Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Azaadi Ka Amrit Mahotsav: अमृत महोत्सव में आगरा किला से ताजमहल तक हेरिटेज वाक

Azaadi Ka Amrit Mahotsav केंद्रीय पर्यटन विभाग ने किया आजादी के 75वें वर्ष में कार्यक्रम। पीएसी के बैंड ने बजाईं धुनें। गाइड पर्यटन कारोबारी पर्यटन पुलिस हुए वाक में शामिल। स्वतंत्रता सेनानियों शहीदों और आजादी के नायकों को किया गया नमन।

By Tanu GuptaEdited By: Updated: Fri, 12 Mar 2021 01:42 PM (IST)
Hero Image
केंद्रीय पर्यटन विभाग ने किया आजादी के 75वें वर्ष में कार्यक्रम।

आगरा, जागरण संवाददाता। आजादी के अमृत महोत्सव का आगाज शुक्रवार से हो गया। देश की आजादी के 75वें साल में मनाए जा रहे अमृत महोत्सव से ताजनगरी भी जुड़ी। यहां पर आगरा किला से ताजमहल तक हेरिटेज वाक की गई। इसमें स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों और आजादी के नायकों को नमन किया गया।

केंद्रीय पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित हेरिटेज वाक की शुरुआत शुक्रवार सुबह आगरा किला के अमर सिंह गेट से हुई। पीएसी के बैंड ने राष्ट्रगीत की धुन बजाई। डिपार्टमेंट आफ टूरिज्म डीओटी, उप्र पर्यटन (यूपीटी) के गाइड्स, पर्यटन कारोबारी, पर्यटन पुलिस के सिपाहियों, छात्र-छात्राओं ने इसके बाद हेरिटेज वाक शुरू की। आगरा किला के अमर सिंह गेट से वाक शुरू करते हुए वो झलकारी बाई तिराहा, पश्चिमी गेट पार्किंग होते हुए नीम तिराहा पहुंचे। यहां आजादी के नायकों को नमन किया गया। टूरिस्ट गाइड वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक दान ने कहा कि सत्याग्रह आंदोलन आज के दिन ही शुरू हुआ था। महात्मा गांधी ने दांडी यात्रा शुरू कर नमक कानून तोड़ने को अहिंसक आंदोलन शुरू किया था। यह पूरे देश को एकसूत्र में बांधने की बहुत बड़ी कवायद थी। आज हम प्रतीकात्मक वाक कर स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को नमन करते हैं। देश की अनमोल विरासत को बचाने को संघर्ष करने वाले लोगों का महत्व हम नहीं समझ रहे हैं। बहुत कम लोग आए हैं, जबकि यहां हजारों लोगों की भीड़ होनी चाहिए। आने वाली पीढ़ी के लिए इस तरह के आयोजन आवश्यक है। इससे देश गौरवमयी इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन की जानकारी उन्हें मिल सकेगी। केंद्रीय पर्यटन विभाग के पर्यटन सूचना अधिकारी हरीश चंद्रा, उप्र पर्यटन के पर्यटन सूचना अधिकारी प्रदीप टमटा, रमेश वाधवा, राजीव सिंह ठाकुर, जितेंद्र आदि मौजूद रहे।