Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Agra News: एमजी रोड पर इलेक्ट्रिक बसों से सफर करते हैं तो जरा संभल कर, तीन महीने बदले रूट से चलेंगी गाड़ियां

Agra Metro Station Work Update News आगरा में आठ से हरीपर्वत चौराहा से एसएन कट तक इलेक्ट्रिक बसें नहीं चलेंगी। आगरा कॉलेज पर मेट्रो के भूमिगत स्टेशन का निर्माण कार्य चल रहा है। जिसके कारण शहर की यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया जाएगा। सात अगस्त से ये प्रभावी हो जाएगा। यातायात पुलिस और मेट्रो के मार्शल ट्रैफिक व्यवस्था में सहयोग करेंगे।

By Jagran News Edited By: Abhishek Saxena Updated: Mon, 05 Aug 2024 09:34 AM (IST)
Hero Image
Agra News: आगरा में मेट्रो के कार्य के कारण इलेक्ट्रिक बसों का संचालन बदला जाएगा।

जागरण संवाददाता आगरा। Agra News: अगर आप एमजी रोड पर इलेक्ट्रिक बसों से सफर करते हैं तो आठ अगस्त से जरा संभल कर। आगरा कॉलेज मैदान में भूमिगत मेट्रो स्टेशन का कार्य चल रहा है। तीन माह के लिए रूट में बदलाव किया गया है। हरीपर्वत चौराहा से एसएन मेडिकल कॉलेज कट तक कोई भी इलेक्ट्रिक बस नहीं चलेगी। डायवर्ट रूट से 70 बसों का संचालन किया जाएगा। अगर आप सेंट जोंस या फिर राजा की मंडी चौराहा जाना चाहते हैं तो पैदल, ई-रिक्शा, ऑटो या फिर रिक्शा से इस दूरी को तय करना होगा।

सौ बसें होती हैं संचालित

शहर में हर दिन डेढ़ दर्जन रूट में 100 इलेक्ट्रिक बसें सुबह पांच से रात 11 बजे तक संचालित होती हैं। सबसे अधिक एमजी रोड से होकर 65 बसें चलती हैं। हर दिन 20 हजार यात्री सफर करते हैं। तीन लाख रुपये की आय होती है। परीक्षा या फिर अन्य बड़ा कार्यक्रम होने पर यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है।

आगरा कॉलेज मैदान में हो रहा भूमिगत स्टेशन का निर्माण

उप्र मेट्रो रेल कॉरपोरेशन आगरा कॉलेज मैदान में भूमिगत स्टेशन का निर्माण कर रही है। टनल बोरिंग मशीन से खोदाई चल रही है। जिसके चलते मैदान के ठीक सामने भारी वाहनों का संचालन नहीं होगा। पुलिस ने सात अगस्त की रात 11 बजे से ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया है। इलेक्ट्रिक बसों पर इसका असर आठ अगस्त की सुबह से दिखेगा।

सिटी बस सेवा के प्रभारी अभय सिंह ने बताया कि हरीपर्वत चौराहा से एसएन कट के मध्य बसों का संचालन नहीं होगा। इस दूरी को यात्रियों को अपने तरीके से तय करना होगा। पुलिस द्वारा निर्धारित रूट पर बसें चलेंगी। यात्रियों को दिक्कत न हो, इसके चलते जगह जगह बसों को रोका जाएगा। एमजी रोड पर बसों की संख्या में भी कमी की जाएगी। इसके बदले दूसरे रूट पर बसें चलेंगी।

आगरा में मेट्रो का कार्य चल रहा है।

कलेक्ट्रेट पहुंचने में लगेंगे 45 से 55 मिनट

भगवान टॉकीज चौराहा से लेकर अवंतीबाई चौराहा तक एमजी रोड की लंबाई साढ़े छह किमी है। इस दूरी को तय करने में इलेक्ट्रिक बसों को 30 से 35 मिनट का समय लगता है लेकिन आठ अगस्त से भगवान टाकीज चौराहा से कलेक्ट्रेट पहुंचने में 45 से 55 मिनट का समय लगेगा। वहीं अवंतीबाई चौराहा तक पहुंचने में एक घंटे तक लग सकता है।

ये भी पढ़ेंः Iqra Hasan: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने संसद में की कैराना सांसद की तारीफ, इकरा हसन ने दिया धन्यवाद

आसान नहीं होगा व्यवस्थित करना

पुलिस-प्रशासन के लिए ई-रिक्शा, ऑटो, रिक्शा को व्यवस्थित करना आसान नहीं होगा। वाहन चालकों की मनमानी से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

जाम के झाम को झेलने के लिए रहिएगा तैयार

एमजी रोड से होकर हर दिन एक लाख के आसपास दो और चार पहिया वाहन गुजरते हैं। एमजी रोड पर ट्रैफिक डायवर्ट होने का असर लिंक रोड पर भी पड़ेगा। ऐसे में जाम लगने से इनकार नहीं किया जा सकता है। एमजी रोड के किनारे दो दर्जन स्कूल-कॉलेज भी हैं।

ये भी पढ़ेंः UP Weather News: महोबा-झांसी में आज भारी बारिश की चेतावनी, कैसा रहेगा यूपी में मौसम का हाल; देखें लेटेस्ट अपडेट

एमजी रोड पर यह रहेगा परिवर्तित मार्ग बाहरी मार्ग परिवर्तन

  • भगवान टॉकीज से क्लब चौराहे होकर जाने वाले भारी वाहन दक्षिणी बाईपास से यमुना किनारे होकर जाएंगे।
  • ग्वालियर रोड से भारी वाहन क्लब चौराहे से यमुना किनारा होकर जाएंगे।
  • शमशाबाद रोड से आने वाले भारी वाहन फूल सैय्यद चौराहे से यमुना किनारा होकर जाएंगे।
  • जयपुर रोड से आने वाले भारी वाहन सुभाष पार्क से कलेक्ट्रेट से यमुना किनारा होकर जाएंगे।
  • फतेहाबाद से आने वाले भारी वाहन रमाडा से इनर रिंग रोड होकर जाएंगे।

आंतरिक मार्ग परिवर्तन

जाम की स्थिति में हल्के वाहनों का मार्ग परिवर्तन किया जाएगा।

  • कलेक्ट्रेट से भगवान टॉकीज जाने वाले हल्के वाहन एसएन इमरजेंसी कट से अस्पताल रोड से रघुनाथ टॉकीज व सेंट जोंस होकर जाएंगे।
  • सूरसदन से कलेक्ट्रेट जाने वाले हल्के वाहन हरीपर्वत से मदिया कटरा लोहामंडी, एसीपी लोहामंडी, पचकुइयां से सुभाष पार्क, तहसील होकर जाएंगे।
  • कलेक्ट्रेट से हरीपर्वत जाने वाले हल्के वाहन सुभाष पार्क चौराहे से पचकुइयां से कोठी मीना बाजार होकर जाएंगे।
  • पीपल गेट तिराहे से एसएन मेडिकल कॉलेज न्यू बिल्डिंग चौराहे की ओर ऑटो, ई-रिक्शा व लोडर का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
  • लोहामंडी से मदिया कटरा, सेंट जोंस के मध्य ऑटो, ई-रिक्शा व लोडर का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
  • क्लब चौराहे से भगवान टाकीज के मध्य ऑटो, ई-रिक्शा का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
  • सिटी बसें क्लब चौराहे से यमुना किनारा होकर जाएंगी।
  • क्लब चौराहे से भगवान टाकीज चौराहे के मध्य सिटी बसों का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
  • सिटी बसें क्लब चौराहे से करियप्पा, यमुना किनारा होकर जाएंगी।
  • नगर निगम के भारी वाहनों का आवागमन भगवान टॉकीज से क्लब चौराहे के मध्य दोपहर 12 से तीन बजे और शाम छह से रात नौ बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।
  • ईदगाह डिपो की बसों का क्लब चौराहे से भगवान टॉकीज आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यह बसें क्लब चौराहे से करियप्पा, यमुना किनारा होकर जा सकेंगी। 

अभय सिंह ने बताया कि कलेक्ट्रेट से भगवान टॉकीज की तरफ जाने वाले बसें एसएन कट से होते हुए एसएन मेडिकल कॉलेज गेट से भीतर, हॉस्पिटल रोड, कालीबाड़ी, चित्रा टाकीज/नूरी दरवाजा/रघुनाथ टाकीज से सेंट जोंस होकर रवाना होंगी। इसी तरह से सूरसदन से कलक्ट्रेट की तरफ जाने वाली बसें हरीपर्वत चौराहा से मदिया कटरा, लोहामंडी रोड होते हुए कोठी मीना बाजार मैदान के बगल से पचकुइयां से सुभाष पार्क एमजी रोड पर पहुंचेंगी।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर