Move to Jagran APP

20 साल में ऐसे बढ़ गई अलीगढ़ की 40 फीसद आबादी

पिछले 20 सालों में शहर की आबादी में 40 फीसद से ज्यादा का इजाफा हुआ है।

By JagranEdited By: Updated: Wed, 31 Oct 2018 10:00 AM (IST)
Hero Image
20 साल में ऐसे बढ़ गई अलीगढ़ की 40 फीसद आबादी

अलीगढ़ (जेएनएन)। पिछले 20 सालों में शहर की आबादी में 40 फीसद से ज्यादा का इजाफा हुआ है, लेकिन अन्य बुनियादी सुविधाएं जस की तस हैं। सड़क हो या पार्क, सभी बदहाली के आंसू बहा रहे हैं। स्थिति यह है शहर के हजारों लोगों को तो सड़क, बिजली एवं पानी तक नहीं मिल पा रहा है। शहर की ऐतिहासिक धरोहरों को भी विकास की दरकार है। प्राधिकरण भी सुनियोजित विकास के नाम पर महज खाना पूर्ति कर रहा है। अगर आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो स्मार्ट सिटी के बाद भी शहर में कोई बदलाव नहीं आया है।

लगातार खराब हो रही है स्थिति

शहर में जनसंख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। नई कॉलोनी विकसित हो रही है। अगर प्राधिकरण के आंकड़ों पर ही नजर डाली जाए तो शहर के चारों तरफ 100 से अधिक कॉलोनियां विकसित की जा चुकी हैं। इसके साथ ही शहर के अंदर भी आबादी बढ़ रही है। सड़कों पर वाहनों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। इसी कारण जाम का झाम झेलना पड़ता है। लोगों ने कब्जे तक कर रखे हैं।

धरोहरों के विकास की जरूरत

शहर में एक दर्जन के करीब ऐतिहासिक धरोहरें हैं। इनमें अचल सरोवर, घंटाघर, जवाहर भवन, साईं मंदिर सारसौल, जामा मस्जिद, एएमयू, जैन मंदिर खिरनी गेट, अलीगढ़ नुमाइश प्रदर्शनी, गिलहराज मंदिर,अचलेश्वर मंदिर, वाष्र्णेय मंदिर, गुरुद्वारा बैकुंठ नगर, सर्वधर्म सत्य साईं सपूत, बाबा बरछी बहादुर, मैथोडिस्ट चर्च, ईदगाह शामिल हैं। अगर इनके विकास कार्यो को देखा जाए तो कोई खास काम नहीं हुआ है। कई बार इनके प्रस्ताव तो शासन स्तर पर गए, लेकिन मुहर नहीं लग पाई। इसके अलावा शेखा झील एवं जवाहर पार्क की भी यही स्थिति है।

2011 की जनगणना से यह है स्थिति

वर्ग, कुल, पुरुष, महिला

आबादी, 874408, 461772,412636

साक्षरता, 5,12228, 292892, 224336

महायोजना के नाम पर महज दिखावा

शहर में सुनियोजित विकास कराने की जिम्मेदारी विकास प्राधिकरण की है। इसके लिए फिलहाल महायोजना 2021 तय है। इसमें कृषि, आबादी एवं व्यावसायिक निर्माण के लिए अलग-अलग क्षेत्रफल तय हैं। नक्शे भी इसी के हिसाब से पास होते हैं, लेकिन हकीकत में अफसर इसे लागू कराने में पूरी तरह से फेल हैं। कृषि क्षेत्र में निर्माण कर दिया गया है। इसके साथ ही आबादी में फैक्ट्री एवं दुकानें चल रही हैं। कार्रवाई के नाम पर अफसर खानापूरी कर रह जाते हैं।

जल्द नजर आएगा बदलाव

नगर आयुक्त सत्यप्रकाश पटेल का कहना है कि शहर स्मार्ट सिटी योजना में शामिल है। इसके तहत विकास कराने का पूरा खाका तैयार हो चुका है। जल्द ही काम की शुरुआत हो जाएगी। अगर सब कुछ सही रहा तो जल्द ही बड़ा बदलाव नजर आएगी। ऐतिहासिक स्थलों में सुधार किया जाएगा।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें