Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

अयोध्या में शुरू हो गईं दीपोत्सव की तैयारियां, मंदिर में रामलला के विराजमान के बाद होगा पहला उत्सव; क्या होगा खास?

अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार रामलला के मंदिर में विराजमान होने के बाद पहली बार दीपोत्सव मनाया जाएगा। 25 लाख से अधिक दीपक जलाकर नया कीर्तिमान स्थापित करने की तैयारी है। त्रेता युग की अयोध्या की परिकल्पना को साकार करती झांकियां देखने को मिलेंगी। इस बार कई नए और अनोखे आयोजन भी कराने की तैयारी है।

By Jagran News Edited By: Nitesh Srivastava Updated: Thu, 22 Aug 2024 09:55 PM (IST)
Hero Image
2023 के दीपोत्सव के दौरान असंख्य दीपकों से जगमगाता सरयू का किनारा। जागरण

जागरण संवाददाता, अयोध्या। प्रभु श्रीराम के दिव्य-भव्य मंदिर में विराजमान होने के बाद रामनगरी में मनाया जाने वाला दीपोत्सव इस बार बेहद अहम होगा। इस वर्ष मनाए जाने वाले आठवें दीपोत्सव की तैयारियां अभी से शुरू हो गई हैं।

डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के स्वयंसेवक इस वर्ष 25 लाख से अधिक दीपक जला कर नया कीर्तिमान स्थापित करने की तैयारी में हैं। इस बार के दीपोत्सव की झलक त्रेता युग की अयोध्या की परिकल्पना को साकार करती दिखेगी।

राम के राज्याभिषेक, पुष्पवर्षा, शोभायात्रा और नगर के प्रमुख मार्गों पर झांकियां, रामलला के भव्य आगमन की अद्भुत झलक प्रदर्शित करेंगी। इस बार कई नए और अनोखे आयोजन भी कराने की तैयारी है, जो अयोध्या में पहली बार दिखेगा।

पर्यटन विभाग के उप निदेशक आरपी यादव के अनुसार, अयोध्या का दीपोत्सव हर वर्ष विश्व के मानचित्र पर अपनी विशिष्ट छाप छोड़ रहा है। इस बार के दीपोत्सव को बेहद खास ढंग से मनाए जाने की तैयारियां हो रही हैं।

पिछले साल के दीपोत्सव में 21 लाख दीये जला कर जहां विश्व रिकार्ड बनाया गया था, वहीं इस वर्ष 25 लाख दीपक जलाकर पुराना रिकार्ड तोड़ने की योजना है। दीपोत्सव में कुछ अलग आयोजन भी होंगे, जो इसे ऐतिहासिक व आकर्षक बनाएगा।