Move to Jagran APP

राम मंदिर में कैसे मनाई जाएगी पहली दिवाली? इन बातों का रखा जा रहा खास ख्याल- सजावट में नहीं दिखेंगी चीनी झालरें

Ayodhya Diwali 2024 अयोध्या में राम मंदिर में पहली दिवाली बेहद खास होने वाली है। इस बार दिवाली पर राम मंदिर के हर कोने को मिट्टी के दीयों से जगमगाया जाएगा। परिसर में चीन निर्मित बिजली की झालरों का प्रयोग नहीं किया जाएगा। ज्योतिषाचार्य और वैदिक विद्वान जल्द ही दिवाली की तिथि घोषित करेंगे। प्राण प्रतिष्ठा के बाद इस बार प्रथम दीपावली मनाई जाएगी।

By Rama Sharan Awasthi Edited By: Riya Pandey Updated: Wed, 09 Oct 2024 05:52 PM (IST)
Hero Image
दीपावली पर मिट्टी के दीयों से रोशन होगा राम मंदिर (प्रतीकात्मक फोटो)

जागरण संवाददाता, अयोध्या। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद मनाई जाने वाली पहली दीपावली रामलला के लिए भी विशेष होगी। दीप पर्व पर राम मंदिर का हर कोना मिट्टी के दीयों से रोशन किया जाएगा।

परिसर में चीन निर्मित बिजली की झालरों का प्रयोग नहीं किया जाएगा। यद्यपि दीपावली किस दिन मनाई जाएगी, इसका निर्णय अभी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने नहीं लिया है। ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय ने बताया, जल्द ही ज्योतिषाचार्य व वैदिक विद्वान तिथि की घोषणा करेंगे।

22 जनवरी को पीएम ने रामलला के विग्रह को किया था प्रतिष्ठित

रामजन्मभूमि पर निर्मित भव्य-दिव्य राम मंदिर में इसी वर्ष 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रामलला के मनमोहक विग्रह को प्रतिष्ठित किया था। प्राण प्रतिष्ठा के बाद इस बार प्रथम दीपावली मनाई जाएगी। इस कारण बालक स्वरूप में विराजमान रामलला के लिए भी यह पर्व बेहद खास होगा। पहली दीपावली होने के कारण श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट भी व्यापक आयोजन करने की तैयारी में है।

ट्रस्ट ने गर्भगृह सहित पूरे राम मंदिर परिसर और रामजन्मभूमि पथ (मुख्य दर्शन मार्ग) को सजाने की तैयारी प्रारंभ कर दी है। मंदिर की सजावट व्यापक व भव्य जरूर होगी, पर इसमें एक भी चीन निर्मित बिजली की झालर का प्रयोग नहीं किया जाएगा। लगभग दो लाख से अधिक मिट्टी के दीयों के माध्यम से पूरे परिसर को जगमगाया जाएगा।

बैठक कर दीपावली के आयोजन की रूपरेखा होगी तय

राम मंदिर के व्यवस्थापक व विहिप पदाधिकारी गोपाल राव ने कहा कि दीपावली पर आयोजन तो वृहद होगा, पर इसका निर्णय ट्रस्टी करेंगे। ट्रस्टी डॉ. अनिल कुमार मिश्र ने कहा कि पर्व में अभी कई दिन शेष हैं, जल्द बैठक कर आयोजन की रूपरेखा तय कर ली जाएगी।

वहीं, ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय का कहना था कि दीपावली का मुख्य आयोजन किस दिन होगा? इसका निर्णय ज्योतिष के जानकार या वैदिक विद्वान करेंगे। नक्षत्र व उदया तिथि के अनुसार तिथि निश्चित की जानी है। तिथि सुनिश्चित हो जाने के उपरांत उसी दिन मंदिर में भी दीपावली का आयोजन होगा।

यह भी पढ़ें- अयोध्‍या में ब‍िजली व‍िभाग की व‍िज‍िलेंस टीम ने मारा छापा, पकड़ी गई पांच लाख से अधिक की चोरी; मचा हड़कंप

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें