Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

उपचुनाव से पहले मायावती को झटका, BSP की पूर्व विधायक कांग्रेस में हुईं शामिल; खैर विधानसभा पर बदलेंगे समीकरण!

बसपा को बड़ा झटका देते हुए पूर्व विधायक प्रत्याशी डॉ. चारु केन ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने उन्हें संगठन की सदस्यता दिलाई। चारु केन ने कहा कि वह राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नारी न्याय के नारे से प्रभावित होकर कांग्रेस में शामिल हुई हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के शासनकाल में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं।

By Jagran News Edited By: Aysha Sheikh Updated: Sat, 05 Oct 2024 05:17 PM (IST)
Hero Image
BSP की पूर्व विधायक प्रत्याशी चारु केन कांग्रेस में शामिल

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। खैर विधानसभा पर उपचुनाव से ठीक पहले कांग्रेस ने बसपा को तगड़ा झटका दिया है । बसपा से 2022 में खैर विधानसभा से विधायक प्रत्याशी रहीं, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चौ तेजवीर सिंह गुड्डू की पुत्रवधु डॉ चारु केन शनिवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस में शामिल हो गईं ।

महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने चारु केन को संगठन की ऑनलाइन सदस्यता दिलाई और पार्टी में स्वागत किया। अलका लांबा ने महिला कांग्रेस को मजबूत करने और राहुल गांधी जी, प्रियंका गांधी जी की नीतियों को आगे बढ़ाने का आव्हान किया।

पूर्व विधायक प्रत्याशी डॉ चारू केन ने महिला कांग्रेस में शामिल होने के बाद कहा कि नेता विपक्ष राहुल गांधी जी, दीदी प्रियंका गांधी जी के नारी न्याय के नारे से प्रभावित होकर कांग्रेस से जुड़ी हैं । उन्होंने कहा कि बीजेपी के शासनकाल में राष्ट्रीय स्तर पर और यूपी में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ते जा रहे हैं, यह बड़े ही शर्म और चिंता की बात है।

उन्होंने कहा कि अधिकांश महिलाओं और नाबालिग बच्चियों की प्रताड़ना के मामलों में बीजेपी कार्यकर्ताओं का हाथ सामने आता है। चारु केन ने कहा कि बेलगाम महंगाई ने महिलाओं की कमर तोड़कर रख दी है। महिलाओं को काम के हिसाब से समान वेतन भी नहीं मिल रहा, साफ-सफाई न होने और न्यूट्रीशन न मिलने की वजह से वे बीमार हो रही हैं।

चारु केन ने कहा कि कांग्रेस ही महिलाओं की सच्ची हितैषी है। राहुल गांधी जी, दीदी प्रियंका गांधी और महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा जी महिलाओं को नेतृत्व देकर आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह संगठन को मजबूत करने और पार्टी के जरिए लोगो की सेवा करने के लिए जुड़ी हैं।

चारु केन के साथ इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रत्याशी, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष जियाउर्रहमान एड, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव राजा भैया, कार्तिक चौधरी एड, रजनी चौधरी, सुधा शर्मा, रेखा सिंह, चंपा चौधरी, भुवनेंद्र सिंह चौधरी, रमेश चंद प्रधान प्रेमपुर , पूरन सिंह भूरगढ़ी, कपिल मालान तकीपुर, शिवम बाल्यान नारायणपुर , अंकित डागर रंजीतगढ़ी, रामवीर सिंह मीरपुर , जयपाल सिंह जल्दगढ़ी सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।

खैर पर 2022 में मिले थे 65 हजार से अधिक वोट, भाजपा की बढ़ेंगी मुश्किलें

अलीगढ़। बसपा से खैर से विधायक प्रत्याशी रहीं चौधरी तेजवीर सिंह गुड्डू की पुत्रवधु चारु केन को 65 हजार से अधिक मत मिले थे और वह दूसरे नंबर पर रही थी । वहीं, रालोद का गढ़ मानी जाने वाली खैर विधानसभा पर रालोद तीसरे नंबर पर थी । जाट बाहुल्य खैर पर चारु केन के कांग्रेस में शामिल होने से भाजपा के समीकरण गड़बड़ा गए हैं ।

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तेजवीर सिंह गुड्डू का जिले में गांव गांव वर्चस्व है जिसका फायदा कांग्रेस को मिलना तय है । जाट, मुस्लिम और दलित के गठजोड़ से कांग्रेस भाजपा की मुश्किलें बड़ा सकती है । उपचुनाव से ठीक पहले चारु केन के कांग्रेस में शामिल होने से जिले में चर्चाओं का दौर जारी है। सूत्रों की माने तो कांग्रेस इस बार खैर पर सर्वे कराकर ही उपचुनाव में टिकट देगी।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें