Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

मिलेगी रफ्तार या रुकेंगे पहिए... नई केंद्र सरकार आने से यूपी में चल रहे पुराने कार्यों का क्या होगा?

आगर रेल मंडल में अमृत मिशन में कैंट ईदगाह राजा की मंडी सहित 15 स्टेशनों का कायाकल्प हो रहा है। करोड़ों रुपये से यह कार्य एक साल में पूरे होंगे। नई दिल्ली-झांसी रेल खंड स्थित कीठम से भांडई तक तीसरी रेल लाइन बन रही है। भूमि की खरीद करते हुए कार्य शुरू हो गया है। रेल लाइन बनने से ट्रेनों को गति मिलेगी। मालगाड़ियां आसानी से गुजर सकेंगी।

By amit dixit Edited By: Aysha Sheikh Updated: Fri, 07 Jun 2024 02:26 PM (IST)
Hero Image
मिलेगी रफ्तार या रुकेंगे पहिए... नई केंद्र सरकार आने से यूपी में चल रहे पुराने कार्यों का क्या होगा?

जागरण संवाददाता, आगरा। तीसरी रेल लाइन हो या फिर मेट्रो प्रोजेक्ट और खेरिया एयरपोर्ट का विस्तार सहित अन्य कार्य। नई केंद्र सरकार का साथ मिलेगा। इससे पुराने कार्यों को रफ्तार मिलेगी। वित्तीय वर्ष 2024-25 में जल्द बजट जारी जो सकेगा। वहीं गुरुवार से आदर्श आचार संहिता खत्म होने जा रही है। इससे सड़कों के निर्माण से लेकर अन्य कार्य आसानी से हो सकेंगे।

आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट

शहर में तीस किमी लंबा मेट्रो ट्रैक होगा। सिकंदरा तिराहा से टीडीआइ तक 14 किमी और आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक 16 किमी लंबा है। अब तक छह किमी ट्रैक बन चुका है। तीन किमी ट्रैक निर्माणाधीन है। केंद्र सरकार द्वारा जल्द ही धनराशि अवमुक्त की जाएगी। दूसरे कारिडोर पर जल्द काम चालू होने जा रहा है। प्रोजेक्ट की कुल लागत 8369 करोड़ रुपये है।

तेजी से होगा कार्य

खेरिया एयरपोर्ट का विस्तार और नए सिविल एंक्लेव का निर्माण होना है। सुप्रीम कोर्ट से 650 पेड़ों को काटने की और एयरफोर्स स्टेशन आगरा से बाउंड्रीवाल के निर्माण की अनुमति मांगी गई है। धनौली, बल्हैरा और अभयपुरा गांव की 60 हेक्टेयर भूमि की खरीद हो चुकी है।

रक्षा औद्योगिक गलियारा

केंद्र सरकार ने वर्ष 2018-19 में देश में दो रक्षा औद्योगिक गलियारा बनाने की घोषणा की थी। एक गलियारा उप्र और दूसरा तमिलनाडु में बन रहा है। आगरा, अलीगढ़, कानपुर सहित प्रदेश का गलियारा छह शहरों को जोड़ रहा है। गलियारा के लिए बिझामई गांव में 41 हेक्टेयर भूमि की खरीद हो चुकी है। 81 हेक्टेयर और खरीदी जा रही है। लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड से गलियारा को सीधे जोड़ा जा रहा है।

तीसरी रेल लाइन सहित अन्य का तेजी से पूरा होगा कार्य

आगर रेल मंडल में अमृत मिशन में कैंट, ईदगाह, राजा की मंडी सहित 15 स्टेशनों का कायाकल्प हो रहा है। करोड़ों रुपये से यह कार्य एक साल में पूरे होंगे। नई दिल्ली-झांसी रेल खंड स्थित कीठम से भांडई तक तीसरी रेल लाइन बन रही है। भूमि की खरीद करते हुए कार्य शुरू हो गया है। रेल लाइन बनने से ट्रेनों को गति मिलेगी। मालगाड़ियां आसानी से गुजर सकेंगी। आगरा फोर्ट स्टेशन से बांदीकुई तक 972 करोड़ रुपये से रेल लाइन का दोहरीकरण किया जा रहा है। इससे ट्रेनों की गति और संख्या बढ़ जाएगी।

वंदे भारत मेट्रो ट्रेन का संचालन

नई दिल्ली से आगरा, आगरा से लखनऊ के मध्य वंदे भारत मेट्रो ट्रेन का संचालन जुलाई से शुरू होना है। यह ट्रेनें 130 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलेंगी। इन ट्रेनों के कोच इंटरसिटी से कहीं बेहतर होंगे।

वंदे भारत एक्सप्रेस भी चलेगी

आगरा से प्रयागराज और आगरा से जयपुर के मध्य वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन होना है। जल्द ही इन ट्रेनों का नई दिल्ली-झांसी रेल खंड में परीक्षण होगा।

कवच प्रणाली का बढ़ेगा दायरा

पलवल से वृंदावन स्टेशन रोड तक रेल ट्रैक में कवच प्रणाली लग चुकी है। अब तक चार बार इसका परीक्षण भी हो चुका है। कवच प्रणाली का दायरा बढ़ाने की तैयारी चल रही है। वृंदावन रोड से आगरा होते हुए झांसी तक यह प्रणाली ट्रैक में लगेगी। इससे ट्रेन दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा।

टाउनशिप के काम में आएगी तेजी

मतगणना पूरी होने के बाद एडीए द्वारा ककुआ व भांडई में विकसित की जाने वाली टाउनशिप के काम में तेजी आने की उम्मीद है। 133 हेक्टेयर भूमि में विकसित की जाने वाली भूमि के एडीए अब तक करीब 12 हेक्टेयर भूमि के बैनामे किसानों से कर चुका है। 16 अप्रैल को आखिरी बैनामा एडीए ने किसान से अपने पक्ष में कराया था। डेढ़ माह से कोई बैनामा नहीं हो सका है। मतगणना का काम पूरा होने के बाद टाउनशिप को भूमि के बैनामों का काम गति पकड़ेगा।

11 को होगी बोर्ड बैठक

एडीए बोर्ड की 143वीं बैठक 11 जून को होनी है। बोर्ड बैठक में मास्टर प्लान, 2031 को रखा जाएगा। शासकीय समिति द्वारा दिए गए सुझावों के अनुसार प्लान में संशोधन कर उसे बैठक में स्वीकृति दिलाई जाएगी। मास्टर प्लान काफी समय से लंबित है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें