Move to Jagran APP

अलीगढ़ में वक्फ की जमीन पर अवैध कब्जे, भाजपा विधायक ने उठाया मामला

पूर्व विधायक संजीव राजा ने डीएम को एक शिकायती पत्र दिया था। इसमें उन्होंने शाहजमाल कब्रिस्तान वक्फ नंबर 63 दरगाह हजरत सम्शुल आरफीन की खाली पड़ी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया था।

By Sandeep Kumar SaxenaEdited By: Updated: Wed, 27 Apr 2022 07:30 AM (IST)
Hero Image
पूर्व विधायक संजीव राजा ने डीएम से इसकी जांच कराने की मांग की थी।

अलीगढ़, जागरण संवाददाता। वक्फ की जमीनों पर अवैध कब्जों की शिकायत आम बात है। अब शहर के शाहजमाल क्षेत्र में भी एक ऐसा ही बड़ा मामला सामने आया है। यहां पर वक्फ नंबर 63 की दरगाह हजरत सम्शुल आरफीन पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। मकान तक बन गए हैं। पिछले दिनों शहर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक संजीव राजा ने डीएम से इसकी जांच कराने की मांग की थी। इसमें कोल तहसील से जांच हुई। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला अल्पसंख्यक अधिकारी ने पूरा ब्यौरा वक्फ बोर्ड को भेज दिया है। इसके माध्यम से यहां के अवैध कब्जादारों को बेदखली के लिए अनुमति देने की मांग की गई है।

यह है मामला

पूर्व विधायक संजीव राजा ने डीएम को एक शिकायती पत्र दिया था। इसमें उन्होंने शाहजमाल कब्रिस्तान वक्फ नंबर 63 दरगाह हजरत सम्शुल आरफीन की खाली पड़ी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया था। डीएम ने इसके लिए कोल तहसील को जांच के आदेश दिए। अब कोल तहसील ने इस पूरे मामले की जांच रिपोर्ट अल्पसंख्यक विभाग को दे दी है। वहां से इसे वक्फ बोर्ड में भेज दिया गया है। प्रभारी जिला अल्पसंख्यक अधिकारी स्मिता सिंह ने बताया कि कोल तहसील की जांच रिपोर्ट के आधार पर बेदखली के लिए वक्फ बोर्ड में मामला भेज दिया है। वहां से अनुमति मिलने के बाद कब्जा हटाया जाएगा।

चार हजार है करीब हैं वक्फ संपत्तियां

अलीगढ़ जिले में वक्फ की संपत्तियों की संख्या चार हजार से अधिक है। अल्पसंख्यक विभाग के अफसरों के मुताबिक वक्फ में दो तरह की संपत्तियां होती हैं। इसमें पहली है ‘वक्फ अलल खैर’।इसमें वे सभी धार्मिक संपत्तियां आती हैं, जिनमें मुस्लिम समुदाय के लोग इबादत करते हैं। जैसे-मस्जिद, इमामबाड़ा, ईदगाह, दरगाह व कब्रिस्तान आदि। दूसरी वक्फ संपत्ति ‘वक्फ अलल औलाद’ होती है। इनमें वे संपत्तियां आती हैं, जिनमें एक हिस्से को वक्फ के लिए दिया जाता है, जबकि बाकी हिस्सा दान करने वाला व्यक्ति अपनी औलाद के लिए रख देता है। इन संपत्तियों का प्रबंधन उन्हीं की औलादों के हाथ में होता है। यह पीड़ी दर पीड़ी हस्तांतरित होती रहती हैं।

जिले में वक्फ की संपत्तियों को लेकर प्रशासन सख्त है। पिछले काफी समय से अफसरों को अवैध कब्जे की शिकायत मिल रही थीं। ऐसे में जिले की कई प्रमुख वक्फ संपत्तियों पर जांच के आदेश दिए गए हैं। कई बड़े मामलों की जांच चल रही है।

- स्मिता सिंह, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी

वक्फ की संपत्तियों पर अवैध कब्जे की प्रशासन से शिकायत की गई है। जल्द कार्रवाई की मांग भी की है।

- संजीव राजा, पूर्व विधायक

मस्जिद निर्माण की अनुमति देने की मांग

अलीगढ़। इगलास क्षेत्र से मुस्लिम समाज के लोगों ने पूर्व विधायक हाजी जमीर उल्लाह खान के साथ डीएम से मुलाकात की। इसके माध्यम से उन्होंने मस्जिद सराय इंतजामियां को लेकर अपनी समस्या बताई। मस्जिद के मुतवल्ली ने बताया कि उनकी मस्जिद 300 साल पुरानी है। यह वक्फ बोर्ड में भी दर्ज हैं। ऐसे में अब यह जर्जर हालात में हो गई। ऐसे में अब यहां पर मरम्मत का काम कराया जा रहा है, लेकिन प्रशासन ने यह काम रुकवा दिया है। मस्जिद का बिजली का कनेक्शन काट दिया है। दस्तावेज दिखाने के बाद भी निर्माण की अनुमति नहीं मिल रही हैं। इस पर पूर्व विधायक ने डीएम से मस्जिद निर्माण को अनुमति देने की मांग की। डीएम ने एडीएम वित्त एवं राजस्व को बैठक कर मामला निस्तारित करने के निर्देश दिए हैं।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें