Move to Jagran APP

Viral Fever in UP: फीरोजाबाद में CMO पर गिरी गाज, हापुड़ के ACMO को मिला चार्ज

Viral Fever in UP ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या हो गई दोगुनी। एंबुलेंसों से लाए गए बस्तियों से दो दर्जन से अधिक मरीज। प्लेटलेट की डिमांड अप्रत्याशित रूप से बढ़ गई है और लोगों को डोनर नहीं मिल रहे हैं।

By Tanu GuptaEdited By: Updated: Wed, 01 Sep 2021 03:03 PM (IST)
Hero Image
प्लेटलेट की डिमांड अप्रत्याशित रूप से बढ़ गई है और लोगों को डोनर नहीं मिल रहे हैं।

आगरा, जेएनएन। फीरोजाबाद में संदिग्ध डेंगू के कहर की सीएमओ पर गाज गिर गइ है। सीएमओ नीता कुलश्रेष्ठ काे हटा दिया गया है। हापुड़ के एसीएमओ डॉ दिनेश प्रेमी को फीरोजाबाद का सीएमओ बनाया गया है। डॉ नीता कुलश्रेष्ठ काे अलीगढ़ भेज दिया गया है। फीरोजाबाद जिले में वायरल और डेंगू से शहर महामारी जैसे हालातों से जूझ रहा है। दो सौ से अधिक पलंग की क्षमता वाले मेडिकल कालेज समेत शहर के अधिकांश प्राइवेट अस्पताल फुल हो गए हैं। बीमारी का कहर सबसे अधिक बच्चों पर टूट रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे के बाद स्वास्थ्य विभाग ने दो कदम आगे बढ़ाए हैं, लेकिन वायरल और डेंगू चार कदम आगे चल रहा है।

दृश्य एक: सुबह के नौ बज रहे थे। फीरोजाबाद क्लब चौराहा पर बाल रोग विशेषज्ञ का क्लीनिक नहीं खुला था, लेकिन 50 से अधिक लोग कतार में खड़े थे। इनमें से कई खुद बीमार थे, लेकिन बच्चे की खातिर कतार में लगे थे। बच्चों को छाया में बिठा दिया था। सबकी यही कोशिश थी कि डाक्टर जल्दी से उनके बच्चे को देख लें।

दृश्य दो: दोपहर के 12 बजे थे। मेडिकल कालेज के अस्पताल में पर्चा बनवाने के लिए पंजीकरण खिड़कियों के बाहर मरीजों की कतार लगी थी। कई महिलाओं के साथ छोटे बच्चे थे। पर्चा बनवाने में एक घंटे से भी अधिक समय लग रहा था। मंगलवार को 1650 मरीजों के पर्चे बनाए गए।

दृश्य तीन: दोपहर एक बजे। मेडिकल कालेज के सौ शैया वार्ड में जिसमें 220 से अधिक पलंग पड़े हैं। वहां मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण कुछ पलंग पर दो बच्चों को भर्ती किया गया था। वार्ड में दो बेंचों मिलाकर बनाए पलंग पर भी बच्चे भर्ती थे और बुखार से पीड़ित आने का सिलसिला लगातार जारी था।

दृश्य चार: शाम के पांच बजे गए थे। मेडिकल कालेज की ब्लड बैंक में प्लेटलेट देने के लिए भीमनगर की अनीता चार घंटे से अपनी बारी आने का इंतजार कर रही थी। दस साल की बेटी चार दिन से सौ शैया में भर्ती है। प्लेटलेट काउंट 15 हजार रह जाने से उसके ब्लीडिंग हो रही थी। प्लेटलेट तुरंत चढ़ाए जाने की जरूरत थी। शहर की चार तस्वीरें बताती है कि शहर में हालात बेकाबू हैं।

नहीं मिल रहे लोगों को ब्लड डोनर

मंगलवार को बाल रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों के क्लीनिक पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी मिलीं। प्लेटलेट की डिमांड अप्रत्याशित रूप से बढ़ गई है और लोगों को डोनर नहीं मिल रहे हैं। वहीं बच्चों की मौतों से बस्तियों को चीत्कार मचा हुआ है। सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद मंगलवार को एंबुलेंसों की दौड़ तेज हो गई और दिन में दो दर्जन से अधिक मरीजों को लाकर भर्ती किया गया। वहीं निजी साधनों से पूरे दिन मरीज लाए जाते रहे। मेडिकल कालेज अस्पताल में मेडिसिन के दोनों वार्ड बुधवार को महिला- पुरुष रोगियों से भरे रहे। इसके बाद नान कम्युनिकेबल डिजीज (एनसीडी) वार्ड को खुलवाना पड़ा। वहीं मेडिकल कालेज के इमरजेंंसी सरकारी ट्रामा सेंटर में मरीजों की संख्या बढ़ने से स्लैब और स्ट्रेचर पर लिटाकर रोगियों का इलाज करना पड़ा। सौ शैय्या अस्पताल में मंगलवार शाम तक 64 बच्चे भर्ती किए गए, वहीं 25 को डिस्चार्ज किया गया। शाम छह बजे 210 बच्चे भर्ती रहे। वहीं जिले में दो दर्जन स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग ने कैंप लगाकर दवाइयां वितरित कीं।

चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने ली विधायक से जानकारी

प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने मंगलवार सुबह नौ बजे नगर विधायक मनीष असीजा से फोन पर बात कर बीमारी के हालातों की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने इलाज में तेजी का भरोसा दिलाया।

दौड़ते रहे डीएम और नगरायुक्त, घर के कूलर में मिला लार्वा

मुख्यमंत्री के दौरे के बाद दौड़ तेज हो गई। सुबह डीएम चंद्रविजय सिंह और नगरायुक्त प्रेरणा शर्मा ने सुदामा नगर, झलकारी नगर, आनंदनगर, रहना आदि क्षेत्रों का दौरा किया। नगरायुक्त ने बताया कि झलकारी नगर में एक घर में कूलर में डेंगू का लार्वा पाया गया। डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में नोडल अधिकारियों की टीमें लगाई गई है। खाली प्लाटों के मालिकों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

डीएम ने जारी की जनता की एडवाइजरी

क्षेत्र में घरों में जानवरों के पानी पीने वाले नांद और कूलराें में मच्छर पनपते देखने के बाद डीएम ने जनता के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें घरों में रुके हुए पानी को हटाने के साथ इलाज के लिए मेडिकल कालेज में पहुंचने की सलाह दी गई है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें