Move to Jagran APP

Aligarh Crime News: छात्र प्रिंस हत्या का मास्टरमाइंड निकला कुनाल, छात्रा से एकतरफा प्यार में मारी थी गोली

Aligarh News छात्रा के पुराने दोस्त ऋतिक को फंसाने के लिए लिया नाम देर शाम स्वीकारा जुर्म। घटना के बाद स्कूल के छात्र दहशत में हैं। प्रिंस के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे एक छात्र की हालत खराब है। वह घटना को भुला नहीं पा रहा है।

By Jagran NewsEdited By: Abhishek SaxenaUpdated: Sun, 21 May 2023 07:55 AM (IST)
Hero Image
Aligarh Crime News: कुनाल ही निकला मास्टरमाइंड, एकतरफा प्यार में प्रिंस को मारा

अलीगढ़, जागरण टीम। अलीगढ़ में टप्पल क्षेत्र के बैरमगंज स्थित आरपीएस ग्लोबल स्कूल के गेट पर छात्र प्रिंस की हत्या का मास्टरमाइंड पकड़ गया आरोपित कुनाल ही निकला। एकतरफा प्यार में वह छात्रा को परेशान करता था। ऋतिक छात्रा का पुराना दोस्त है। अब प्रिंस भी छात्रा से बातचीत करने लगा था, जो कुनाल को नागवार गुजरा। इसलिए उसने प्रिंस को मारकर ऋतिक को फंसाने के लिए सुपारी की कहानी बनाई। देर शाम जुर्म कबूलने के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।

प्रिंस की हुई थी हत्या

टप्पल के गांव कमालपुर का 17 वर्षीय प्रिंस शुक्रवार सुबह दोस्त संग बाइक से स्कूल गया था। सवा आठ बजे दोनों स्कूल के गेट पर पहुंचे। वहां बाइक सवार दो युवक पहले से ही खड़े थे। एक ने प्रिंस का नाम पूछा और तमंचा निकालकर उसे गोली मार दी। आरोपितों को करीब एक किमी दूर जरतौली मोड़ पर पकड़ लिया। इनमें जट्टारी के कुनाल उर्फ कालू और आफताब हैं।

कुनाल ने पूछताछ में बताया कि जट्टारी के युवक ऋतिक गर्ग ने 25 हजार रुपये में हत्या की सुपारी दी थी। बताया कि ऋतिक एक लड़की से प्यार करता था, जबकि वह प्रिंस से बात करना पसंद करती थी। इसलिए ऋतिक से उसे तमंचा, बाइक और पैसे दिए।

पुलिस ने ऋतिक से की पूछताछ

एसपी देहात पलाश बंसल ने बताया कि शनिवार को पुलिस ने जब ऋतिक से पूछताछ की तो उसके चेहरे पर कोई डर नहीं था। उसने कहा कि वह कुनाल को जानता भी नहीं है। न ही घटना से उसका कोई संबंध है। इसके बाद छात्रा ने बताया कि उसकी जनवरी तक ऋतिक से दोस्ती थी। इसके बाद से ही कुनाल ने उससे संपर्क किया। उसके पास छात्रा की कुछ तस्वीरें थीं, जिन्हें दिखाकर परेशान करता था। वाट्सएप काल करता था। छात्रा प्रिंस की जूनियर है। साथ में परीक्षा देने के दौरान दोनों की बातचीत हुई। साथ में लंच भी करते थे। इसी के चलते उसने प्रिंस को मार दिया।

छात्रा को दी थी धमकी, प्रिंस को मार दूंगा

पुलिस के अनुसार कुनाल छात्रा को परेशान करता था। छात्रा ने स्वजन से भी शिकायत की थी कि एक लड़का परेशान कर रहा है। लेकिन, कुनाल का नाम नहीं बताया था। कुछ दिन पहले कुनाल ने छात्रा को धमकी तक दी थी कि प्रिंस को जान से मार देगा।

मतदान के दिन दिल्ली में था ऋतिक

कुनाल ने 11 मई को ऋतिक द्वारा तमंचा देने की बात बताई। कहा कि जट्टारी के पटेल सेंटर में मतदान के बाद ऋतिक ने तमंचा दिया था। मगर उस दिन ऋतिक की लोकेशन दिल्ली में ही थी। उसने मतदान भी नहीं किया था। घंटों पूछताछ के बाद ऋतिक ने कहा कि उसे चाहे जेल भेज दो, मगर यही सच है।

स्प्लेंडर चोरी की, हरियाणा की नंबर प्लेट लगाई

कुनाल जट्टारी में ही गाड़ियों की वर्कशाप चलाता है। आफताब उसके यहां काम करता था। उसने करीब पांच महीने पहले स्प्लेंडर चोरी की थी। उस पर हरियाणा की नंबर प्लेट लगा ली। पुलिस बाइक के मालिक तक पहुंची। उसने बताया कि बाइक का बीमा नहीं था। इसलिए मुकदमा नहीं कराया।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें