Move to Jagran APP

साहब मैने पत्नी को मार दिया... वाइफ ने डिलीट किए मैसेज तो पति ने दी खौफनाक मौत

Aligarh Murder Case अलीगढ़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर शव को बाथरूम में बंद कर फरार हो गया। 24 घंटे बाद जब वह वापस लौटा तो उसने खुद थाने जाकर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

By Sumit Kumar Sharma Edited By: Abhishek Pandey Updated: Tue, 27 Aug 2024 03:39 PM (IST)
Hero Image
पत्नी की हत्या कर दिल्ली चला गया, 24 घंटे बाद थाने पहुंचकर कबूला जुर्म

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। रविवार रात साढ़े 11 बजे थाना क्वार्सी लगभग खाली था। पुलिस कर्मी ड्यूटी पर थे। मुंशी कार्यालय में ही चहल-पहल थी। तभी एसएचओ विजयकांत शर्मा गाड़ी से थाने पहुंचे। उतरकर कार्यालय की ओर पैदल बढ़ रहे थे, तभी पीछे से आए एक व्यक्ति ने धीरे से कहा, साहब, ‘मेरे से मेरी पत्नी मर गई है’। यह सुन इंस्पेक्टर के कदम वहीं ठहर गए। एक पल तो विश्वास ही नहीं हुआ। उन्होंने युवक को कार्यालय में बिठाया। तब उसने पूरा घटनाक्रम बताया।

बोला, पत्नी ने मोबाइल के सभी मैसेज डिलीट कर दिए थे। इसे लेकर झगड़ा हो गया। नौबत हाथापाई तक आ गई। तभी अंगोछे से गला घोंट दिया। हत्या कर शव को बाथरूम में बंद कर मकान का ताला लगाकर दिल्ली चला गया था। 24 घंटे बाद लौटे हत्यारोपित की कहानी सुनकर इंस्पेक्टर हैरान रह गए। उसे गिरफ्तार कर लिया।

महिला के दहेज हत्या का मुकदमा पंजीकृत कराया है। ये भी पता चला है कि आरोपित के किसी महिला से अवैध संबंध थे। महिला के विरोध पर दोनों में विवाद होता था। लेकिन, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी।

विवाद के बाद की पत्नी की हत्या

मोहल्ला रजा नगर की नगमा का निकाह आठ अगस्त 2020 को हरदुआगंज क्षेत्र के मोहल्ला सिद्ध के मैराज के साथ हुआ था। मैराज बाइक मिस्त्री है। करीब छह माह से रजा नगर में ही किराए के मकान में पत्नी के साथ रह रहा था। इन पर तीन वर्ष की बेटी है। पुलिस के अनुसार शनिवार रात को मैराज काम से घर लौटा था। तभी उसका पत्नी से विवाद हो गया और उसने नगमा की हत्या कर दी।

घटना के बाद आरोपित मकान बंद कर फरार हो गया। दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रुका। उसे लगा कि पुलिस कभी न कभी उसे पकड़ लेगी। इसके चलते रविवार देररात लौटकर आया। करीब 12 बजे साले वासिद को फोन करके थाना क्वार्सी में बुलाया। उसने आने से मना कर दिया तो मैराज थाने पहुंच गया। बोला कि उसने पत्नी की हत्या कर दी है। पुलिस उसे लेकर मकान पर पहुंची। पड़ोस में रहने वाले साले को बुलाया गया। उनके सामने मकान का ताला खोलकर बाथरूम से नगमा का शव बरामद किया गया।

24 घंटे बीत जाने के चलते बदबू आ रही थी। चेहरा भी गल गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर मृत्यु की बात सामने आई है।

इंस्पेक्टर विजयकांत शर्मा ने बताया कि आरोपित ने पूछताछ में बताया कि पत्नी के फोन में मैसेज डिलीट करने को लेकर हाथापाई तक हो गई थी। इसमें उसने घटना कर दी।

ननदों से हुईं बात, मगर कुछ नहीं बताया

निशा से एक दिन पहले नगमा की बात हुई थीं। जबकि दरखशा ने शनिवार रात साढ़े नौ बजे बात की थीं। लेकिन, उस समय भी नगमा ने किसी को कुछ नहीं बताया। आरोप है कि घटना के बाद बेटी लापता है। उसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। पुलिस ने बेटी के बारे में पूछा तो आरोपित ने बताया कि उसने बेटी को पहले ही रजा नगर में रहने वाली बहन के घर पर छोड़ दिया था।

ससुरालियों पर बुलट व दो लाख रुपये मांगने का आरोप

नगमा की ननदों के अनुसार मैराज के किसी अन्य महिला से अवैध संबंध थे। वह अपना फोन तक नगमा को नहीं दिखाता था। इसे लेकर अक्सर झगड़ा होता था। लेकिन, भाई वासिद ने इससे इन्कार किया है। वासिद ने शौहर मैराज के अलावा उसकी बहन मुमताज, भाई रियाज व इम्तियाज व मां मुन्नी के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कराया है।

कहा है निकाह के कुछ दिन बाद ही ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में बुलट बाइक व दो लाख रुपये की मांग करने लगे। धमकी देते थे कि मांग पूरी होगी, तभी घर में रखेंगे। काफी समझाने पर भी बदलाव नहीं आया। दहेज की मांग पूरी न होने पर सभी ने मिलकर नगमा की हत्या कर दी।

सीएओ तृतीय अमृत जैन ने बताया- आपसी झगड़े में आरोपित ने अपनी पत्नी की हत्या की है। उसने अपना जुर्म कबूल किया है। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसके विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।

इसे भी पढ़ें: 'लेखपाल पर कार्रवाई करिए नहीं तो हाथ-पैर तोड़ दिए जाएंगे', SDM से बोले भाजपा विधायक

इसे भी पढ़ें: यूपी के लोगों के लिए खुशखबरी, 80 करोड़ की लागत से बनेगा PPP मॉडल शॉपिंग कॉम्लैक्स; जमीन चिह्नित

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें