Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

प्रेमी के साथ रहूंगी… इतना सुनते ही पुलिस के सामने पत्नी को मार दी गोली, दरवाजे के पीछे छिपा था पति

अलीगढ़ में एक महिला के पति ने पुलिस के सामने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस महिला के अपहरण की सूचना पर उसके घर पहुंची थी। इस दौरान पूछताछ हो रही थी महिला ने पुलिस से कहा कि वह अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है। इस पर महिला के पति ने उसके सिर में गोली मार दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Sat, 07 Sep 2024 11:43 PM (IST)
Hero Image
घटनास्थल और मौके पर मिला तमंचा और कारतूस एवं वीनादेवी का फाइल फोटो। जागरण

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। “सर मैं अलीगढ़ से सतेंद्र बोल रहा हूं। मेरी पत्नी वीना देवी का अपहरण कर लिया है, उसके साथ कोई अनहोनी हो सकती है।’ डायल-112 पर मिली इस सूचना पर दो पुलिसकर्मी उसे लेकर नगला क्वार्सी पहुंचे तो मकान का दरवाजा अंदर से बंद था। सिपाहियों के कई बार कहने पर दरवाजा खोला तो वीना निकल कर आईं। 

सिपाहियों ने उससे पूछा कि आप किसके साथ रहना चाहती हैं तो, जवाब मिला प्रेमी सतेंद्र के साथ। इतना सुनते ही मकान में दरवाजा के पीछे छिपे वीना के पति नेमपाल ने महिला के सिर में गोली मार दी। प्रेमी को मारने के लिए तमंचे में दूसरी गोली लोड कर रहा था, तभी सिपाहियों ने उसे दबोच लिया। 

वीना ने तलाक दिए बिना ही सतेंद्र से कोर्ट मैरिज की थी। तीन माह से प्रेमी के साथ रह रही वीना को नेमपाल ने बीमार बेटे को देखने के बहाने घर बुलाया था।

यह है पूरा मामला

नगला क्वार्सी के नेमपाल सिंह की गाजियाबाद के सिकरोड की वीना देवी से 17 वर्ष पहले दूसरी शादी की थी। 15 वर्ष का बेटा लविश है। नेमपाल मूल रूप से बुलंदशहर के गांव खुशालगढ़ी का है। पहली पत्नी भगवान देवी गांव में रहती हैं। उसके दो बेटे व दो बेटी हैं।

सीओ अमृत जैन ने बताया कि तीन माह पहले वीना ने अतरौली के गांव तेवथू के सतेंद्र के साथ प्रेम विवाह कर लिया था। दोनों नोएडा में रह रहे थे। सतेंद्र वहां ठेकेदारी करता है। 

शुक्रवार को सतेंद्र अपने गांव आया था। शनिवार को वीना भी गांव आ रही थी। नेमपाल ने शनिवार को वीना को फोन कर बेटा लविश की तबीयत खराब होने की जानकारी दी। वीना दोपहर एक बजे नोएडा से बस द्वारा अलीगढ़ पहुंची। क्वार्सी चौराहे से उसे नेमपाल अपने साथ ले गया। घर पर बेटा नहीं मिला तो पति से कहासुनी हुई। तब उसने बताया कि बेटा जीवन ज्योति अस्पताल में भर्ती है। 

झगड़े के दौरान ही सत्येंद्र ने वीना को फोन किया। नेमपाल ने फोन रिसीव किया। दोनों कहासुनी हो गई। इसके बाद सत्येंद्र ने वीना के अपहरण व बंधक बनाने की सूचना दी। 

पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी सत्येंद्र को लेकर करीब ढाई बजे नेमपाल के घर पहुंचे। पुलिसकर्मी वीना से पूछताछ ही रहे थे तभी नेमपाल ने गोली चला दी। मौके पर एक तमंचा व तीन कारतूस भी मिले हैं। सत्येंद्र ने नेमपाल के विरुद्ध हत्या का मुकदमा पंजीकृत कराया है।

महिला के अपहरण की सूचना मिली थी। पुलिसकर्मी सूचना देने वाले सत्येंद्र को साथ लेकर पहुंचे थे। महिला से पूछताछ कर रहे थे। जैसे ही महिला ने कहा कि सतेंद्र मेरा पति है और मैं उसके साथ रहना चाहती हूं। तभी दरवाजे के पीछे छिपे महिला के पति नेमपाल ने गोली चला दी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

-मृगांक शेखर पाठक, एसपी सिटी

यह भी पढ़ें: Kanpur Crime : ;'हैलो मैं RBI गर्वनर बोल रहा हूं' 5 दिन तक डिजिटल अरेस्ट कर NRI डॉक्टर से 80 लाख की ठगी

यह भी पढ़ें: Aligarh News: AMU में छात्रों के दो गुटों मारपीट-फायरिंग, एक घायल, दो छात्र निलंबित