Auraiya News: यमुना पुल से एक महीने तक आज से आवागमन बंद होगा, जालौन के लिए 80 किमी दूरी तय करनी होगी
यमुना पुल से आज से एक महीने तक पूरी तरह से बंद हो जाएगा। डीएम ने निर्देश जारी कर दिए हैं। बुधवार सुबह बैरिकेडिंग की जाएगी। देर शाम पुल बंद करने के लिए सीसी ब्लाक पहुंचे। सुबह सात बजे पूरी तरह बंद होगा। अब लोग बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से होकर जालौन जा सकेंगे।
जागरण संवाददाता, औरैया। एक महीने के लिए मरम्मत के चलते शेरगढ़ घाट स्थित यमुना पुल से आवागमन बंद होने जा रहा है। जिसको लेकर जिलाधिकारी ने निर्देश जारी कर दिए है। बुधवार सुबह सात बजे पूरी तरह से यमुना पुल से आवागमन बंद हो जाएगा। जिसको लेकर लोक निर्माण विभाग तैयारी में जुटा हुआ है। वहीं अब लोग बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से होकर जालौन जा सकेंगे। उनको 80 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ेगी।
साथ ही चार पहिया वाहनों को टोल टैक्स भी देना होगा। जिससे उनके ऊपर बोझ बढ़ेगा। मंगलवार को पुल से वाहन निकलते नजर आए। हालांकि बंद होने की सूचना के चलते कम वाहन निकले। देर शाम पुल बंद करने के लिए सीसी ब्लाक लोक निर्माण विभाग ने रखवा दिए है। देवकली चौकी पर पुल बंद करने को बोर्ड भी लगाया जाएगा। जिससे लोगों को जानकारी हो और पुल की तरफ न जाए।
यह भी पढ़ें- Kanpur News: लखनऊ की तरह कानपुर मे 'लापरवाही का जलभराव', VIP रोड में डूबने से युवक की मौत
जालौन से जोड़ने वाले शेरगढ़ घाट पर यमुना नदी पुल ओवरलोड वाहनों के निकलने के चलते पुल जर्जर होता रहा था। जिसकी बजह से प्रशासन ने नवंबर 2022 में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी थी। मरम्मत के बाद जुलाई 2023 में उसे वाहनों के लिए खोल दिया गया था। टोल बचाने के लिए झांसी की ओर से आने वाले गिट्टी मौरंग से लदे ट्रक बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर न जाकर इधर से गुजरने लगे थे। इसके चलते 15 दिसंबर 2023 को पुल पर भारी वाहनों के प्रवेश पर फिर रोक लगा दी गई थी और 10 फिट आठ इंच ऊंचा हाइट गेज लगा दिए थे। जिसके बाद ओवरलोड वाहनों का आवागमन बंद हो गया था।
23 जुलाई 2024 को बीएचयू से आए आइआइटी के प्रोफेसर डा. अंजनी कुमार की टीम ने पुल की जांच की थी। जिसमें आठ बेयरिंग खराब मिली और कई जगह पुल के पीयर पर क्रैक मिले, रोलर में कुछ कमियां मिली थी। जिसके बाद फरवरी माह में लोक निर्माण विभाग ने शासन को मरम्मत का प्रस्ताव भेजा था। शासन की तरफ से 450.67 लाख रुपये की मंजूरी मिली थी। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि सेतु से गुजरने वाले सभी वाहनों के आवागमन को पूर्ण तरीके से बंद किया जाएगा। सभी वाहनों के यातायात को वैकल्पिक मार्ग के रूप में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से निकाले जाएंगे। सेतु के दोनों ओर दीवार बनाते हुए तत्काल बैरिकेडिंग व बैरियर लगाकर सभी वाहनों के यातायात को वैकल्पिक मार्ग से जाएंगे।
अब वाहनों को टोल चुकाना होगा, बढ़ेगी परेशानी
पुल के एक महीने से बंद होने से रोजाना आने वाले शिक्षकों, हजारों विद्यार्थियों और मजदूरों की परेशानी बढ़ेगी। क्योंकि उनको बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से होकर जाना पड़ेगा और 80 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ेगा। तब औरैया से जालौन पहुंच सकेंगे। कार का एक चक्कर का वापसी 200, लोडर का वापसी 240, टैंपों का 150 और बाइक का प्रति किलोमीटर एक रुपये टोल चुकाना पड़ेगा। वहीं जालौन से बड़ी मात्रा में सब्जी जिले में आती है। पुल बंद होने से सब्जी की आवाक कम हो जाएगी। उनको बुदेलखंड एक्सप्रेसवे से होकर आना पड़ेगा। सब्जी के दाम बढ़ जाएंगे। इसके अलावा व्यापारियों को भी दिक्कत होगी।
सोमवार को भक्तों को होगी परेशानी
सावन का महीना चल रहा है। ऐसे में बड़ी संख्या में भक्त जालौन से देवकली मंदिर में दर्शन करने आते है। लेकिन पुल बंद होने से भक्तों को वैकल्पिक मार्ग से दर्शन करने के लिए आना पड़ेगा।
यह रहेगा वैकल्पिक मार्ग
पुल बंद होने के बाद औरैया से जालौन जाने के लिए मेहोली से बुंदेलखंड एक्सप्रेस से होकर छिरिया सलेमपुर जाना होगा। फिर छरिया से जालौन आना होगा। इस तरह करीब 80 किलोमीटर की दूरी पढ़ जाएगी। जबकि एक अन्य मार्ग जालौन जाने के लिए अयाना से जुहीका होते हुए जा सकते है।
बुधवार सुबह पुल को पूरी तरह के बंद कर दिया जाएगा। सीसी ब्लाक पहुंच चुके है। किसी प्रकार के वाहन एक महीने तक नहीं आ सकेंगे। सभी लोग वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें।
अमर सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।