Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

मधुमक्खियों का घातक हमला, कई लोग जख्मी, कौशांबी के कब्रिस्तान में जान बचाने के लिए भागते फिरे इंसान

ताजा मामला है कौशांबी जनपद में मंझनपुर इलाके के सेलरहा पश्चिम गांव का जहां सोमवार को सुपुर्द ए खाक के दौरान मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। इससे दर्जन भर लोग घायल हो गए। अफरातफरी मच गई। घायल हुए लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

By Ankur TripathiEdited By: Updated: Mon, 14 Mar 2022 11:10 PM (IST)
Hero Image
प्रयागराज में मधुमक्खियों ने हमला बोला तो कई लोग जख्मी हो गए

प्रयागराज, जेएनएन। मधुमक्खियों का छत्ता देखने में जितना आकर्षक लगता है, अगर उसे छेड़ा तो घातक भी होता है। ऐसे कई वाकये सामने आ चुके हैं जब मधुमक्खियों के छत्ते पर लोगों ने ईंट पत्थर फेंका तो आक्रोशित होकर इन मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। मधुमक्खियों  के हमले में लोग जख्मी होते हैं तो जान भी गंवा बैठते हैं। ताजा मामला है कौशांबी जनपद में मंझनपुर इलाके के सेलरहा पश्चिम गांव का जहां सोमवार को सुपुर्द ए खाक के दौरान मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। इससे दर्जन भर लोग घायल हो गए। अफरातफरी मच गई। घायल हुए लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो लोगों की हालत नाजुक देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा। साफ है कि मधुमक्खियों के साथ जरा सी छेड़खानी किस कदर जान पर भारी पड़ जाती है।

जनाजे में शामिल शख्स ने मारी ईंट, फिर भड़की मधुमक्खियां

अब यह जानिए यह पूरा घटनाक्रम हुआ क्या। सेलरहा पश्चिम निवासी मुस्तफा हुसैन की बीवी हैदरी बेगम (60) का रविवार को इंतकाल हो गया था। सोमवार दोपहर गांव के बाहर स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किए जाने लगा। इसमें तमाम लोग एकत्र हुए। इस दौरान किसी व्यक्ति ने पेड़ में लगे मधुमक्खियों के छत्ते में ईंट मार दी। ईट लगते ही छत्ता बिखर गया और मधुमक्खियां बिदक गईं। फिर क्या था। मधुमक्खियां वहां मौजूद लोगों पर टूट पड़ीं।

जब मधुमक्खियों का हमला हुआ तो जान बचाने के लिए लोग इधर उधर भागे। शाकिर अली, सलीम, अफसर, लल्लू, अनवर अली, शानू के अलावा पिपरी गांव निवासी रिश्तेदार शाहिद अली, नफीस अहमद, गोरियां सयारां के मोहम्मद अलीम तथा सिराथू कस्बे के रहमतुल्लाह आदि मधुमक्खियों के डंक से जख्मी हो गए। इन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। अलीम व रहमतुल्लाह की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जाती है। मधुमक्खियों के शांत होने पर हैदरी बेगम को सुपुर्द ए खाक किया गया।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर