विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 03, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Prayagraj Kumbh: जरूरत पड़ी तो श्रद्धालुओं को एयर एंबुलेंस PGI और AIIMS पहुंचाएगी

By Brijesh SrivastavaEdited By:
Published: Thu, 03 Jan 2019 11:41 AM (IST)Updated: Tue, 15 Jan 2019 09:38 AM (IST)

Prayagraj Kumbh आपदा प्रबंधन के नोडल आफिसर डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि मेले में आपदा की स्थिति में तत्काल राहत देने की तैयारी हो चुकी है।

Prayagraj Kumbh: जरूरत पड़ी तो श्रद्धालुओं को एयर एंबुलेंस PGI और AIIMS पहुंचाएगी
Prayagraj Kumbh: जरूरत पड़ी तो श्रद्धालुओं को एयर एंबुलेंस PGI और AIIMS पहुंचाएगी

प्रयागराज। Prayagraj Kumbh मेले में श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए इस बार एयर व रिवर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। इसकी सुविधा पांच जनवरी से मेला क्षेत्र में उपलब्ध हो चुकी है। श्रद्धालुओं को जरूरत पड़ने पर एयर एंबुलेंस से पीजीआइ या एम्स में पहुंचाया जाएगा। यह जानकारी अपर निदेशक, स्वास्थ्य डॉ. एके पालीवाल ने परेड मैदान स्थित कार्यालय में मीडिया वर्कशाप के दौरान दी।

स्वास्थ्य विभाग व सी-फॉर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित वर्कशॉप में अपर निदेशक ने कहा कि मेले में स्वास्थ्य विभाग इलाज के साथ-साथ आपदा प्रबंधन व सफाई का कार्य भी कर रहा है। आपदा प्रबंधन के नोडल आफिसर डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि मेले में आपदा की स्थिति में तत्काल राहत देने की तैयारी हो चुकी है। एनडीआरएफ (नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स) के विशेषज्ञों द्वारा डॉक्टरों को ट्रेनिंग दी जाएगी।

इसके साथ क्विक रिस्पांस टीम भी बनाई गई है जो तत्काल मौके पर पहुंचकर इलाज करेगी। इनके पास डिजास्टर किट उपलब्ध होगा, जिसमें प्राथमिक इलाज से संबंधित सभी सामान उपलब्ध रहेगा। मेला क्षेत्र के नजदीकी प्राइवेट अस्पतालों को भी जानकारी दी गई है कि यदि एक साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को इलाज की आवश्यकता पड़ी तो वह अपने अस्पताल में उनका निशुल्क इलाज करेंगे।

ऐसी व्यवस्था है:

  • 234 करोड़ रुपये का बजट स्वास्थ्य विभाग के पास।
  • 100 बेड के केंद्रीय अस्पताल में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, पैथालॉजी, ईसीजी आदि की व्यवस्था।
  • 20-20 बेड के 11 सर्किल अस्पताल।
  • सेक्टर 14 व 20 में 20 बेड के दो संक्रामक रोग अस्पताल।
  • मेला क्षेत्र में 25 फर्स्ट एड पोस्ट व मेला क्षेत्र के बाहर 10 आउट हेल्थ पोस्ट।
  • 86 नई एंबुलेंस की व्यवस्था।
  • मेले में 1,22,500 टॉयलेट व 20 हजार यूरिनल की व्यवस्था।