Aligarh News: दोस्त की गलती की सजा किशोर को दी, सिर मुंडवाकर पूरे गांव में घुमाया; गिड़गिड़ाता रहा पिता
बरला के फुसावली गांव में एक किशोर को उसके दोस्त द्वारा गांव की एक लड़की को भगाने के आरोप में क्रूर सजा दी गई। किशोर का सिर मुंडवाकर जूतों की माला पहनाकर उसे पूरे गांव में घुमाया गया जबकि लोग तमाशा देखते रहे। आरोप है कि किशोर के पिता को भी बंधक बनाया गया और उन्हें पीटा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। गांव फुसावली में शनिवार को जो कुछ हुआ वह संवेदनाओं को झकझोर देने के लिए काफी है। सिर मुंड़वाने के बाद गले में जूतों व चप्पलों की माला डालकर एक घंटे तक किशोर को गांव में घुमाया गया, मगर लोग तमाशबीन बने रहे। वीडियो बनाते रहे। कोई बचाने नहीं आया। आरोप है कि पिता को भी बंधक बना लिया था। वह अपने बेटे को छोड़ने के लिए हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता रहा, पर किसी को रहन न आया।
किशोर का गुनाह सिर्फ इतना था कि अपने दोस्त को बाइक दे दी थी। इसी बाइक से दोस्त गांव की किशोरी को भगा ले गया। दोनों को स्वजन देहरादून से ले आए, मगर पंचायत से लेकर सजा तक की प्रक्रिया चौंकाने वाली है। कानून को दरकिनार कर फैसले ले लिए गए।
किशोरी को भगाने वाले को एक वर्ष के लिए गांव निकाला दे दिया गया। पंचायत में शनिवार को दोपहर हुई थी। इसमें किशोरी को भगाने वालेे किशोर की सजा तय कर दी गई। किशोरी को स्वजन के साथ भेज दिया गया था। मगर किशोरी के स्वजन का गुस्सा कम न था। किशोरी भगा ले जाने वाले किशोर के दोस्त को सजा देने का मन बना लिया था। इसीलिए वे बाइक को अलीगढ़ रेलवे स्टेशन से गांव ले गए। इसे ले जाने के लिए किशोर को बुलाया। उसने बताया था कि बाइक क्यों मांगी है यह उसे नहीं पता था।
दवा लेने अलीगढ़ जा रहा है, कहकर निकला था लड़का
यह बताया था कि दवा लेने अलीगढ़ जा रहा है। इस जवाब से कोई संस्तुष्ट न था। मारपीट के बाद उसे घुमाया तो भीड़ लग गई। कोई लात मार था तो कोई चप्पल। किसी ने पुलिस को खबर तक नहीं दी। जिस समय किशोरी के स्वजन किशोर का सिर मुड़वा रहे थे, तब उसके पिता हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते रहे कि उसके बेटे का कसूर क्या है। ऐसी सजा मत दो। मगर किसी ने उनकी मिन्नत नहीं मानी।
किशोर का कुछ पता नहीं
गांव में घुमाने के बाद जब किशोर चला तो गया, मगर अपने घर नहीं पहुंचा। पिता बेटे को गांव में तलाशते रहे, मगर उसका कुछ पता नहीं लगा। वह शर्म के चलते गांव से ही चला गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तलाश की जा रही है। स्वजन का रो रोकर बुरा हाल है। सीओ गर्वित सिंह रविवार की देर शाम गांव पहुंचे। घटना के बारे में जानकारी की। सीओ ने बताया कि मामला गंभीर है। वीडियो के आधार पर लोगों की पहचान की जा रही है।
पिता को घर में बंधक बनाने का आरोप
पीड़ित किशोर के पिता का आरोप है कि किशोरी के स्वजन को पिता-पुत्र दोनों को बुलाया था। लग रहा था कि बाइक दे देंगे। इसके लिए दोनों गए भी, मगर वहां दोनों को पीटा। उन्हें बंधक बनाए रखा। बेटे को गांव में घुमाने के बाद ही दोनों को छोड़ा। प्रधान महेंद्र सिंह ने इस घटना को काफी गलत बताया। उन्होंने बताया कि वे गांव में नहीं थे। किशोर के साथ काफी गलत हुआ। शोर के साथ
चार भाइयों में तीसरे नंबर का है पीड़ित
पीड़ित किशोर चार भाइयों में तीसरे नंबर का है। पिता एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। इन्होंने दूसरे नंबर के बेटे को बेदखल कर रखा है। वह बाहर रहता है। तीन बेटों के साथ वह रहते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।