Move to Jagran APP

अलीगढ़: अब मेयर ने नगर निगम के अधिकारियों के खिलाफ खोला मोर्चा

नगर निगम के खिलाफ पार्षदों के बाद अब मेयर मोर्चा खोल दिया है। मेयर का आरोप है कि निगम के अधिकारी बर्बाद करने पर तुले हैं। शहर की सफाई और पेयजल व्यवस्था बदहाल है। जनता पार्षद सब दुखी हैं। मुख्यमंत्री से मुलाकात कर शहर के हालात बताने की बात कही...

By Aqib KhanEdited By: Updated: Tue, 12 Apr 2022 07:25 PM (IST)
अलीगढ़: अब मेयर ने नगर निगम के अधिकारियों के खिलाफ खोला मोर्चा
अलीगढ़: अब मेयर ने नगर निगम के अधिकारियों के खिलाफ खोला मोर्चा

अलीगढ़, जागरण संवाददाता। भाजपा पार्षदों के बाद अब मेयर मोहम्मद फुरकान ने भी नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मेयर ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि मुख्यमंत्री, नगर विकास मंत्री और विधायक शहर का भला चाहते हैं, लेकिन निगम अधिकारी इसे बर्बाद करने पर तुले हैं। सफाई और पेयजल व्यवस्था बदहाल है। जनता, पार्षद सब दुखी हैं। मुख्यमंत्री से मुलाकात कर वह शहर के हालात बताएंगे।

अलीगढ़ में अनूपशहर रोड स्थित अपने आवास पर पत्रकार वार्ता में मेयर ने कहा कि वह सभी पार्षदों के साथ खड़े हैं। स्मार्ट सिटी के तहत निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। लेकिन, उनसे चर्चा तक नहीं की जाती। मेयर होने के नाते शहर में क्या हो रहा है, ये जानने का हक है।

नवरात्रि में पानी को लेकर हाहाकार मचा रहा, अब रमजान में हालात खराब हो रहे हैं। मेयर ने कहा नगर आयुक्त बैठकों में शामिल नहीं होते, उनका फोन नहीं उठाते। तीन माह से उनसे बात नहीं हुई है। भुगतान की फाइलें रुकी हुई हैं। ठेकेदार उनके पास आकर पीड़ा बताते हैं।

मुख्यमंत्री भले व्यक्ति हैं, लेकिन नगर निगम में उनकी मंशा के विपरीत काम हो रहा है। मुख्यमंत्री और नगर विकास मंत्री से मुलाकात का समय मांगा गया है। उनसे मिलकर यहां की स्थिति से अवगत कराया जाएगा। 19 अप्रैल को बोर्ड की बैठक तय की है। इसमें जन समस्याओं पर चर्चा की जाएगी।

इनका कहना है

पेयजल और सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के लिए नगर निगम की टीमें मुस्तैदी से जुटी हैं। भुगतान कराया जा रहा है। पिछले दो सालों की अपेक्षा अधिक भुगतान हुआ है। रही बात बैठकों में न आने की तो 22 मार्च को ही बैठक हुई। मेरे अलावा बैठक में मेयर और पार्षद मौजूद थे। -गौरांग राठी, नगर आयुक्त