Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Lok Sabha Elections 2024: यूपी में धुरंधरों के राजनीत‍िक पाला बदलने की हवा से हलचल, सपा के बड़े चेहरों पर नजर

Lok Sabha Elections यूपी की राजनीति में बड़े फेरबदल के कयास लगाए जा रहे हैं। प्रयागराज मंडल में प्रदेश सरकार में तीन बार मंत्री व इलाहाबाद लोकसभा सीट से दो बार सांसद रह चुके सपा के कद्दावर नेता रेवती रमण सिंह सपा विधायक पूजा पाल अपना दल (कृष्णा गुट) की विधायक पल्लवी पटेल व सपा के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज के भाजपा के पाले में जाने की चर्चा तेज है।

By Swati SinghEdited By: Swati SinghUpdated: Sun, 30 Jul 2023 08:22 AM (IST)
Hero Image
धुरंधरों के पाला बदलने की हवा से हलचल, सपा के बड़े चेहरों पर है नजर

प्रयागराज, अमलेंदु त्रिपाठी। कुछ सियासी बदलाव प्रयागराज और पूरे प्रदेश के लिए चौंकाने वाले होंगे। उसकी वजह कुछ और नहीं समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेताओं की भगदड़ बन सकती है। लोकसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों में तेजी से हो रही गोलबंदी से कई गुल खिलेंगे और परिवर्तन की बयार में सपा के कुछ बड़े चेहरे भाजपा के पाले में दिखेंगे।

प्रयागराज मंडल में प्रदेश सरकार में तीन बार मंत्री व इलाहाबाद लोकसभा सीट से दो बार सांसद रह चुके सपा के कद्दावर नेता रेवती रमण सिंह, सपा विधायक पूजा पाल, अपना दल (कृष्णा गुट) की विधायक पल्लवी पटेल व सपा के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज के भाजपा के पाले में जाने की चर्चा तेज है। हालांकि, इसकी पुष्टि न तो भाजपा कर रही न विपक्षी खेमा। यह जरूर है कि राजनीतिक पंडित अपने तरीके से नफा नुकसान की गणना शुरू कर चुके हैं। समाजवादी पार्टी से यदि इतने पुराने स्तंभ उखड़ते हैं तो निश्चित रूप से उसके लिए झटका होगा।

पाला बदलने की अटकलों से नाराजगी

उधर, भाजपा के तमाम धुरंधरों के लिए इन्हें पचा पाना कठिन हो सकता है। उनके अपने समीकरण प्रभावित होंगे। इससे पार्टी के भीतर उथल पुथल भी मचेगी। उधर, सपा नेता इंद्रजीत सरोज ने पाला बदलने की तमाम अटकलों पर नाराजगी जताई है। पल्लवी पटेल के गुट ने भी पार्टी बदलने के निर्णय पर कुछ कहने से इनकार कर दिया। विधायक पूजा पाल की ओर से चुप्पी साधी गई है। उधर, कुंवर रेवती रमण सिंह ने भी पार्टी बदलने की बात को खारिज कर दिया।

दिग्गज चेहरे बदलेंगे सियासी तस्वीर

इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक व पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने प्रयागराज प्रवास पर संकेत दिए थे कि अभी तो बहुत से लोगों का दल में आना शेष है। यह टिप्पणी उप मुख्यमंत्री केशव ने इलाहाबाद दक्षिण विधानसभा सीट से कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरने वाले रईस चंद्र शुक्ला के पार्टी में आने और मंत्री नन्दी की नाराजगी उजागर होने के बाद की थी।

पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा था कि पार्टी में कौन आएगा कौन जाएगा, यह सब शीर्ष नेतृत्व तय करेगा। स्थानीय स्तर पर इसे लेकर विवाद से बचते हुए हम सब को साथ मिलकर कार्य करना चाहिए।