Move to Jagran APP

UP Politics: 'कितनोंं को बुलडोजर से उजाड़ा, कांग्रेस लेगी हिसाब' प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भाजपा पर बरसे

Congress Party Meeting In Aligarh Update कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय राय ने योगी सरकार पर बुलडोजर के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई गरीबों को बुलडोजर से उजाड़ा गया है और कांग्रेस एक-एक पाई का हिसाब लेगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। खैर में आयोजित संविधान बचाओ संकल्प सम्मेलन में राय ने कहा कि भाजपा संविधान को बदलना चाहती है और किसानों की चिंता नहीं करती।

By Vinod Bharti Edited By: Abhishek Saxena Updated: Wed, 09 Oct 2024 03:12 PM (IST)
Hero Image
UP News: खैर में समेलन के दौरान कांग्रेस नेता।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय राय ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बुलडोजर का दुरुपयोग कर अनेक गरीबों को उजाड़ा गया है। कांग्रेस एक-एक पाई का हिसाब लेगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

मंगलवार को खैर के गोमत चौराहा स्थित कंचन फार्म हाउस में आयोजित संविधान बचाओ संकल्प सम्मेलन में प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पिछले दिनों कथित संत ने इस्लाम के खिलाफ अनाप-शनाप बयान दिया। सरकार ने मुकदमा दर्ज कर मामले को घुमा दिया। संत पर तुरन्त रासुका लगाया जाए। लोगों को आगाह किया कि भाजपा बंटवारा कर चुनाव जीत रही है। संविधान को बदलना चाहती है। सरकार को किसानों की चिंता नहीं। गन्ने की न्यूनतम कीमत 500 रुपये प्रति कुंतल होनी चाहिए, मगर भाजपा तो सोसाइटी तक के चुनावों में दूसरे दावेदारों के पर्चे फाड़कर जीत हासिल कर रही है।

मंच से बोलते कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय।

एकजुट होकर संविधान बचाने का समय: पांडेय

राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश के प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा कि अंग्रेजों के सहयोगियों ने 1927 में संघ की स्थापना की, जिसे 100 वर्ष पूर्ण होने वाले हैं। संघ ने तीन-चार वर्ष पूर्व तक अपने मुख्यालय पर तिरंगा नहीं लगाया। अब लोकतंत्र को भगवा झंडे के नीचे लाकर खत्म करना व संविधान बदलकर 1947 से पूर्व वाली स्थिति लाना चाहते है। महिलाओं और शूद्रों को पुरानी जगह पहुंचाने की भी मंशा है। ईडी, पुलिस, प्रशासन व बुलडोजर आदि का दुरुपयोग हो रहा है। यह समय आपसी संघर्ष का नहीं, एकजुट होकर संविधान और लोकतंत्र को बचाने का है।

संविधान विरोधी भाजपा पर लगा दो ताला: मोना

कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि संविधान बदलने की नीयत के साथ भाजपा ने लोकसभा चुनाव में 400 पार का नारा दिया, मगर राहुल गांधी और देश की जनता ने उनके विजय रथ को रोक दिया। संविधान बदला तो गरीबों और किसानों को ही नुकसान होगा। ऐसी सरकार पर अब अलीगढ़ का ताला लगा दो।

उप चुनाव में कांग्रेस की जीत पक्की: नसीमुद्दीन सिद्दीकी

कार्यक्रम प्रभारी एवं पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि सम्मेलन में भीड़ बता रही कि उप चुनाव में गठबंधन की जीत पक्की है। अध्यक्षता रघुकुल तिलक गौड़ व संचालन जिलाध्यक्ष ठा. सोमवीर सिंह ने किया। राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी विवेक बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार रावत, प्रतिमा सिंह, रूही जुबैरी, श्योराज जीवन, महानगर अध्यक्ष नवेद खान, पूर्व जिलाध्यक्ष गिरवर शर्मा, ठा. संतोष सिंह व चौ. सुरेंद्र सिंह, जियाउद्दीन राही, राजेश राज जीवन, सागर सिंह तोमर, आनंद बघेल, शीलू चंदेल, जियाउद्दीन राही, कैलाश वाल्मीकि, आलोक गौड़, आगा यूनुस, जरीना आगा, विनोद प्रियदर्शी, गौरांग देव चौहान, सलाउद्दीन वसी, ब्रजेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।

विनोद पांडेय पुन: कांग्रेस में शामिल हो गए। अनुसूचित विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश वाल्मीकि व हरेंद्र राजौरा के नेतृत्व में अतिथियों को ‘हल’ भेंट किया गया।

चारू केन ने प्रदेशाध्यक्ष के साथ किया मंच साझा

प्रदेशाध्यक्ष ने सोमवार रात प्रेसवार्ता में बसपा से कांग्रेस में आईं डा. चारू केन की ज्वाइनिंग से इनकार किया, मगर सम्मेलन में चारू केन इनके साथ मंच साझा करती दिखीं। हालांकि, डा. चारू केन को मंच पर बुलाए जाने पर कई कांग्रेसियों ने आपत्ति की, जिसके कारण काफी देर दर्शक दीर्घा में बैठना पड़ा।

अव्यवस्था से मंच बना अखाड़ा

पूर्व महानगर अध्यक्ष अनवर अकील का नाम मंच पर उपस्थित लोगों की सूची में नहीं था। उन्होंने नसीमुद्दीन सिद्दीकी से शिकायत की। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष जरीना आगा के समर्थकों ने उन्हें मंच की दूसरी पंक्ति में स्थान देने पर नाराजगी जताई। प्रदेश महासचिव कौशलेंद्र यादव मंच पर कुर्सी न मिलने पर काफी देर खड़े रहे और फिर नाराजगी जताते हुए मंच से उतर गए। वरिष्ठ नेताओं के बुलाने पर पुन: मंच पर बैठे। प्रदेश सचिव विनीत पाराशर भी अव्यवस्था के कारण मंच पर अव्यवस्था के कारण नहीं रुके।

ये भी पढ़ेंः हरियाणा में 'हारी हुई बाजी' के 'बाजीगर' बने पश्चिमी यूपी के दिग्गज नेता; जीत में निभाई अहम भूमिका

ये भी पढ़ेंः कुंदरकी उपचुनाव: भाजपा का प्रचार करने पर समर्थक को बंदूक से उड़ाने की धमकी, प्राथमिकी दर्ज

चारू केन के नाम पर धमकाने का आरोप

जिलाध्यक्ष ठा. सोमवीर सिंह ने सम्मेलन में डा. चारू केन के नाम पर धमकाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि चारू केन को मंच से उतारने की बात करते हुए अभद्रता की गई। प्रदेशाध्यक्ष से शिकायत करूंगा। कोई भी व्यक्ति पार्टी में अनुशासित होकर ही रह सकता है। आरोप पर चारू केन ने कहा कि कांग्रेस ने मंच दिया। नेताओं से सम्मान मिला। जिलाध्यक्ष को कोई भ्रम या गलतफहमी हुई है। वह मुझसे सीधे बात करें। बैठकर शिकायत दूर कर दी जाएगी।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें