Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

तंग आ गई थी वो अधिकारी की छेड़छाड़ से, हारकर पहुंची पुलिस के पास, आगरा में रोमसंस कंपनी के जीएम को जेल

जूनियर इंजीनियर से छेड़छाड़ में सर्जिकल उत्‍पाद बनाने वाले नामचीन रोमसंस कंपनी का जीएम गया जेल। एत्माद्दौला थाने में पीड़िता ने दर्ज कराया मुकदमा धमकी देने का भी आरोप। 16 माह से पीड़िता को परेशान कर रहा था आरोपित कई बार जबरन संबंध बनाने की कोशिश की।

By Prateek GuptaEdited By: Updated: Sat, 19 Feb 2022 08:11 AM (IST)
Hero Image
महिला सहकर्मी से छेड़छाड़ का आरोपित रोमसंस कंपनी का जीएम।

आगरा, जागरण संवाददाता। सर्जिकल आयटम निर्माता कंपनी रोमसंस में रिसर्च एंड डवलपमेंट विभाग का जीएम अपने विभाग की इंजीनियर से छेड़छाड़ करता था। कई बार उसने जबरन संबंध बनाने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपित ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है। उधर, कंपनी की ओर से आरोपित जीएम को बर्खास्त कर दिया गया है।

एत्माद्दौला क्षेत्र की एक युवती नुनिहाई स्थित रोमसंस प्राइवेट लिमिटेड में जूनियर इंजीनियर के पद पर 15 जून 2018 से कार्यरत थी। उसने अपने विभाग के जनरल मैनेजर संग्राम किशोर मलिक पर आरोप लगाया कि वह उसके प्रति बदनीयत रखता था। कई बार उसने जबरन शारीरिक संबंध बनाने के प्रयास किए। विरोध करने पर वह जान से मारने की धमकी देता था। यह भी कहता था कि कहीं भी शिकायत कर ले। उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगी। पीड़िता के अनुसार, संग्राम किशोर मलिक अक्टूबर 2020 से उसे परेशान कर रहा था। तीन नवंबर 2021 को वह गेट पास साइन कराने उसके आफिस में गई तो जीएम ने उससे छेड़छाड़ कर जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। 31 जनवरी 2022 को उसने फिर वही हरकत की। पहले तो पीड़िता ने इसकी शिकायत कंपनी के एचआर डिपार्टमेंट की। इसके बाद पीड़िता ने एत्माद्दौला थाने में आरोपित के खिलाफ तहरीर दे दी। सीओ छत्ता दीक्षा सिंह ने पीड़िता से पूछताछ और जांच के बाद एत्माद्दौला थाने में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।सीओ छत्ता दीक्षा सिंह ने बताया कि आरोपित को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। मामले में रोमसंस कंपनी के डायरेक्टर विकास खन्ना का कहना है कि उन्हें जैसे ही घटना की जानकारी हुई, आरोपित को तत्काल नौकरी से बर्खास्त कर दिया। उसे पकड़कर उन्होंने पुलिस के हवाले भी कर दिया। 

यह विडियो भी देखें