Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

आगरा में रेस्टोरेंट की आड़ मे चल रहे दो हुक्का बार, पुलिस ने मारा छापा; 3 संचालक समेत 17 गिरफ्तार

आगरा के ताजगंज इलाके में पुलिस को पिछले कई दिनों से यह शिकायत मिल रही थी कि यहां रेस्टोरेंट की आड़ में अवैध रुप से हुक्का बार चलाए जा रहे हैं। इन शिकायतों के आधार पर शुक्रवार को पुलिस की एक टीम ने दो रेस्टोरेंट में छापा मारा तो वहां पांच ग्राहक भी पकड़े गए। पुलिस ने संचालकों से हुक्का बार चलाने के दस्तावेज मांगे तो वह नहीं दिखा सके।

By Ali Abbas Edited By: Nitesh Srivastava Updated: Fri, 26 Jul 2024 09:13 PM (IST)
Hero Image
तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। जागरण

जागरण संवाददाता, आगरा। ताजगंज इलाके में रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहे दो हुक्का बार पर शुक्रवार को पुलिस ने छापा मारा। मौके से तीन संचालक समेत 17 लोगो को गिरफ्तार कर लिया। दोनों हुक्का बार से पुलिस को बड़ी संख्या में सिगरेट, फ्लवेर के डिब्बे समेत अन्य सामान मिला है।

रेस्टोरेंट संचालक पुलिस को पंजीकरण के प्रपत्र नहीं दिखा सके। पुलिस ने अपनी ओर से मुकदमा दर्ज किया है। आरोपितों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

इंस्पेक्टर ताजगंज जसवीर सिंह ने बताया कि रेस्टोरेंट की आड़ में हुक्का पिलाने की जानकारी पुलिस को मिल रही थी। इस पर शुक्रवार दोपहर पुलिस टीमों को कार्रवाई के लिए कहा गया था। पुलिस ने कहरई मोड़ स्थित ओपन हाउस कैफे पर छापा मारा।

इसके संचालक पंकज निवासी ईदगाह और सूरज निवासी ताजनगरी हैं। छापे के दौरान पुलिस ने पांच ग्राहक भी पकड़े। मौके से सात हुक्के, एक पाट, चार पाइप, आठ बाउल, कोकोनट फ्लवेर के आठ पैकेट और फ्लेवर वाली सिगरेट बरामद की है। संचालक पंजीकरण का प्रपत्र नहीं दिखा सके। मामले में एकता चौकी के उप निरीक्षक नीलेश वर्मा ने मुकदमा दर्ज कराया है।

इसके बाद पुलिस ने फतेहाबाद मार्ग स्थित एक कैफे टेटोस पर छापा मारा। यहां भी हुक्का पिलाया जा रहा था। मौके से 12 लोग पकड़े गए। इसका संचालक शहीद नगर का आदिल है। उसे भी पकड़ा है।

मौके पर पांच हुक्के पाट लगे हुए थे। तीन चिलम्र पांच पाइप, 21 फ्लेवर के पैकेट और हुक्के का मैन्यू बरामद किया है। यहां रसोई भी बनी हुई थी। जिससे लोगों को खाना खिलाया जा रहा था।

इसका उद्घाटन अभी नहीं हुआ है। इससे पहले ही हुक्का पिलाया जा रहा था रेस्टोरेंट संचालक पर नीति बाग चौकी प्रभारी पवन कुमार ने मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर जसवीर सिंह ने बताया आरोपितों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।