Move to Jagran APP

Amroha News : पति के हत्यारों पर कार्रवाई को दर-दर भटक रही पत्नी, बोली- पुलिस नहीं कर रही कोई कार्रवाई

पीड़ित महिला का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज हुए करीब पौने दो महीने बीत चुके हैं। लेकिन हसनपुर पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं की है। पीड़ित महिला ने पुलिस के आला अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेज कर हत्यारों को गिरफ्तार कर घटना का राजफाश करने की गुहार लगाई है। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि ओमकार की मृत्यु के मामले में जांच चल रही है।

By Saurav Kumar Edited By: Mohammed Ammar Updated: Thu, 24 Oct 2024 10:15 PM (IST)
Hero Image
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
संवाद सहयोगी, हसनपुर : पति के हत्यारोपितों पर कार्रवाई के लिए महिला दर-दर भटक रही है। न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद हसनपुर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। इससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पत्नी का आरोप- पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई

गजरौला थाना क्षेत्र के गांव तिगरिया खादर निवासी ओमकार सिंह पेशे से राजमिस्त्री थे। वह मनौटा गांव में चिनाई करने घर से आए थे। तीन मई 2024 को उनका शव गांव के नजदीक पेट्रोल पंप के सामने स्टेट हाईवे के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला था। पुलिस ने हादसा समझकर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद कोई कार्रवाई नहीं की। जबकि, ओमकार सिंह की पत्नी रेखा पुलिस को बार-बार बताती रही कि अवैध संबंधों के फेर में उसके पति की हत्या हुई है।

कोतवाली पुलिस से निराशा हाथ लगने पर पीड़ित महिला ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर छह सितंबर 2024 को कोतवाली पुलिस ने पवन तथा परमवीर पुत्रगण जगमोहन निवासी मनौटा कोतवाली हसनपुर एवं ओमप्रकाश निवासी तिगरिया खादर थाना गजरौला के खिलाफ हत्या में प्राथमिकी दर्ज की थी।

पीड़ित महिला का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज हुए करीब पौने दो महीने बीत चुके हैं। लेकिन, हसनपुर पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं की है। पीड़ित महिला ने पुलिस के आला अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेज कर हत्यारों को गिरफ्तार कर घटना का राजफाश करने की गुहार लगाई है। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि ओमकार की मृत्यु के मामले में जांच चल रही है। जल्द राजफाश किया जाएगा।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।