Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

जिला पंचायत अध्यक्ष पर बनी आम सहमति, दमदारी से लड़ाएंगे चुनाव Aligarh news

भाजपा में दो दिन पहले लखनऊ में हुई बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष के दावेदार को लेकर अंतिम मुहर लग गई है। हालांकि पार्टी के जिले के पदाधिकारी अभी पत्ते नहीं खोल रहे हैं मगर सूत्र बताते हैं कि अध्यक्ष पद के दावेदार पर आम सहमति बन गई है।

By Anil KushwahaEdited By: Updated: Sat, 06 Mar 2021 10:48 AM (IST)
Hero Image
भाजपा में दो दिन पहले हुई बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष के दावेदार को लेकर अंतिम मुहर लग गई है।

अलीगढ़, जेएनएन : भाजपा में दो दिन पहले लखनऊ में हुई बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष के दावेदार को लेकर अंतिम मुहर लग गई है। हालांकि, पार्टी के जिले के पदाधिकारी अभी पत्ते नहीं खोल रहे हैं, मगर सूत्र बताते हैं कि अध्यक्ष पद के दावेदार पर आम सहमति बन गई है। अब सभी को क्षेत्र पंचायत के सदस्य की तैयारियों में जुटने को कहा गया है।

दमदारी से उतरेगी भाजपा

भाजपा पहली बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर दमदारी के साथ मैदान में उतर रही है। इसलिए यह चुनाव भाजपा के लिए काफी अहम माना जा रहा है। इस बार क्षेत्र पंचायत सदस्यों के दावेदारों की भी लंबी लिस्ट है। मगर, अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर दो महीने से जोड़तोड़ चल रहा था। निवर्तमान अध्यक्ष ठा. उपेंद्र सिंह नीटू भी प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। ठा. भूपेंद्र सिंह ने भी तैयार कर रखी थी। मगर, सीट आरक्षित होने के चलते फिलहाल वह अभी दुविधा में हैं। उन्होंने भी अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। ऐसे में अध्यक्ष पद के लिए एक प्रबल दावेदार मैदान में ताल ठोक रहे हैं। उन्हें अध्यक्ष की कुर्सी पर आसीन कराने के लिए जिले में नया समीकरण तैयार किया है। दो माननीयों के बीच में चल रही गुटबाजी को खत्म कर दिया गया है। दोनों माननीयों की जिले में अच्छी पकड़ है। इसलिए अभी एक हफ्ते पहले लखनऊ में दोनों माननीय के समर्थकों की बैठक हुई। उसमें तय किया गया कि उभरते हुए चेहरे को मौका दिया जाएगा। इसपर पहले तो सहमति नहीं बनी। दोनों गुटों में खूब खींचतान रही।

दिग्‍गज नेता आए सामने

सूत्र बताते हैं कि प्रदेश के दिग्गज नेता सहमति बनाने के लिए आगे आएं। उन्होंने दोनों माननीय के समर्थकों को समझाया। अंत में तय हुआ कि पार्टी जो निर्णय करेगी उसे मानना होगा। एक ऐसे चेहरे को सामने लाया गया, जो युवा और तेजतर्रार हैं। एक माननीय के रिश्ते में भी वह हैं। दिग्गज नेताओं की सहमति पर कोई इसका विरोध नहीं कर सका। इसके बाद अभी दो दिन पहले ही लखनऊ में फिर जिले के सभी जनप्रतिनिधि बैठे।इस बैठक में भी तय किया गया कि नये चेहरे को सभी समर्थन करेंगे। यदि वह आगे बढ़ते हैं तो अध्यक्ष पद की कुर्सी पर आसीन कराने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे। सूत्र बताते हैं कि बैठक में जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि और प्रमुख पदाधिकारी, भाजयुमो के पदाधिकारी मौजूद थे। सभी ने एकसुर में सहमति जताई है। सभी ने कहा कि वह पूरी मेहतन के साथ चुनाव में लगेंगे।

जिले में बना नया समीकरण

भाजपा में जिला पंचायत अध्यक्ष के दावेदार में उभरते नये चेहरे के बाद से जिले में नया समीकरण बनता नजर आ रहा है। जिले में अब तक जिला पंचायत चुनाव में एक जनप्रतिनिधि का दबदबा बना रहता था। वह चुनाव प्रमुख रणनीतिकार माने जाते रहे हैं। इसलिए जिला पंचायत सदस्य और अध्यक्ष दोनों में उनकी बड़ी भूमिका रहती है। मगर, इस बार पूरा समीकरण पलट गया है। नये चेहरे के सामने आने के बाद से वह अलग-थलग पड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। तीसरे धड़े में वह नजर आ रहे हैं। अब देखना होगा कि उन्हें कितनों का समर्थन मिलता है। फिलहाल, अभी जब तक क्षेत्र पंचायत सदस्य के प्रत्याशियों की घोषणा नहीं हो जाती है, तबतक पूरी तौर पर कोई दावा नहीं किया जा सकता है।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर