Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Kalyan Singh Funeral : कल्‍याण का पार्थिव देह देखकर भावुक रहे लोग, सड़क पर किया दंडवत प्रणाम Aligarh News

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए जनसमूह उमड़ पड़ा। अहिल्‍याबाई होल्‍कर स्‍टेडियम से लेकर अतरौली तक दोनों ओर लोग दर्शन के लिए खड़े रहे। गर्मी और धूप की परवाह किए बगैर लोग कल्‍याण सिंह के पार्थिव देह के दर्शन के लालायित रहे।

By Sandeep Kumar SaxenaEdited By: Updated: Mon, 23 Aug 2021 05:57 PM (IST)
Hero Image
युवा भाजपा नेता विजय कुमार सिंह ने साधु आश्रम के पास सड़क पर दंडवत होकर प्रणाम किया।

अलीगढ़, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए जनसमूह उमड़ पड़ा। अहिल्‍याबाई होल्‍कर स्‍टेडियम से लेकर अतरौली तक दोनों ओर लोग दर्शन के लिए खड़े रहे। गर्मी और धूप की परवाह किए बगैर लोग कल्‍याण सिंह के पार्थिव देह के दर्शन के लालायित रहे। अहम बात यह है कि  भाजपा के बरौली विधायक ठाकुर दलवीर सिंह के पौत्र युवा भाजपा नेता विजय कुमार सिंह ने साधु आश्रम  के पास सड़क पर दंडवत होकर प्रणाम किया।

साधु आश्रम पर पार्थिव देह के पहुंचते ही सड़क के दोनों ओर गगन में गूंजा जय श्रीराम...जय कल्याण, जय कल्याण। स्वरलहरियों में ये दोनों जयघोष माहौल में घुल से गए थे। आंखे नम हो गई थीं। प्रभु श्रीराम के प्रति समर्पित माटी के लाल का पार्थिव देह देख अलीगढ़ रो पड़ा। स्टेडियम में तो माहौल भावुक हो गया। पार्थिव देह देख हर हाथ खड़े हो गए। आंखों में आंसु थे। तमाम आंखे कल्याण सिंह की तस्वीर को देखकर रो रही थीं।

श्री राम की जय के लगते रहे नारे

रविवार की शाम उनकी पार्थिव देह राजकीय सम्मान के साथ शहर के अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम लाई गई तो पूरा माहौल जय श्री राम के जयघोषों से गूंज उठा था जब तक सूरज चांद रहेगा, बाबू जी का नाम रहेगा जैसे नारे लगाए गए। सीएम योगी आदित्यनाथ व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह भी अलीगढ़ आए और श्रद्धांजलि दी। देर रात यहां केंद्र व प्रदेश के कई बड़े नेताओं के पहुंचने की संभावना थी। सोमवार सुबह स्टेडियम से ही बाबू जी की अंतिम यात्रा उनके पैतृक गांव मढ़ौली (अतरौली) के सामने से गुजर गई। अतरौली एनेक्‍सी पर जनता दर्शन को पार्थिव देह को रखा गया। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए बुलंदशहर जिले में गंगा नदी के किनारे नारौरा के रवाना कर दिया गया।

एयर एंबुलेंस से अलीगढ़ लाया गया था पार्थिव देह

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पाॢथव देह लखनऊ से एयर एंबुलेंस से लाई गई। सीएम योगी आदित्यनाथ व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह भी इनके साथ दूसरे विमान से अलीगढ़ पहुंचे। ये सभी शाम साढ़े चार बजे जैसे धनीपुर एयरपोर्ट पहुंचे तो कल्याण सिंह अमर रहे के नारे गूंजने लगे। यहां से काफिले के रूप में अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम पहुंचे। 10 किमी की इस यात्रा में करीब एक घंटा का समय लगा। रास्ते में हर कोई बाबू जी के दर्शन के लिए उत्साहित था। जगह-जगह फूलों की वर्षा की गई। पौने छह बजे काफिला स्टेडियम पहुंचा तो नारों की गूंज यहां भी थी। बड़ी संख्या में लोग बाबू जी के अंतिम दर्शन के लिए मौजूद थे। यह भीड़ बढ़ती ही चली गई। रात तक यहां पर श्रद्धांजलि देने का सिलसिला चलता रहा।