Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Amit Shah in Amethi : 'राहुल कहीं से भी चुनाव लड़ें वो हारेंगे', अमेठी-रायबरेली सीट भाजपा जीत रही है'....अमेठी में बोले अमित शाह

रथ पर मीडिया से बात करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि बीजेपी इस बार प्रचंड बहुमत से चार सौ पार से सरकार बनाएगी। अमेठी हम प्रचंड बहुमत से जीत रहे हैं। अमेठी के साथ राहुल कहीं से भी चुनाव लड़ें हार जाएंगे। भाजपा अमेठी-रायबरेली सीट जीतेगी। कहा कि इंदिरा गांधी ने गरीबी हटाओ का जूठा नारा दिया था।

By Devendra Pratap Singh Edited By: Mohammed Ammar Updated: Sat, 18 May 2024 10:45 PM (IST)
Hero Image
गृह मंत्री अमित शाह के रोड शो में उमड़ा जन सैलाब

जागरण टीम, अमेठी : लोकसभा की सबसे चर्चित सीट अमेठी में शनिवार को गृहमंत्री अमित शाह ने केंद्रीय मंत्री व भाजपा उम्मीदवार स्मृति इरानी के पक्ष में रोड शो किया। रोड शो रामलीला मैदान से शुरू होकर सगरा तिराहे तक गया।

इस दौरान जन सैलाब उमड़ा। गृहमंत्री रथ पर सवार थे। उनके साथ स्मृति इरानी, स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, सलोन विधायक अशोक कोरी, सुरेश पासी व जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि भी मौजूद थे। रथ के आगे-आगे पारंपरिक वेशभूषा में लोग गृहमंत्री के स्वागत में चल रहे थे। उनकी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम पुलिस प्रशासन की ओर से किए गये थे।

लोगों ने लगाए अबकी बार 400 पार के नारे 

इसके अतिरिक्त पार्टी के तीन सौ कार्यकर्ता अपने स्तर से उनकी सुरक्षा में लगे थे। करीब डेढ़ किलोमीटर के रोड शो में सड़क के दोनों किनारे लोगों की भीड़ उमड़ी दिखी। हर कोई गृहमंत्री अमित शाह की एक झलक पाने को बेताब था। रोड शो के दौरान लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। उत्साह के साथ लोगों ने पूरे रास्ते गृहमंत्री पर फूलों की वर्षा की। कई जगह उनकी आरती उतारी गई। गृहमंत्री ने भी हाथ हिलाकर सभी का अभिनंदन किया।

रोड शो के दौरान सड़क के दोनों किनारे खड़े लोग अबकी बार चार सौ पार। फिर एक बार मोदी सरकार। जय श्री राम और भारत माता की जय के नारे भी लग रहे थे। शाह के स्वागत के लिए अलग-अलग मंच बनाए गए थे। लोग छतों से शाह की एक झलक देखने के लिए खड़े थे। ढोल नगाड़े के साथ महिलाओं की टोली पहुंची हुई थी। सड़क के दोनों ओर भीड़ दिखाई दी। शाह ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।

राहुल कहीं से भी चुनाव लड़ें हारेंगे : शाह

रथ पर मीडिया से बात करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि बीजेपी इस बार प्रचंड बहुमत से चार सौ पार से सरकार बनाएगी। अमेठी हम प्रचंड बहुमत से जीत रहे हैं। अमेठी के साथ राहुल कहीं से भी चुनाव लड़ें हार जाएंगे। भाजपा अमेठी-रायबरेली सीट जीतेगी। कहा कि इंदिरा गांधी ने गरीबी हटाओ का जूठा नारा दिया था। प्रधानमंत्री ने 60 करोड़ लोगों के लिए काम किया है। कहा कि अरविंद केजरीवाल को देखकर शराब की बोतल और शराब कांड याद आता है।

हाथ हिलाया, सिर झुकाया और लोगों का उत्साह बढ़ाया

रोड शो के दौरान गृहमंत्री अमित शाह के चेहरे पर मुस्कान बिखरी रही। वह सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों की भीड़ देखकर उत्साहित हो रहे थे। उनका अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। इसके लिए कभी उनकी ओर हाथ हिलाते तो कभी सिर झुकाते। मंच पर भाजपाई गाना गाते और नृत्य करते दिखते तो उनका उत्साहवर्धन करते।

इस बीच उनका पूरा जोर इसी पर रहा लोगों को कमल के फूल का निशान दिखाने पर रहा। रोड शो के दौरान शाह का भाषण नहीं हुआ। हाथों के इशारे से ही अपने मन की बात जनता तक पहुंचाने का प्रयास करते रहे। कई बार उंगलियों से विजयी मुद्रा (विक्टरी साइन) बनाया। शाह की तरफ देखकर महिलाओं ने जय श्री राम के नारे लगाए। इस पर शाह ने उनकी ओर सिर झुका लिया।