Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Amroha News : पटाखा फैक्ट्री में लगी आग, पांच झुलसे; तेज धमाके से दहशत में आए लोग

Amroha News in Hindi घटना में फैक्ट्री में काम करने वाले पांच लोग घायल हुए हैं। दो घायलों को दिल्ली रेफर किया गया है तथा तीन का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। डीएम आरके त्यागी ने जिला अस्पताल पहुंच कर घायलों का हालचाल जाना। वहीं पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने घटना स्थल का दौरा कर जानकारी जुटाई।

By Asif Ali Edited By: Mohammed Ammar Updated: Fri, 14 Jun 2024 04:42 PM (IST)
Hero Image
घटना का कारण स्पष्ट नहीं, जांच में जुटे अधिकारी

जागरण संवाददाता, अमरोहा: रजबपुर थाना क्षेत्र में अमरोहा अतरासी मार्ग पर पटाखा फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह आग लग गई। तेज धमाके के साथ लगी आग के बाद आसपास के लोग भी दहशत में आ गए। बारूद फैक्ट्री के चारों तरफ बाहर को आकर गिरा, जिससे वहां झाड़ियों में भी आग लग गई।

घटना में फैक्ट्री में काम करने वाले पांच लोग घायल हुए हैं। दो घायलों को दिल्ली रेफर किया गया है तथा तीन का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। डीएम आरके त्यागी ने जिला अस्पताल पहुंच कर घायलों का हालचाल जाना। वहीं पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने घटना स्थल का दौरा कर जानकारी जुटाई।

फैक्ट्री में तैयार होते थे पटाखे

अतरासी रोड पर गांव सूदनपुर के पास यह फैक्ट्री हापुड़ के मुहल्ला शिवगढ़ी निवासी कामरान अहमद की है। क्षेत्र के गांव अतरासी निवासी मोहम्मद आसिम का मकान किराए पर लेकर पांच साल पहले कामरान ने यह फैक्ट्री शुरू की थी। यहां पर पटाखे तैयार कर भंडारण किया जाता था। जिसकी क्षमता एक हजार किलो भंडारण की थी।

यहां पर हापुड़ के मुहल्ला शिवगढ़ी निवासी भोला रहता था तथा काम भी करता है। जबकि फैक्ट्री स्वामी का भी आना-जाना रहता था। शुक्रवार सुबह फैक्ट्री में भोला के साथ ही गांव मंगूपुरा निवासी ममता व रीता तथा देवीपुरा निवासी अनीता व मनीषा काम कर रहे थे। इस दौरान वहां रखे पटाखों में अचानक आग लग गई। अभी काम करने वाले सभी श्रमिक कुछ समझ पाते वहां तेज धमका हो गया।

गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। परंतु पांचों लोग गंभीर रूप से झुलस गए। धमाका इतनी तेज था कि आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। फैक्ट्री की टिन उड़ कर दूर जा गिरी तथा बारूद धमाके के साथ फैक्ट्री के चारों तरफ फैल गई। जिसके वहां आग लग गई। झाड़ियां व खेतों में फैले बारूद में लगभग 15 मिनट तक आग जलती रही। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई तथा राहगीर भी रुक गए।

सूचना मिलने पर दमकल की दो गाड़ी मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाया। इस दौरान अमरोहा-अतरासी मार्ग पर जाम लगा रहा। फौरन ही घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से दो घायलों को दिल्ली रेफर किया गया है। डीएम आरके त्यागी ने जिला अस्पताल पहुंच कर घायलों का हाल जाना। वहीं एसडीएम सुधीर कुमार व सीओ अरुण कुमार ने घटनास्थल का दौरा कर जानकारी ली। घटना में लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।आग लगने के कारण पता लगाए जा रहे हैं।

फैक्ट्री में मौजूद थे अग्निशमन यंत्र

पटाखा फैक्ट्री में अग्निशमन यंत्र मौजूद थे। परंतु धमाका होने के बाद सभी श्रमिक झुलस गए तो यंत्रों का प्रयोग नहीं हो सका। वहां चार अग्निशमन यंत्र रखे मिले हैं। पानी का टैंक भी फैक्ट्री परिसर में मौजूद है।

फैक्ट्री में नहीं थे प्रशिक्षित श्रमिक

जिस पटाखा फैक्ट्री में आग लगी है वहां पटाखा बनाने वाले श्रमिक प्रशिक्षित नहीं थे। घटना में झुलसे पांचों श्रमिक अप्रशिक्षित थे। जबकि नियमानुसार पटाखा फैक्ट्री में प्रशिक्षित श्रमिकों से ही पटाखे तैयार कराए जाने चाहिए। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।

गंधक व पोटाश के मिश्रण से आग लगने की आशंका

हालांकि चर्चा तो यह है कि पटाखा फैक्ट्री में आग लगने के पीछे शार्ट सर्किट कारण है। परंतु यह तर्क अधिकारियों के गले नहीं उतर रहा है। बताया जा रहा है कि पटाखे बनाते समय गंधक व पोटाश के मिश्रण पर दबाव बनने से धमाका हुआ था। उसके बाद ही फैक्ट्री में आग लगी है।

पटाखा फैक्ट्री में लगी आग में झुलसे श्रमिकों का उपचार कराया जा रहा है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। इस मामले में फैक्ट्री स्वामी पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

अरुण कुमार, सीओ सदर।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें