Auraiya News: कच्चे मकान की छत गिरी, मलबे में दबने से बुजुर्ग महिला की मौत
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के ऐरवाकटरा में एक दुखद घटना में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। महिला अपने कच्चे मकान में मवेशियों को चारा डालने के दौरान मलबे में दब गई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और राजस्व अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। महिला के पति की दो माह पहले मौत हो चुकी थी।
संवाद सूत्र, ऐरवाकटरा/औरैया। कच्चे मकान में मवेशी को चारा डालने के दौरान मकान की छत गिर गई। मलबे में दबकर बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव बीलपुर निवासी बहादुर कमल की दो माह पहले कैंसर से मौत हो गई थी। थी। चार बेटे बाहर रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है। घर पर उनकी 58 वर्षीय पत्नी किताबश्री रहती थी।
गुरुवार को सुबह से तेज बरसात होने के कारण किताबश्री अपने मवेशी को चारा नहीं डाल पाई। इसलिए दोपहर करीब तीन बजे बारिश कम होने पर किताबश्री अपने दूसरे मकान में बंधी मवेशी को चारा डालने गई।
मवेशियों को चारा देने के लिए कच्चे मकान का भूसा भरा कमरा खोला तभी छत भरभरा कर गिर गई और वह मलबा में दब गई। शाम को करीब सात बजे मुहल्ले के लोगों ने उनका मकान बंद देखा।
जानकारी पर पता चला कि वह दूसरे मकान में मवेशी को चारा डालने गई थी। वहां पहुंचने पर कच्चा मकान गिरा पड़ा था। लोगों ने मलबा हटा कर देखा तो वह दबी थी। उन्हें सीएचसी ले जाया गया, वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी पर सीओ बिधूना व थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी निरीक्षक संत प्रकाश पटेल ने बताया कि बेटों व राजस्व के अधिकारी को सूचना दे दी गई है।
सीओ भरत पासवान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।