Move to Jagran APP

अलीगढ़ में दर्दनाक हादसा- कैंटर ने दो दोस्तों और एक राहगीर की रौंदा, तीनों की मौत; पसरा मातम

अलीगढ़ के दादों क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। कैंटर ने बाइक सवार दो दोस्तों और एक राहगीर को रौंद दिया जिसमें तीनों की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक कैंटर छोड़कर फरार हो गया। दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में ले लिया है और चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Tue, 29 Oct 2024 01:21 AM (IST)
Hero Image
विवेक और सनी (बाएं से दाएं)। फाइल फोटो
संवाद सूत्र, अलीगढ़। दादों क्षेत्र के दादों-आलमपुर मार्ग पर सोमवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। कैंटर ने बाइक सवार दो दोस्तों व सड़क किनारे खड़े एक राहगीर को रौंद दिया, जिसमें तीनों की मौत हो गई। लोगों का कहना का है कैंटर चालक ने सामने से विपरीत दिशा में आकर टक्कर मारी। हादसे के बाद आरोपी चालक कैंटर छोड़कर फरार हो गया। दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।

काम से लौटे थे दोनों दोस्त

दादों क्षेत्र के गांव खरीरी के विवेक पुत्र दलवीर व सनी उर्फ सचिन पुत्र विमलेश रात करीब साढ़े आठ बजे बाइक से किसी काम से कस्बे में आए थे। देर रात बाइक से लौट रहे थे। आलमपुर मार्ग पर गांव नगला भूड़ के पास ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। 

इसके बाद, अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मौजूद गांव नगला भूड़ के हरिओम को रौंद दिया। हरिओम खेत से अपने घर लौट रहे थे। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। 

जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। घायलों को छर्रा सीएचसी में ले जाया गया, जहां तीनों को मृत घोषित कर दिया गया। सीओ छर्रा महेश कुमार घटनास्थल पर पहुंच गए और जानकारी ली। उन्होंने बताया कि घटना का कोई चश्मदीद नहीं है। कैंटर संभल का है। इसे कब्जे में ले लिया है।

तहरीर के आधार पर चालक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा। चर्चा है कि युवकों ने ट्रक को ओवरटेक किया, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। 

दोनों युवकों की मौत से गांव में मातम 

सनी तीन भाई व एक बहन से सबसे बड़े थे। हाई स्कूल में पढ़ रहा था। पिता मजदूरी करते हैं। हादसे के बाद मां राजकुमारी बेसुध हो गईं। गांव की महिलाएं ने उन्हें ढांढस बंधाया। इधर, विवेक चार भाइयों में तीसरे नंबर के थे। इनकी चार बहन भी हैं। पिता मजदूरी करते हैं। दोनों की मौत से गांव में मातम छा गया है।

अलग-अलग हादसों में घायल दो लोगों की मौत

अलीगढ़। अलग-अलग सड़क हादसों में घायल दो लोगों की मौत हो गई। हाथरस के गांव भोजगढ़ी के सवनीश तीन दिन पहले बाइक से बाजार जा रहे थे। गांव रूहेरी के पास कार ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें रामघाट रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। सवनीश मजदूरी करते थे। 

वहीं, गंगीरी क्षेत्र के गांव तेहरा के मोहित 19 अक्टूबर को बाइक से अलीगढ़ से गांव लौट रहे थे। मडराक के पास रोडवेज बस की टक्कर से घायल हो गए। जेएन मेडिकल कालेज में उनका उपचार चल रहा था, जहां रविवार देररात उनकी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें: चूड़ी की दुकान में दुकानदार ने छिपाकर रखा था सामान, बोरी खोलते ही उड़ गए पुलिस के होश… मिली खतरनाक चीज!

यह भी पढ़ें: रामभद्राचार्य से डांट खाकर अभिनव अरोड़ा को हुई टेंशन! कोर्ट को बताया- स्कूल नहीं जा पा रहा… लगाए गंभीर आरोप

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।