Move to Jagran APP

Aligarh Road Accident : कैंटर और बस में भिड़ंत, बुजुर्ग महिला की मृत्यु- 35 लोग घायल

देर रात जिला अस्पताल में चीख पुकार मची रही। यहां भर्ती कराए गए घायलों में से अधिकतर को हल्की चोट आई हैं। देर रात तक पुलिस घायलों के नाम पते जुटाने में लगी थी। एसपी देहात ने बताया कि हादसे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। जिला अस्पताल में घायलों को लाया गया था जहां से चार लोगों को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है।

By Jagran News Edited By: Mohammed Ammar Updated: Fri, 26 Jul 2024 02:19 AM (IST)
Hero Image
हादसे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। दिल्ली-कानपुर हाईवे पर गांव जसरथपुर के पास गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हुआ। यहां कैंटर व रोडवेज बस में भिड़ंत हो गई, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मृत्यु हो गई। 35 लोग घायल हो गए। इनमें दोनों वाहनों के चालक समेत चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इन्हें जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।

हादसे का कारण नहीं हो सका स्पष्ट

पुलिस के अनुसार यह घटना अकराबाद से निकलते ही सरकारी ट्रामा सेंटर के पास देर रात साढ़े 12 बजे हुई। आजाद नगर डिपो की बस कानपुर से दिल्ली की ओर जा रही थी। वहीं इसके आगे कैंटर चल रहा था। बस पीछे से तेज रफ्तार में कैंटर में जा घुसी। बस का चालक नीचे कूद गया। इसे गंभीर चोट आई। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। यात्रियों में चीत्कार मच गई।

चालक का पैर कटा

आसपास के लोग एकत्रित हो गए। जानकारी पर एसपी देहात पलाश बंसल, सीओ बरला सर्जना सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। चालकों समेत 35 घायलों को जिला मलखान सिंह अस्पताल पहुंचाया गया। यहां हरदोई की 60 वर्षीय शिवरानी की मृत्यु हो गई।

महिला अपने स्वजन के साथ सफर कर रही थीं। दोनों वाहनों के चालक, एक महिला व एक पुरुष को जेएन मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। एक चालक का पैर कट गया है। इन चारों की हालत गंभीर बनी हुई है। 

यह भी पढ़ें : पूरी पुलिस चौकी एक झटके में सस्पेंड, ADG और DIG ने ट्रक पर सवार होकर मारा छापा, दो पुलिसकर्मी समेत 16 गिरफ्तार

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।