Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Crime in Agra: आगरा में बाइकर्स गैंग के आतंक से असुरक्षित महिलाएं, आठ घंटे में तीन वारदात; जेवर लेकर हुए फरार

Crime in Agra आगरा में बाइकर्स गैंग के आतंक से महिलाएं परेशान हैं। बुधवार रात एक महिला के गले से लुटेरों ने मंगलसूत्र लूटा तो सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं से गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली । तीनों घटनाएं बुधवार रात नौ बजे से गुरुवार सुबह पांच बजे के मध्य हुई। लुटेरों ने महिलाओं को निशाना बनाते हुए उनके जेवर लेकर फरार हो गए।

By Jagran NewsEdited By: Swati SinghUpdated: Fri, 30 Jun 2023 09:37 AM (IST)
Hero Image
आगरा में बाइकर्स गैंग के आतंक से असुरक्षित महिलाएं, आठ घंटे में तीन वारदात; जेवर पर किया हाथ साफ

आगरा,जागरण संवाददाता। आगरा में कमिश्नरेट बनने के बाद अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगने की उम्मीद की जा रही थी। मगर, कुछ समय से आगरा कमिश्नरेट में अपराध बढ़ गया है। जगदीशपुरा क्षेत्र में आठ घंटे में तीन महिलाओं से लूट की घटनाएं हो गईं। महिलाओं से हुई लूट की इन घटनाओं के चलते इलाके में भय का माहौल हैं।

बुधवार रात एक महिला के गले से लुटेरों ने मंगलसूत्र लूटा तो सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं से गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली । तीनों घटनाएं बुधवार रात नौ बजे से गुरुवार सुबह पांच बजे के मध्य हुई। लुटेरों ने महिलाओं को निशाना बनाते हुए उनके जेवर लेकर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस में इन मामलों की जांच कर रही है। लगातार एक ही थाना क्षेत्र में हुई तीन वारदातों से महिलाएं दहशत में हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज देखकर लुटेरों की तलाश कर रही है।

आठ घंटे में तीन वारदात

घटना- एक बुधवार रात 9.10 बजे कानपुर के गोविंद नगर निवासी लवीशा केसरवानी अपने मायके मारुति एस्टेट के गुलाब नगर से टहलने निकली थीं। पीजा पास्ता कॉर्नर के पास बाइक सवार लुटेरों ने मारुति एस्टेट मार्ग बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके गले से मंगलसूत्र लूट लिया। उन्होंने शोर मचाते हुए कुछ दूर तक बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए।

घटना- दो जगदीशपुरा क्षेत्र के विनय नगर बोदला निवासी रीता बघेल गुरुवार सुबह 4.45 बजे अपनी चाची सुधा बघेल के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। रीता के पति हरिओम बघेल तहसील में लेखपाल हैं। उन्होंने बताया कि बाइक सवार बदमाशों ने रास्ते में ही रीता के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली।चेन एक तोले से अधिक वजन की थी। हरिओम ने बताया कि बदमाशों की संख्या दो थी।बाइक चला रहे बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था। पीछे बैठने वाले बदमाश ने चेहरे पर काला कपड़ा बांधा हुआ था।घटना के बाद रीता दहशत में हैं।

घटना- तीन आवास विकास कॉलोनी सेक्टर चार निवासी वीना पत्नी तपस कुमार गुरुवार सुबह पांच बजे टहलने निकली थीं। घर के पास ही बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनकी सोने की चेन लूटी। वह कुछ समझ पातीं तब तक बदमाश भाग गए। घटना से वह घबरा गईं और रोते हुए घर लौटीं। सुबह घर पर खाना तक नहीं बना।वीना ने घटना की सूचना पुलिस को दी है।

तीन दिन पहले की घटना पर पुलिस ने नहीं दिखाई गंभीरता

जगदीशपुरा क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर महिलाओं के साथ सात दिन में लूट की तीन घटनाएं हो चुकी हैं। पहली घटना 22 जून को आवास विकास कॉलोनी सेक्टर चार में हुई थी। बदमाशों ने जलकल विभाग के कर्मचारी हरिदास की पत्नी मुन्नी देवी की चेन लूटी थी। वह सुबह टहलने निकली थीं।बाइक पर दो बदमाश आए थे। आगे वाले ने हेलमेट पहन रखा था। पीछे बैठे बदमाश ने काला मास्क लगा रखा था।बदमाशों के सीसीटीवी फुटेज मिले थे।पुलिस ने 22 जून को हुई घटना को गंभीरता से नहीं लिया।

हो सकता है एक ही गैंग

तीनों घटनाओं में लुटेरों की संख्या तीन है। वारदात का अंदाज भी एक जैसा ही है। इससे पुलिस को आशंका है कि यह एक ही गैंग का काम है। कई स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार दिखे हैं। इन्हें चिन्हित किया जा रहा है। लूट की घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है। गुरुवार सुबह हुई घटनाओं में मुकदमा दर्ज कर लिए गए हैं। तीसरी घटना में तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज चेक कराए जा रहे हैं। लुटेरों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। सूरज कुमार राय, डीसीपी सिटी

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें