Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

आगरा में भीषण हादसा; गुरुद्वारा गुरु का ताल पर ट्रक ने ऑटो में मारी टक्कर, छह सवारियों की मौत, हादसा देख कांप उठे लोग

ऑटो सवार सभी लोग हादसे में मारे गए हैं। हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया। लोगों ने ऑटो सवारों को बचाने की कोशिश की लेकिन हादसे में ऑटो चकनाचूर हो गया। उसमें सवार लोगों के शव चिपक गए। पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे में ऑटो के परखच्चे उड़ गए। लोग हादसा देखकर सहम गए।

By Jagran NewsEdited By: Abhishek SaxenaUpdated: Sat, 02 Dec 2023 03:48 PM (IST)
Hero Image
आगरा में हादसे में पांच लोगों की मौत।

जागरण संवाददाता, आगरा। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सिकंदरा गुरु का ताल फुट ओवर ब्रिज के नीचे ब्लैक स्पाट पर शनिवार को भीषण हादसा हुआ। टीपी नगर की ओर से आते तेज रफ्तार कंटेनर ने ऑटो को रौंद दिया। दो कंटेनर के बीच फंसकर ऑटो के परखच्चे उड़ गए। चालक समेत पांच लोगों की मौके पर मृत्यु हो गई। हादसे के चलते हाईवे पर खून से लाल हो गया। 

हादसा देख राहगीरों की रूह कांपी

मौके पर हादसे की वीडियो बनाते पति ने ऑटो में पत्नी काे फंसा देखा तो होश उड़ गए। पत्नी को अस्पताल लेकर गया, वहां मृत घोषित कर दिया। हादसा देख राहगीरों की रूह कांप गई। डीएम और डीसीपी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हादसे के चलते हाईवे पर ढाई घंटे जाम लग रहा। ब्लैक स्पाट गुरु का ताल पर पर लंबे समय से अंडरपास बनाने की मांग होती रही है।

हादसा शनिवार दोपहर तीन बजे हुआ। सवारी ऑटो भगवान टॉकीज से सिकंदरा की ओर जा रहा था। ऑटो में चालक के अलावा दो महिला और दो पुरुष और एक किशोर सवार थे। 

स्कूटर सवार को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो के आगे कंटेनर जा रहा था। गुरु का ताल फुट ओवर ब्रिज के नीचे कंटेनर के सामने अचानक एक स्कूटर सवार आने पर उसे बचाने को चालक ने ब्रेक लगाए। पीछे चल रहे ऑटो ने भी ब्रेक लगाए। 

इसी बीच पीछे से आते तेज रफ्तार कंटेनर ने ऑटो को रौंद दिया। ऑटो दोनों कंटेनर के बीच फंस गया और उसके परखच्चे उड़ गए। भीषण टक्कर के चलते जोरदार धमाका हुआ। हाईवे पर खून बहने लगा।

आधे घंटे के प्रयास के बाद बाहर निकाली गई सवारियां

चालक और सवारियों को फंसा देख राहगीर कांप उठे। ऑटो की हालत देख लोगों को यह समझ नहीं आ रहा था कि इसमें कितने लोग सवार थे। गुरुद्वारा कट पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों ने लोगों की मदद से ऑटो में फंसी सवारियों को करीब आधे घंटे के प्रयास के बाद बाहर निकाला। चालक समेत पांच की मौके पर मृत्यु हो चुकी थी।

मौके पर पहुंचा युवक हादसे की वीडियो बना रहा था। इस दौरान उसने देखा कि ऑटो में उसकी पत्नी भी बैठी थी। पत्नी को वह हाईवे स्थित अस्पताल लेकर गया। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। महिला की पहचान मोनिका वर्मा पत्नी गजेंद्र निवासी बाईंपुर सिकंदरा के रूप में की गई है। मोनिका एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका थी। 

मौके पर पहुंचे अधिकारी

हाईवे पर हादसे की जानकारी होने पर डीएम भानु चंद्र गोस्वामी और डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान हाईवे पर लगभग ढाई घंटे भीषण जाम लगा रहा। जिस स्थान पर हादसा हुआ है वह लंबे समय से ब्लैक स्पाट है। इसके बाद भी अधिकारी आंख बंद करके बैठे हैं।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर