Move to Jagran APP

Hindustani Academy awards: इन 11 लेखकों को मिलेगा पुरस्कार, बेहद प्रतिष्ठित है यह सम्मान

हिंदुस्तानी एकेडेमी उत्तर प्रदेश ने राष्ट्रीय और प्रादेशिक स्तर पर दिए जाने वाले सम्मान / पुरस्कार की घोषणा शुक्रवार को कर दी है। विभिन्न लेखन सामग्री के लिए घोषित सम्मान में तीन राष्ट्रीय स्तर के हैं। वर्ष 2021 में प्रकाशित पुस्तकों पर प्रादेशिक स्तर के सम्मानों की घोषणा भी हुई

By Ankur TripathiEdited By: Updated: Fri, 17 Jun 2022 09:37 PM (IST)
Hero Image
हिंदुस्तानी एकेडेमी यूपी ने राष्ट्रीय और प्रादेशिक स्तर पर दिए जाने वाले सम्मान / पुरस्कार की घोषणा की

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। हिंदुस्तानी एकेडेमी उत्तर प्रदेश ने राष्ट्रीय और प्रादेशिक स्तर पर दिए जाने वाले सम्मान / पुरस्कार की घोषणा शुक्रवार को कर दी है। विभिन्न लेखन सामग्री के लिए घोषित सम्मान में तीन राष्ट्रीय स्तर के हैं। इसमें शिखर सम्मानों में गुरु गोरक्षनाथ सम्मान ग्राम धरवारा आजमगढ़ निवासी डा. कन्हैया सिंह को आदिकालीन साहित्य में अवदान के लिए (पांच लाख रुपये), गोस्वामी तुलसीदास सम्मान भक्तिकालीन साहित्य में अवदान के लिए लखनऊ के प्रो. हरिशंकर मिश्रा को (पांच लाख रुपये) तथा संत कबीर सम्मान संत कबीर पर केंद्रित साहित्य पर अवदान के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के प्रोफेसर और डीन प्रोफेसर अनिल राय को (चार लाख रुपये) दिया जाएगा। प्रादेशिक सम्मान में प्रयागराज के दो लोगों को सफलता मिली है।

वर्ष 2021 में प्रकाशित पुस्तकों पर प्रादेशिक स्तर के सम्मानों की घोषणा भी हुई है। इनमें महावीर प्रसाद द्विवेदी सम्मान, महादेवी वर्मा सम्मान, फिराक गोरखपुरी सम्मान, भिखारी ठाकुर भोजपुरी सम्मान, बनादास अवधी सम्मान, कुम्भनदास ब्रजभाषा सम्मान, ईसुरी बुन्देली सम्मान तथा हिंदुस्तानी एकेडेमी युवा सम्मान के लिए आवेदन पत्र/संस्तुतियां मांगी गई थीं। जो प्रविष्टियां प्राप्त हुईं उन पर विशेषज्ञों ने मूल्यांकन किया। इसके बाद पुरस्कार समिति की बैठक में सम्यक परीक्षण के बाद सम्मान/पुरस्कारों की संस्तुति की गयी है।

इन्हें मिलेगा प्रादेशिक सम्मान

महावीर प्रसाद द्विवेदी सम्मान : दो लाख रुपये का सम्मान पुस्तक अवधी साहित्य का आलोचनात्मक इतिहास के लेखक प्रो. त्रिभुवननाथ शुक्ल, मधू का पूरा करछना बरांव प्रयागराज को मिलेगा।

महादेवी वर्मा सम्मान : एक लाख रुपये का सम्मान पुस्तक स्त्री अस्मिता और मूल्य के लेखक सुरेंद्र मोहन पिनाकपाणि रसूलाबाद, तेलियरगंज प्रयागराज को मिलेगा।

फिराक गोरखपुरी सम्मान : एक लाख रुपये का सम्मान पुस्तक अनुभव है जाना पहचाना के लिए मीरजापुर के वासलीगंज घास की गली निवासी गणेश गंभीर को मिलेगा।

कुम्भनदास ब्रजभाषा सम्मान : एक लाख रुपये का सम्मान पुस्तक सब्दन के शिल्पी के लिए ग्राम छछैना जिला एटा निवासी डा. सुधीर कुमार शर्मा को मिलेगा।

बनादास अवधी सम्मान : एक लाख रुपये का सम्मान पुस्तक बेझरउटा के लिए अध्यक्ष अवध भारती संस्थान नरौली हैदरगढ़ बाराबंकी डा. रामबहादुर मिश्र को मिलेगा।

भिखारी ठाकुर भोजपुरी सम्मान : एक लाख रुपये का सम्मान पुस्तक ए सरकार किसान हई हम के लेखक ग्राम लठूडीह गांधीनगर गाजीपुर निवासी संजीव कुमार त्यागी को मिलेगा।

ईसुरी बुन्देली सम्मान : एक लाख रुपये का सम्मान पुस्तक बुन्देली रस गोरस के लिए ग्राम इंदी सरसैंड़ा टहरौली झांसी निवासी सुकदेव कुमार व्यास को मिलेगा।

हिंदुस्तानी एकेडेमी युवा लेखन सम्मान (कथा साहित्य) : 11 हजार रुपये का सम्मान पुस्तक स्टूडेंटनामा, के लिए ग्राम खुटहा शिवरामपुर चित्रकूट निवासी अनिल कुमार निलय को मिलेगा।

हिन्दुस्तानी एकेडेमी युवा लेखन सम्मान (कविता) : 11 हजार रुपये का सम्मान पुस्तक प्रेम अमर है, के लिए सतरिक रोड चिनहट ग्राम सराय शेख लखनऊ निवासी अमर कुमार श्रीवास्तव को मिलेगा।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।