Move to Jagran APP

'समाजवादी पार्टी, इंडी गठबंधन और पाकिस्तान भारत-भारतीयता, श्रीराम के विरोधी; सीएम योगी ने विपक्ष पर जमकर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार की सुबह काशी में बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया फिर अलग-अलग जनपदों में चुनाव प्रचार करने निकल पड़े। मुख्यमंत्री ने सीतापुर जनपद में मोहनलालगंज लोकसभा बहराइच जनपद में कैसरगंज लोकसभा और अमेठी लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी के लिए पांचवें चरण में 20 मई को कमल के फूल पर वोट देने की अपील की। सीएम योगी ने अपने भाषणों में कांग्रेस-सपा की बखिया उधेड़ दी।

By Jagran News Edited By: Amit Singh Updated: Sun, 12 May 2024 07:19 PM (IST)
Hero Image
सीएम योगी ने अमेठी, मोहनलालगंज और कैसरगंज में की जनसभाएं।

डिजिटल डेस्क, सीतापुर/ बहराइच/ अमेठी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार की सुबह काशी में बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया, फिर अलग-अलग जनपदों में चुनाव प्रचार करने निकल पड़े। मुख्यमंत्री ने सीतापुर जनपद में मोहनलालगंज लोकसभा, बहराइच जनपद में कैसरगंज लोकसभा और अमेठी लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी के लिए पांचवें चरण में 20 मई को 'कमल के फूल' पर वोट देने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने इन सीटों पर जहां बुलेट ट्रेन की तरह दौड़ते भाजपा के विकास कार्यों को गिनाया तो वहीं कांग्रेस-सपा के समय छुक-छुक कर चलने वाली रफ्तार की भी बखिया उधेड़ दी।

पाकिस्तान में फैली भुखमरी

सीएम ने सीतापुर में मोहनलालगंज के सांसद, केंद्रीय मंत्री व भाजपा प्रत्याशी कौशल किशोर के पक्ष में जनसभा की। कहा कि कांग्रेस-सपा, इंडी गठबंधन और पाकिस्तान का डीएनए मिलता-जुलता दिख रहा है। सपा-कांग्रेस के समय गरीब भूखों मरते थे।

पाकिस्तान की 'बीमारी' ने कांग्रेस के समर्थन में कहा तो वहां भी लोग भूखों मर रहे हैं और यहां 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन मिल रहा है। कांग्रेस को 60-65 वर्ष तक मौका मिला, लेकिन इन्होंने विकास नहीं किया। यही समय है, सही समय है।

देश के भविष्य के साथ खेलने वाले ऐसे लोगों की जमानत जब्त करा दीजिए। सीएम योगी ने कहा कि सपा-कांग्रेस व पाकिस्तान भारत, भारतीयता, मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के विरोध में हैं। इंडी गठबंधन के लालू प्रसाद यादव ने मुसलमानों को ओबीसी के आरक्षण देने की वकालत की है।

अयोध्या में रामभक्तों का रेला उमड़ रहा

सीएम योगी ने बहराइच जनपद में कैसरगंज लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार करण भूषण सिंह के लिए वोट मांगा। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण पर आपत्ति करने वाले रामद्रोही सदैव राम के अस्तित्व पर सवाल खड़ा करते आए हैं। इंडी गठबंधन में शामिल लोग पाकिस्तान और आतंकवाद की पैरवी करते हैं।

यह प्रभु राम पर ही नहीं, बल्कि हम सब लोगों के अस्तित्व पर सवाल खड़ा करते हैं क्योंकि हम सभी जागने से लेकर सोने तक प्रभु श्रीराम का स्मरण करते हैं। अब हमें इन्हें बताना है कि देश में वहीं शासन कर सकता है, जो प्रभु राम को मानता है। सपा कहती थी कि अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता है।

आज वह आंखें खोलकर देख ले कि अयोध्या में रोजाना रामभक्तों का रेला उमड़ रहा है। बहराइच वह भूमि है, जहां सोमनाथ मंदिर के गुनहगार सालार मसूद को जहन्नुम में पहुंचाया गया। हमने महाराज सुहेलदेव का भव्य स्मारक बनाया है। सपा, कांग्रेस और बसपा के लोग दरगाह तो जाएंगे, लेकिन कभी यहां पुष्पांजलि के लिए नहीं आएंगे, क्योंकि इनको भय है कि मुस्लिम वोट न खसक जाए।

स्मृति ईरानी की बराबरी नहीं कर सकती कांग्रेस

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माधौगढ़ में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को फिर से अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव जिताने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने घोषणापत्र में विरासत टैक्स लगाने की बात कह रही है। ये एक तरह का जजिया टैक्स है। ऐसा लगता है कि कांग्रेस के अंदर औरंगजेब की आत्मा आ गई है। उन्होंने कहा कि चौथे चरण के मतदान के साथ ही मोदी लहर सुनामी का रूप ले लेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विरोध केवल दो ही लोग कर रहे हैं एक पाकिस्तान और दूसरा रामद्रोही।

सीएम ने कहा कि स्मृति ईरानी ने जितना दौरा किया, कांग्रेस की चार पीढ़ियां भी उतना नहीं कर सकीं। आज पूरा अमेठी स्मृति ईरानी के सम्मान में उठ खड़ा हुआ है। पहली बार अमेठी वासियों ने किसी दल का पिछलग्गू बनने की जगह भारत के विकास का सारथी बनने का निर्णय लिया। सीएम योगी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जिन्हें पाकिस्तान से प्रेम है, वो वहां जा सकते हैं। कांग्रेस जातीय जनगणना की बात कर जातियों को आपस में लड़ाना चाहती है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।