Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

अमेठी के चार दिवसीय दौरे पर स्मृति इरानी, आज राहुल-प्रियंका करेंगे रोड शो; अखिलेश भी हो सकते हैं शामिल

सोमवार का दिन अमेठी के लिए कई अर्थों में अहम होगा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में भारत जोड़ो न्याय यात्रा सोमवार को यहां पहुंच रही है तो इसी दिन केंद्रीय मंत्री व सांसद स्मृति इरानी की जन संवाद विकास यात्रा भी है। ऐसे में एक ही दिन राहुल-प्रियंका और स्मृति इरानी की अमेठी में मौजूदगी से दोनों ही दलों के समर्थकों का उत्साह चरम पर होगा।

By Jagran News Edited By: Abhishek Pandey Updated: Mon, 19 Feb 2024 08:28 AM (IST)
Hero Image
दिलचस्प हुआ अमेठी का मुकाबला, आज राहुल-प्रियंका करेंगे रोड शो; दूसरी ओर स्मृति इरानी करेंगी जन संवाद विकास यात्रा

दिलीप सिंह, अमेठी। सोमवार का दिन अमेठी के लिए कई अर्थों में अहम होगा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में भारत जोड़ो न्याय यात्रा सोमवार को यहां पहुंच रही है तो इसी दिन केंद्रीय मंत्री व सांसद स्मृति इरानी की जन संवाद विकास यात्रा भी है।

ऐसे में एक ही दिन राहुल-प्रियंका और स्मृति इरानी की अमेठी में मौजूदगी से दोनों ही दलों के समर्थकों का उत्साह चरम पर होगा। यह अतिउत्साह पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती से कम नहीं होगा।

आम चुनाव 2014 से लेकर अब तक यहां की राजनीति में यह पहला दिन होगा, जब एक ही दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी, उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के दूसरे बड़े नेताओं की मौजूदगी के बीच केंद्रीय मंत्री व सांसद स्मृति इरानी भी अपने संसदीय क्षेत्र में मौजूद होगी। यह बात अलग है कि दोनों ही दलों के अपने-अपने कार्यक्रम हैं।

27 स्थानों पर स्वागत की तैयारी

राहुल गांधी की अगुवाई में भारत जोड़ो न्याय यात्रा का जिले में अलग-अलग 27 स्थानों पर कांग्रेस द्वारा स्वागत स्थल बनाए गए हैं। अमेठी-गौरीगंज शहर में राहुल-प्रियंका का रोड शो होगा तो गौरीगंज स्थित केंद्रीय कार्यालय में भाई-बहन पार्टी नेताओं से बातचीत करेंगे।

सुलतानपुर-रायबरेली हाईवे पर गांधीनगर-बाबूगंज के मध्य ऐधी में कांग्रेस की जनसभा होगी। यहां उनके साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी शामिल होंगे। इस मौके पर आसपास के जिलों के पार्टी कार्यकर्ताओं को भी बुलाया गया है। यहां के तेदुआ में राहुल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा विश्राम करेगी और मंगलवार को रायबरेली की ओर बढ़ेगी।

अखिलेश भी हो सकते हैं शामिल

भारत जोड़ो न्याय यात्रा में सपा प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी अमेठी-रायबरेली में कहीं एक जगह शामिल होने की हामी भरी है।

स्मृति का चार दिवसीय दौरा

दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री व सांसद स्मृति इरानी भी सोमवार को चार दिवसीय दौरे पर संसदीय क्षेत्र पहुंच रही हैं। पहले दिन वह भी अमेठी विधान सभा क्षेत्र के गांवों में पहुंच जन संवाद विकास यात्रा के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को सुनेंगी। कांग्रेस व भाजपा समर्थकों के बीच किसी तरह के टकराव की स्थिति न बने। इसके लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस, पीएसी के साथ ही दूसरे जिलों से भी फोर्स को बड़ी संख्या में गौरीगंज-अमेठी में तैनात किया गया है।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर