Move to Jagran APP

Aligarh News: सरकारी स्कूलों में बच्चों की बिगड़ी तबीयत, कई बेहोश; शिक्षकों में मची खलबली

अलीगढ़ के परिषदीय स्कूलों में भीषण उमस से बिगड़ी 10 विद्यार्थियों की तबीयत गई। कई बच्चे बेहोश हो गए। अचानक बच्चों की ऐसी हालत देख शिक्षकों में खलबली मच गई। पानी पिलाकर व हवा आदि कर बच्चों को होश में लाया गया। प्रधानाध्यापक हेमंत ने बताया कि बिजली जाने के बाद कक्षों में गर्मी बढ़ गई जिससे एक छात्रा बेहोश हुई।

By Vinod Bharti Edited By: Aysha Sheikh Updated: Tue, 23 Jul 2024 05:53 PM (IST)
Hero Image
परिषदीय स्कूलों में गर्मी और उमस से बिगड़ी बच्चों की तबीयत। जागरण

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। भीषण गर्मी और उमस के कारण मंगलवार को विभिन्न परिषदीय स्कूलों के 10 से अधिक छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। इससे शिक्षकों में खलबली मच गई। उन्हें पानी पिलाकर व हवा आदि कर बच्चों को होश में लाया गया।

लोधा ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय अशरफपुर जलाल में 225 बच्चों का नामांकन है। मंगलवार को 165 बच्चे आए। पढ़ाने के लिए स्कूल में दो ही कक्ष हैं। दोनों कक्षों में बच्चों की संख्या अधिक होने से गर्मी और उमस और बढ़ गई। कई ने चक्कर आने की शिकायत की। दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली मोना बेहोश हो गई। प्रधानाध्यापक हेमंत ने बताया कि बिजली जाने के बाद कक्षों में गर्मी बढ़ गई, जिससे एक छात्रा बेहोश हुई।

बच्चों को आने लगे चक्कर 

दूसरा मामला प्राथमिक विद्यालय, नौगवां अर्जुन में सामने आया। प्रधानाध्यापक प्रतिभा वशिष्ठ ने बताया कि सुबह से ही बहुत गर्मी थी। दोपहर में बिजली जाने के बाद कमरों में उमस बढ़ गई। कुछ देर बाद बच्चों ने चक्कर आने की शिकायत की।

कई बच्चों को बाहर बरामदे में बैठा दिया। इस दौरान कक्षा एक की अजरा, कक्षा चार की अंबरीन व कक्षा पांच की सलमा बेहोश हो गई। उन्हें पानी पिलाकर होश में लाया गया। अभिभावकों को बुलाकर उन्हें घर भेज दिया गया।

प्राथमिक विद्यालय, नगला मोनी में भी दो बच्चों की तबीयत बिगड़ी। एक बच्ची बेहोश हो गई। प्राथमिक विद्यालय सारसौल कक्षा पांच का छात्र गर्मी से बेहोश हो गया। जवां ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय टमकोली में छात्रा बेहोश हुई। कई अन्य स्कूलों से भी गर्मी के कारण बच्चों की तबीयत बिगड़नी की सूचनाएं आईं।

भीषण गर्मी में दोपहर दो बजे तक स्कूल खुलेंगे तो बच्चे बीमार पड़ेंगे ही। स्कूलों का समय सुबह आठ से 12 बजे तक किया जाना चाहिए। - डा. प्रशांत शर्मा, जिलाध्यक्ष, पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ।

ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूलों में बुरा हाल है। गर्मी इतनी है कि बिजली भी रहे, तब भी बच्चे परेशान रहते हैं। अत: 12 बजे तक स्कूल खुलने चाहिए। - मुकेश कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ।

कुछ बच्चों को गर्मी से परेशानी होने की सूचना मिली है। समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा। यदि पर्याप्त पंखे नहीं होंगे तो लगवाए जाएंगे। - डा. राकेश कुमार सिंह, बीएसए।

ये भी पढ़ें - 

'समाधान नहीं तो वोट नहीं', यूपी में व्यापारियों का फूटा गुस्सा, उपचुनाव के बहिष्कार का कर दिया ऐलान

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।