Move to Jagran APP

उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक प्रयागराज पहुंचे, अस्पतालों की सेहत सुधरने की है उम्‍मीद

यूपी के उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक शुक्रवार की दोपहर बाद प्रयागराज आएंगे। सर्किट हाउस में विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। वे किसी भी अस्पताल का भ्रमण कर सकते हैं। अस्पतालों में व्याप्त अव्यवस्था को ऊपर से पाटने की कई दिनों से कोशिश भी हुई है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Updated: Fri, 10 Jun 2022 10:22 AM (IST)
Hero Image
उत्‍तर प्रदेश के उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक आज प्रयागराज आएंगे। प्रयागराज व प्रतापगढ़ में निरीक्षण व बैठक करेंगे।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। यूपी के उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक आज शुक्रवार को प्रयागराज आएंगे। प्रयागराज मंडल में तीन दिन रहकर निरीक्षण व बैठक करेंगे। प्रतापगढ़ में भी निरीक्षण को जाएंगे। डिप्‍टी सीएम ब्रजेश पाठक चिकित्सा शिक्षा मंत्री भी हैं, इससे अस्पतालों की सेहत में भी सुधार आना तय माना जा रहा है।

अस्‍पताल में मिल सकती है खामियां : उत्‍तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक आज प्रयागराज आएंगे। रायबरेली से स्टाफ कार द्वारा उनका आगमन प्रोटोकाल के अनुसार दोपहर सवा दो बजे सर्किट हाउस होगा। अपने विभाग की योजनाओं की समीक्षा करेंगे। ब्रजेश पाठक चिकित्सा शिक्षा मंत्री भी हैं इसलिए किसी अस्पताल का स्थलीय निरीक्षण भी कर सकते हैं। हालांकि जिस भी अस्पताल में उनका जाना होगा वहां खामियां मिलना तय है क्योंकि धरातल पर चिकित्सा व्यवस्था पहले से बिगड़ी हुई है और ऐसे में उप मुख्यमंत्री को हालात पर शर्मिंदगी भी महसूस हो सकती है। कारण यह है कि अस्पतालों में योगी सरकार के बीते कार्यकाल के दौरान भी व्यवस्थाओं के नाम पर खूब बजट झोंका गया था लेकिन उपचार के हालात में अपेक्षा के अनुसार सुधार नहीं हो सका।

दलापुर और फतेहपुर बिछुआ जाएंगे डिप्टी सीएम : उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को प्रयागराज पहुंच रहे हैं। दोपहर तीन बजे डिप्टी सीएम सर्किट हाउस में सांसद, विधायक, एमएलसी व अन्य जनप्रतिनिधियों तथा भाजपा पदाधिकारियों के साथ जनहित की समस्याओं के संबंध में बैठक करेंगे। फिर शाम चार बजे वह समीक्षा बैठक करेंगे।

डिप्‍टी सीएम कल शनिवार का करेंगे दौरा : शनिवार को वह प्रतापगढ़ का दौरा करेंगे। रविवार की सुबह 10 बजे छत्रपति शिवाजी डिग्री कालेज, सहसों में भाजपा की ओर से आयोजित गरीब कल्याण जनसभा को संबोधित करेंगे। फिर एक गांव का निरीक्षण करेंगे। माना जा रहा है कि वह बहादुरपुर के दलापुर गांव जाएंगे। जिला प्रशासन की ओर से इसी गांव के भ्रमण का प्रस्ताव भेजा गया है। गांव में भ्रमण की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। पंचायत भवन से लेकर कंपोजिट विद्यालय को चमका दिया गया है। सड़कें भी दुरुस्त करा दी गई हैैं। गोआश्रय स्थल को भी बेहतर कर दिया गया है। सीडीओ शिपू गिरि, डीडीओ अशोक कुमार मौर्य, उपायुक्त एनआरएलएम अजीत कुमार, डीपीआरओ एके सिन्हा और ब्लाक के अधिकारी दलापुर में डटे रहे।

निर्माणाधीन परियोजना व पेयजल समूह का भी जायजा लेंगे : डिप्टी सीएम इसके वह एसआरएन अस्पताल जा सकते हैैं। उप मुख्यमंत्री एक निर्माणाधीन परियोजना व पेयजल समूह योजना का भी जायजा लेंगे। फिर फतेहपुर बिछुआ मलिन बस्ती में भ्रमण करने की तैयारी है। वहां पर रात्रि भोज का भी कार्यक्रम है। रात में वह लखनऊ रवाना हो जाएंगे।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें