Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

क्या अमेठी से चुनाव लड़ेंगे राहुल गांधी? नाम का एलान नहीं होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में बढ़ रही बेचैनी

राहुल गांधी 5वीं बार अमेठी से उम्मीदवार होंगे या नहीं इसको लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। हाईप्रोफाइल सीट की सियासत हर दिन एक नई करवट ले रही है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा से पार्टी कार्यकर्ता उत्साहित थे। उन्हें उम्मीद थी कि जल्द ही राहुल के नाम पर मुहर लग जाएगी लेकिन अब तक ऐसा नहीं हो सका है।

By Dileep Maan Singh Edited By: Nitesh Srivastava Updated: Wed, 13 Mar 2024 08:38 PM (IST)
Hero Image
भाजपा की मजबूत घेराबंदी के बीच असमंजस में कांग्रेस

दिलीप सिंह, अमेठी। आम चुनाव 2024 को लेकर भाजपा ने केंद्रीय मंत्री व सांसद स्मृति इरानी को तीसरी बार मैदान में उतारकर अपनी घेराबंदी हर दिन मजबूत करने में जुटी हैं। वहीं कांग्रेस में अभी तक चुनावी रणभूमि में उतरने वाले योद्धा की तलाश जारी है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पांचवीं बार अमेठी से प्रत्याशी होंगे या नहीं, इसको लेकर असमंजस की स्थिति पार्टी के अंदर व बाहर अभी तक बनी हुई है। हाईप्रोफाइल अमेठी की राजनीति हर दिन एक नई करवट ले रही है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा से कांग्रेस उत्साहित थी। उसे उम्मीद थी कि जल्द ही राहुल गांधी के नाम की प्रत्याशी के रूप में घोषणा हो जाएगी पर राहुल गांधी के नाम की घोषणा अब तक नहीं हो पाई।

कांग्रेस में प्रत्याशी चयन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उम्मीदवार की घोषणा नहीं होने से कांग्रेस में भी जैसे-जैसे समय आगे बढ़ रहा है, अमेठी में संगठन की बेचैनी भी बढ़ती जा रही है। वहीं भाजपा ने तीसरी बार अमेठी सीट से केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी को पहली ही लिस्ट में प्रत्याशी बना मैदान में उतारकर पार्टी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम किया है।

इसी के साथ भाजपा की सक्रियता यहां तेजी से बढ़ गई है। कांग्रेस बदले हुए हालत में चुनाव की तैयारी की बात तो कह रही है पर पहले वाला जोश व उत्साह नहीं है। सपा, कांग्रेस के साथ गठबंधन में है और अमेठी सीट कांग्रेस के पाले में है। बसपा व आम आदमी पार्टी में यहां अब भी असमंजस की स्थिति बनी हुई हैं।

भाजपा के साथ कांग्रेस ने भी भरा दम, तैयार हैं हम

भाजपा जिलाध्यक्ष राम प्रसाद मिश्र ने कहा कि पार्टी ने तीसरी बार दीदी स्मृति को मैदान में उतारा है। इस बार पिछले चुनाव से बड़ी जीत दर्ज करवाने के लिए एक-एक कार्यकर्ता अभी से ही पूरी मेहनत से लग गया है। मोदी-योगी सरकार में दीदी स्मृति के प्रयास से अमेठी में विकास की गति तेज हुई है। जनता भाजपा के साथ है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहाकि जनता सब समझती है। अमेठी हमेशा से गांधी परिवार के साथ थी और आगे भी रहेगी। पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी समझ रहा है। यहां जो भी विकास है, सब गांधी परिवार व कांग्रेस ने करवाया है। अमेठी से राहुल भइया ही चुनाव लड़ेंगे और बड़ी जीत दर्ज करेंगे।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर