Move to Jagran APP

RSS सर संघचालक मोहन भागवत प्रयागराज आएंगे, अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक में होंगे शामिल

अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बताया कि अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक इस वर्ष प्रयागराज में 16 से 19 अक्टूबर तक प्रयागराज में होगी। इसमें मार्च में हुई अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में बनी वार्षिक योजना की समीक्षा होगी। संघ कार्य के विस्तार का वृत्तांत लिया जाएगा।

By Jagran NewsEdited By: Brijesh SrivastavaUpdated: Tue, 11 Oct 2022 05:04 PM (IST)
Hero Image
प्रयागराज के गौहनिया में आरएसएस की आरएसएस के अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक 16 से 19 अक्‍टूबर तक होगी।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रतिवर्ष होने वाली अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक इस वर्ष प्रयागराज में 16 से 19 अक्टूबर तक होगी। इसमें संघ रचना के सभी 45 प्रांतों के प्रांत संघचालक, कार्यवाह व प्रचारक शामिल होंगे। इसमें सर संघचालक मोहन भागवत भी शामिल होंगे। उनके अतिरिक्त सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी सह सरकार्यवाह व अन्य अखिल भारतीय अधिकारी, कार्यकारिणी भी मौजूद रहेंगे।

बैठक में विविधि बिंदुओं पर होगी चर्चा : अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर की तरफ से जारी विज्ञप्ति में ये जानकारी दी गई। उन्होंने बताया है कि इसी बैठक में मार्च में हुई अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में बनी वार्षिक योजना की समीक्षा की जाएगी। संघ कार्य के विस्तार का वृत्तांत भी लिया जाएगा। देश में वर्तमान समय में चल रहे समसामयिक विषयों पर भी चर्चा होगी। बैठक में संघ के विजयादशमी उत्सव पर सर संघचालक के उद्बोधन में उल्लेखित विषयों के अनुवर्तन पर भी चर्चा होगी। विशेष रूप से समरस समाज के लिए उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी जाएगी।

कई एजेंडों पर विमर्श होगा : सुनील आंबेकर ने बताया कि पदाधिकारियों के साथ कार्ययोजना भी बनाई जाएगी। मंदिर, पानी और श्मसान को लेकर कहीं भी भेदभाव न होने देना प्रमुख एजेंडा होगा। कार्यक्रम की तैयारियां स्थानीय स्तर पर शुरू हो चुकी हैं। जयपुरिया स्कूल गौहनिया के आसपास की सड़कों को प्रशासनिक स्तर पर दुरुस्त कराया जा रहा है। परिसर में पानी की उचित व्यवस्था के लिए बोरिंग भी कराई गई है। स्वयंसेवकों की टोलियां बनाकर उन्हें जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। भोजन, जलपान, आवास, स्वागत आदि की व्यवस्था के लिए अलग अलग स्वयंसेवक रहेंगे। चार दिन चलने वाली इस बैठक में पदाधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं स्कूल परिसर में ही उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां तक कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी स्वयंसेवक मुस्तैद रहेंगे।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें