Move to Jagran APP

Ram Leela Prayaraj: श्रीराम के जन्म पर बरसे आकाश से पुष्प और लगे जयकारे

श्रीदारागंज व श्रीश्रीबाल रामलीला कमेटी की लीला में सोमवार को प्रभु श्रीराम के प्राकट्य की लीला हुई। सिविल लाइंस में लंकापति रावण के पराक्रम की प्रस्तुति हुई। रावण के अत्याचार से धर्मावलंबी परेशान हो गए उनके उद्धार के लिए प्रभु श्रीराम जन्म लेते हैं।

By Ankur TripathiEdited By: Updated: Tue, 05 Oct 2021 07:00 AM (IST)
Hero Image
श्रीदारागंज व श्रीश्रीबाल रामलीला कमेटी सिविल लाइंस ने मंचित की लीला

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। प्रभु श्रीराम के कृतित्व-व्यक्तित्व को समेटने वाली रामलीला का मंचन चल रहा है। श्रीदारागंज व श्रीश्रीबाल रामलीला कमेटी की लीला में सोमवार को प्रभु श्रीराम के प्राकट्य की लीला हुई। सिविल लाइंस में लंकापति रावण के पराक्रम की प्रस्तुति हुई। रावण के अत्याचार से धर्मावलंबी परेशान हो गए, उनके उद्धार के लिए प्रभु श्रीराम जन्म लेते हैं। प्रभु के जन्म पर मंच पर पुष्पवर्षा करके श्रीराम का जयकारा लगा। श्रीराम द्वारा अहिल्या उद्धार तक की लीला हुई।

विश्वामित्र मिलन व फुलवारी की लीला

दारागंज की लीला में विश्वामित्र मिलन व फुलवारी की लीला हुई। सियाराम शास्त्री के निर्देशन में राजा दशरथ के दरबार में ऋषि विश्वामित्र का आगमन होता है। वे राक्षसों के आतंक के बारे में बताकर दशरथ से यज्ञ की रक्षा के लिए श्रीराम और लक्ष्मण को मांगते हैं। मार्ग में श्रीराम ताड़का राक्षसी का वध करते हैं। इसके बाद जनकपुरी से सीता स्वयंवर का निमंत्रण आता है। वहां विश्वामित्र के साथ राम व लक्ष्मण जाते हैं। मीडिया प्रभारी तीर्थराज पांडेय बच्चा भैया ने बताया कि मंगलवार को धनुष यज्ञ से श्रीराम जानकी के जयमाल तक की लीला होगी। आरती में कमेटी के अध्यक्ष कुल्लू यादव, महामंत्री जितेंद्र गौड़, शत्रुघ्न पाठक, लाल साहब, दिव्यांश गौर, मुन्ना आजाद, अरविंद पांडेय, हीरालाल यादव ने उतारी।

मां काली की सवारी न निकलने पर निराशा

प्रयागराज : श्रीदारागंज रामलीला कमेटी द्वारा नवरात्रि में निकाली जाने वाली मां काली की सवारी की अनुमति नहीं मिली है। कोरोना के कारण प्रशासन ने सवारी निकालने की अनुमति नहीं दी। इससे लोगों में निराशा व्याप्त है। मां काली की भूमिका निभाने के लिए राम जी पांडेय, सचिन शुक्ल, राम मिश्र, अखिल पांडेय, संजय मिश्र का चुनाव किया गया था।

दशहरा कार्यक्रम पुस्तिका का विमोचन

प्रयागराज : श्रीपथरचट्टी रामलीला कमेटी की दशहरा कार्यक्रम पुस्तिका का सोमवार को विमोचन हुआ। नगर मजिस्ट्रेट गौरव श्रीवास्तव ने पुस्तिका का विमोचन करने के बाद कहा कि प्रभु श्रीराम के आदर्श सबके लिए अनुकरणीय हैं। अध्यक्षता कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष मुकेश पाठक व संचालन प्रवक्ता लल्लूलाल गुप्त सौरभ ने किया। कार्यक्रम में सतीशचंद्र केसरवानी, रमेश कुमार जायसवाल, विजय वैश्य, विष्णु जी अग्रवाल नाहर, अजय शुक्ल, बसंतलाल आजाद, कन्हैया लाल धर्मेंद्र कुमार मौजूद रहे।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।