अन्य विधायकों ने भी उनकी बात का समर्थन किया। मथुरा के विधायकों ने भी अधिकारियों के न सुनने की शिकायत मुख्यमंत्री से की।

आगरा के आठ विधायक मिलने पहुंचे थे

मुख्यमंत्री से मिलने आगरा जनपद के आठ विधायक पहुंचे थे। फतेहपुर सीकरी के विधायक चौ. बाबूलाल इनमें शामिल नहीं थे। मुख्यमंत्री आवास पर शाम 6.45 से 7.45 बजे तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायकों से बात की।

लोकसभा चुनाव में जिन विधान सभा क्षेत्रों में विधान सभा चुनाव की अपेक्षा कम वोट मिले, उनसे सवाल किए। मुख्यमंत्री ने कम वोट मिलने का कारण पूछा? कुछ विधायकों ने बताया कि लोकसभा चुनाव के दौरान विपक्ष ने संविधान खत्म करने का भ्रम फैला दिया था। इसके कारण कुछ वोट कट गए। इसके साथ ही बिजली विभाग, जीएसटी व अन्य विभागों के चुनाव के समय छापों का भी नकारात्मक प्रभाव पड़ा है।

मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों से अभी से सक्रियता बढ़ाने को कहा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जाएं और जनता को सरकार की नीतियों के बारे में बताएं। उनकी हर समस्या का समाधान कराएं। दूसरे दलों को मौका न दें कि वे भ्रम फैला सकें।

देहात के एक विधायक ने कहा कि तहसील और थानों में दलाल सक्रिय हैं। इसके कारण छवि खराब हो रही है। अन्य विधायकों ने भी उनकी बात का समर्थन किया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इनकी सूची भेजिए। कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने फिरोजाबाद और सहारनपुर में की गई कार्रवाई की नजीर भी दी।

ये भी दिए निर्देश

  • मतदाता सूची का अभी से अध्ययन करें
  • वोट बढ़ाने का कार्य कराएं
  • ऐसे लोगों की सूची बनाएं, जिन्होंने 2022 के चुनाव में वोट दिए, लेकिन 2024 में नहीं दिए
  • ऐसे लोगों की सूची बनाएं, जिन्होंने 2022 में वोट नहीं दिए थे, लेकिन 2024 में दिए
  • ऐसे लोगों को भी सूचीबद्ध करें, जिन्होंने 2022 और 2024 दोनों में वोट नहीं दिए या दोनों में दिए
  • जनता के बीच जाकर उनकी समस्या सुनें और समाधान कराएं

ये भी पढ़ेंः UP News: यूपी के स्कूल में सिखाए जाएंगे संस्कार, टीचर नहीं पहन सकेंगे जींस-टीशर्ट; क्लास रूम में नंगे पैर...

ये भी पढ़ेंः UP News: अलीगढ़ में छात्रों ने कुलपति को बंधक बनाया, सड़क से लेकर VC कक्ष तक हंगामा; जानबूझकर फेल करने का आरोप

ये विधायक मिले सीएम से

मुख्यमंत्री से मिलने आगरा से उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबीरानी मौर्य, विधायक पक्षालिका सिंह, विधायक डा. धर्मपाल सिंह, विधायक डा. जीएस धर्मेश, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक भगवान सिंह कुशवाह, विधायक पक्षालिका सिंह के साथ ही मथुरा के चार, मैनपुरी के एक और फिरोजाबाद के एक विधायक मौजूद रहे। विधायकों से एक घंटे तक बातचीत के बाद मुख्यमंत्री ने उनके साथ भोजन भी किया