Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP Crime News: मौत के मुंह में झाेंका गया 19 साल का सत्यम, चार दिन पहले एक महिला के साथ पकड़ा गया था, फिर...

घर से लापता युवक का शव गांव के बाहर पेड़ के नीचे रविवार सुबह करीब छह बजे पड़ा मिला। उसके गले में दुपट्टे का फंदा कसा था। उस दुपट्टे का कुछ भाग पेड़ की डाल में बंधा था। इससे फंदे पर लटकने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पिता ने एक महिला के भाइयों पर हत्या का आरोप लगाया है जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया है।

By jitendra kumarEdited By: Shivam YadavUpdated: Sun, 17 Sep 2023 08:37 PM (IST)
Hero Image
युवक का शव पेड़ के नीचे पड़ा मिला, हत्या का आरोप

बेला, जागरण टीम: घर से लापता युवक का शव गांव के बाहर पेड़ के नीचे रविवार सुबह करीब छह बजे पड़ा मिला। उसके गले में दुपट्टे का फंदा कसा था। उस दुपट्टे का कुछ भाग पेड़ की डाल में बंधा था। इससे फंदे पर लटकने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पिता ने एक महिला के भाइयों पर हत्या का आरोप लगाया है, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया है। युवक कुछ दिन पूर्व लापता होने पर भरथना में महिला के साथ पकड़ा गया था। पिता ने महिला के पिता, पति व तीन भाइयों के खिलाफ तहरीर दी है।

जानकारी के मुताबिक, गांव सूनीखेड़ा निवासी सत्यम चौहान (19), पिता राजेश सिंह चौहान, भाई शिवम व बहन जानू के साथ दिल्ली में रहता था। सभी अलग-अलग प्राइवेट कंपनियों में नौकरी करते हैं। राकेश की पत्नी विनोद गांव में रहती हैं। चार सितंबर को सत्यम घर आने के लिए रोडवेज बस से निकला था, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा था। 

इटावा में महिला के साथ पकड़ा गया

खोजबीन के बाद भी न मिलने पर सात सितंबर को परिजनों ने इसकी तहरीर बेला थाना में दी थी। 13 सितंबर को मैनपुरी की भोगांव कोतवाली पुलिस ने सत्यम को बेला क्षेत्र के एक गांव की एक महिला के साथ इटावा के भरथना से पकड़ा था। महिला की गुमशुदगी भोगांव कोतवाली में दर्ज थी। 14 सितंबर को दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद दोनों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया था।

शौच के लिए निकला, लेकिन घर नहीं लौटा

शनिवार शाम सात बजे सत्यम शौच के लिए खेत की तरफ गया था। देर रात तक वह वापस घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चला। परिजनों ने रात करीब 12:30 बजे पुलिस तहरीर दी। रविवार सुबह गांव से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर एक पेड़ के नीचे गांव में पाइप लाइन बिछा रहे मजदूरों ने सत्यम का शव ढाक के पेड़ के नीचे पड़ा देखा।

मौके पर पहुंचे पिता राकेश ने महिला के परिजनों पर हत्या की आशंका जताई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। बवाल की आशंका से पुलिस ने शव को उठवाकर थाने में रखवा दिया। परिजन थाने पहुंच गए और हंगामा कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोक दिया।

क्षेत्राधिकारी बिधूना अशोक कुमार ने परिजनों को समझाकर शांत किया और कार्रवाई का भरोसा दिया। इस बीच एसपी मौके पर पहुंच गईं। एसपी चारू निगम ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

महिला के भाइयों के साथ देखा गया था सत्यम

सत्यम शाम को घर से जब शौच के लिए निकला था। उसके बाद खेत की रखवाली कर रहे एक किसान महिला के भाइयों के साथ उसे देखा था। पर उसे यह आशंका नहीं थी यह लोग सत्यम की हत्या कर देंगे। इस बात का उल्लेख राजेश ने अपनी तहरीर में भी किया है। देखने वाले किसान का नाम भी तहरीर में लिखा है।

महिला का ही था दुपट्टा 

सत्यम के गले में काले रंग के जिस दुपट्टे का फंदा कसा था, वह काफी पुराना था। इससे हो सकता है कि खिंचाव पड़ने पर वह फट गया हो। इससे उसका कुछ भाग डाल में बंधा रह गया और कुछ गले में। पिता राजेश ने बताया कि दुपट्टा भी उसी महिला का है जिसके साथ सत्यम पकड़ा गया था। शव थाने में पहुंचाए जाने के बाद पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कुछ नमूने एकत्र किए। अपर पुलिस अधीक्षक दिगंबर कुशवाहा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

एक साल से महिला के संपर्क में था सत्यम

जिस महिला के साथ सत्यम भरथना में पकड़ा गया था। उस महिला का मायका बेला थाना क्षेत्र के एक गांव में है। उसकी करीब बीस वर्ष पूर्व मैनपुरी कोतवाली भोगांव के एक गांव में शादी हुई है। उसकी 17 वर्ष की एक बेटी भी है। 

सितंबर 2022 में महिला के पति ने गांव सूनीखेड़ा में भूसा खरीदा था। तब सत्यम ट्रैक्टर-ट्राली पर सवार होकर महिला के घर भूसा उतरवाने गया था। तभी से वह महिला के संपर्क में आ गया था। इसके बाद महिला करीब तीन माह पूर्व भी मायके आई थी।

चप्पल व पानी की बोतल मिली

सत्यम की दोनों चप्पल शव के पास ही पड़ी थी। उसके पास ही वह बोतल भी पड़ी थी, जो शौच के लिए घर से लेकर निकला था।

यह भी पढ़ें:- महराजगंज से मथुरा जा रही बस में ट्रक ने मारी टक्कर, 19 घायल; हाईवे के मेन लेन पर ही खराब हो गई थी बस

यह भी पढ़ें:- UP Politics : मैनपुरी में बोले राज्यमंत्री अनूप प्रधान- कहा; घोसी उपचुनाव में क्यों हारे इसपर हम कर रहे मंथन

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर