Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Indian Railways: ट्रेन में लें रेस्टोरेंट जैसी सुविधा, डिमांड पर यात्रियों को मिलेगा मनपसंद नाश्ता और भोजन

Indian Railways एनसीआर के सीपीआरओ बोले कि रेलवे बोर्ड की ओर से नया आदेश जारी किया गया है। इसमें आइआरसीटीसी को मौजूदा खाद्य सामग्री की मैन्यू सूची में बदलाव की छूट दे दी गई है। अब भोजन में विविधता कर सकेंगे। इसमें यात्रियों की डिमांड का ख्याल रखा जाएगा।

By Jagran NewsEdited By: Brijesh SrivastavaUpdated: Wed, 16 Nov 2022 10:58 AM (IST)
Hero Image
आइआरसीटीसी अभी यात्रियों की डिमांड के अनुरूप सूची तैयार कर रहा है कि यात्री ट्रेन में क्या-क्या मांग सकते हैं।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। सोचिए कि आप ट्रेन में सफर कर रहे हैं और आपको बर्गर खाने का मन है। या आप पूर्वांचल के आसपास यात्रा करते हुए पहुंच चुके हैं और यहां की बाटी-चोखा खाने की प्रबल इच्छा आपके के अंदर पैदा हुई है। ऐसे में आपको चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, क्‍योंकि आपकी पसंद और आपके स्वाद का ख्याल रेलवे रखेगा। ट्रेन में रेस्टोरेंट जैसी सुविधा आपको आन डिमांड मिलेगी। अपने मनपसंद भोजन और नाश्ते का आर्डर देकर आप उसे ट्रेन के अंदर ही खा सकेंगे। यह बदलाव जल्द ही उन सभी ट्रेनों में दिखने लगेगा जिसमें पैंट्री कार मौजूद है।

रेलवे बोर्ड ने जारी किया आदेश : रेलवे बोर्ड ने इस बड़े बदलाव के लिए अपनी ओर से एक आदेश जारी कर दिया है। इसमें आइआरसीटीसी को यह छूट दी गई है कि वह अब निर्धारित सूची के अतिरिक्त भी भोजन परोस सकेंगे। यानी स्थानी चीजों का यात्रियों की डिमांड के अनुसार अन्य खाद्य सामग्री भी उपलब्ध करा सकेंगे। रेलवे बोर्ड के आदेश के बाद आईआरसीटीसी ने भी अपनी तैयारी शुरू कर दी है और इसी महीने में यह सुविधा यात्रियों को मिलने लगेगी। फिलहाल आइआरसीटीसी अभी यात्रियों की डिमांड के अनुरूप एक सूची तैयार कर रहा है कि यात्री ट्रेन में क्या-क्या मांग सकते हैं।

स्थानीय व्यंजनों को भी वरीयता : आइआरसीटीसी ट्रेनों में स्थानीय व्यंजनों को भी वरीयता देगा। यानी जिस स्थान पर जो चीज खाद्य सामग्री के रूप में बहुत अधिक प्रसिद्ध है आइआरसीटीसी ऐसी चीजों को अपनी मुख्‍य सूची में भी शामिल कर लेगा, जिससे यात्रियों को आनडिमांड चीजें उपलब्ध कराए जा सकेंगे।

मरीजों और बच्चों का भी ख्याल : ट्रेन में आनडिमांड नाश्ता व भोजन उपलब्ध कराने की सुविधा में मरीजों और बच्चों का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा। यानी बच्चों को जो चीजें पसंद है वह भी आइआरसीटीसी उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा डायबिटीज जैसी बीमारी से परेशान यात्री को डायबिटीज को दिए जाने वाले भोजन के अनुरूप ही खाद्य सामग्री उपलब्ध करा दी जाएगी। इससे यात्रियों को बहुत लाभ होगा और वह और सुखद यात्रा का अनुभव कर सकेंगे।

बोले, एनसीआर के सीपीआरओ : उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि रेलवे बोर्ड की ओर से नया आदेश जारी किया गया है। इसमें आइआरसीटीसी को मौजूदा खाद्य सामग्री की मैन्यू सूची में बदलाव की छूट दे दी गई है। अब भोजन में विविधता कर सकेंगे। इसमें यात्रियों की डिमांड का ख्याल रखा जाएगा। इससे यात्रियों का सफर और भी सुखद बन जाएगा।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर